शेयर बाजार में 20-25% गिरावट की चेतावनी, विजय केडिया ने किया सतर्क, लो लेवल पर बोल दी बड़ी बात
दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने शेयर बाजार को लेकर निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी है. उनका कहना है कि मौजूदा हालात में बाजार में 20 से 25 प्रतिशत तक की गिरावट आ सकती है. केडिया के अनुसार भू राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें बाजार की अस्थिरता बढ़ा रही हैं. साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर और पीएसयू सेक्टर पर नजर रखने की बात कही है.
Vijay Kedia Market Warning: शेयर मार्केट में जारी उतार- चढ़ाव के बीच दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी है. उनका कहना है कि मौजूदा हालात में मार्केट में 20 से 25 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिल सकती है. केडिया के मुताबिक वैश्विक स्तर पर बढ़ती भू राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर मार्केट की सेंटीमेंट पर पड़ रहा है. ऐसे माहौल में निवेशकों को घबराने के बजाय लंबी अवधि का नजरिया अपनाना चाहिए.
मार्केट में गिरावट के लिए तैयार रहें
NDTV को दिए इंटरव्यू में विजय केडिया का कहना है कि निवेशकों को मौजूदा हालात में मार्केट में संभावित गिरावट के लिए तैयार रहना चाहिए. उनके मुताबिक मार्केट में 20 से 25 फीसदी तक की कमजोरी आ सकती है. हालांकि उन्होंने कहा कि ऐसी गिरावट निवेशकों के लिए घबराने की वजह नहीं बल्कि समझदारी से निवेश करने का मौका भी हो सकती है. उनका मानना है कि मार्केट में उतार चढ़ाव निवेश का सामान्य हिस्सा है.
लो लेवल पकड़ने की कोशिश न करें
केडिया ने निवेशकों को सलाह दी कि वे मार्केट का बिल्कुल लो लेवल पकड़ने की कोशिश न करें. उनके अनुसार मार्केट कब स्थिर होगा यह ठीक- ठीक बताना मुश्किल होता है. इसलिए बेहतर है कि निवेशक मार्केट के स्थिर होने का इंतजार करें और उसके बाद धीरे- धीरे निवेश शुरू करें. इससे जोखिम कम हो सकता है और बेहतर रिटर्न की संभावना बढ़ती है.
लॉन्ग टर्म पर करें फोकस
दिग्गज निवेशक का कहना है कि मौजूदा समय में निवेशकों को कम से कम तीन से चार साल का नजरिया रखना चाहिए. उनका मानना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था का बेस मजबूत है और लंबी अवधि में मार्केट में ग्रोथ की संभावना बनी हुई है. ऐसे में जो निवेशक धैर्य रखते हैं उन्हें भविष्य में बेहतर लाभ मिल सकता है.
इन सेक्टर पर नजर रखने की सलाह
सेक्टर के लिहाज से विजय केडिया ने इंफ्रास्ट्रक्चर और PSU सेक्टर को लेकर पॉजिटिव रुख दिखाया है. उनका कहना है कि सरकार का कैपिटल एक्सपेंडिचर और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर इन सेक्टर को फायदा पहुंचा सकता है. वहीं उन्होंने IT और डिफेंस सेक्टर में फिलहाल सावधानी बरतने की सलाह दी है क्योंकि इन सेक्टर के कई शेयर मौजूदा समय में महंगे नजर आ रहे हैं.
ये भी पढ़ें- सेंसेक्स 800 और निफ्टी 250 अंकों की तेजी के साथ खुले, इंडिगो-एशियन पेंट्स में 3% की तेजी; रिलायंस 1.4% टूटा
समझदारी और रिसर्च के साथ करें निवेश
विजय केडिया ने निवेशकों को सट्टेबाजी से दूर रहने की सलाह दी है. उनका कहना है कि किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले उसके कारोबार को अच्छी तरह समझना जरूरी है. मजबूत फंडामेंटल और डिसिप्लिन इंवेस्टमेंट स्ट्रेटजी ही लंबे समय में सफलता दिला सकती है. उनका मानना है कि मौजूदा बुल मार्केट में भी निवेशकों को बहुत सेलेक्टिव तरीके से निवेश करना चाहिए.
