अब बिना मोबाइल नेटवर्क भी रहेंगे कनेक्टेड! BSNL ने लॉन्च किया सैटेलाइट फोन; जानें कीमत
BSNL ने 1,34,166 रुपये की कीमत वाला नया सैटेलाइट फोन लॉन्च किया है, जो उन क्षेत्रों में भी Voice Call और SMS की सुविधा देता है जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है. यह डिवाइस डिफेंस, मैरिटाइम, डिजास्टर रिस्पॉन्स, माइनिंग और दूरदराज के इलाकों में काम करने वाले उपयोगकर्ताओं के लिए तैयार किया गया है.
BSNL Satellite Phone: सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने सैटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विस को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नया सैटेलाइट फोन लॉन्च किया है. यह फोन खास तौर पर ऐसे इलाकों के लिए तैयार किया गया है, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क काम नहीं करता. डिफेंस, मेरिटाइम, डिजास्टर रिस्पॉन्स, माइनिंग, दूरदराज के ऑपरेशन और एडवेंचर ट्रैवल जैसी परिस्थितियों में इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा. कंपनी का कहना है कि यह डिवाइस उन क्षेत्रों में भी वॉयस कॉल और SMS की सुविधा देगा, जहां पारंपरिक मोबाइल नेटवर्क की पहुंच नहीं है.
कितनी है कीमत
BSNL ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि सैटेलाइट फोन की कीमत 1,34,166 रुपये रखी गई है, जिसमें सभी टैक्स शामिल हैं. इच्छुक ग्राहक अधिक जानकारी और खरीद प्रक्रिया के लिए अपने नजदीकी BSNL कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.
किन लोगों के लिए है यह फोन
यह फोन आम स्मार्टफोन की तरह रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए नहीं बनाया गया है. इसे विशेष परिस्थितियों में काम करने वाले लोगों और संस्थानों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. डिफेंस, मेरिटाइम, डिजास्टर रिस्पॉन्स, माइनिंग, दूरदराज के औद्योगिक प्रोजेक्ट और एडवेंचर ट्रैवल जैसी जगहों पर, जहां मोबाइल टावर उपलब्ध नहीं होते, वहां यह फोन सैटेलाइट नेटवर्क के जरिए संचार सुविधा उपलब्ध कराता है. यही वजह है कि प्राकृतिक आपदाओं, समुद्री अभियानों और सीमावर्ती इलाकों में इसकी उपयोगिता काफी अधिक मानी जा रही है.
2018 से उपलब्ध है सैटेलाइट सेवा
BSNL फरवरी 2026 में जारी एक आधिकारिक बयान में बता चुका है कि वह 1 जनवरी 2018 से GSPS के जरिए आम नागरिकों और निजी संस्थानों को वॉयस कॉल और SMS सर्विस उपलब्ध करा रहा है. DoT के निर्देशों के तहत BSNL को सैटेलाइट कनेक्शन जारी करने से पहले वही ग्राहक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होती है, जो सामान्य मोबाइल कनेक्शन के लिए लागू होती है.
इसके अलावा, ग्राहकों से यह जानकारी भी ली जाती है कि सैटेलाइट हैंडसेट का उपयोग कहां, कितने समय तक और किस उद्देश्य के लिए किया जाएगा. कंपनी का कहना है कि GSPS सर्विस पूरी तरह सुरक्षित है और इसमें डेटा एन्क्रिप्टेड रूप में ट्रांसफर होता है.
पोस्टपेड और प्रीपेड प्लान भी उपलब्ध
BSNL पहले से ही सैटेलाइट फोन उपयोगकर्ताओं के लिए कई पोस्टपेड और प्रीपेड प्लान उपलब्ध करा रही है. सरकारी और व्यावसायिक संस्थानों के लिए पोस्टपेड प्लान 3,500 रुपये, 5,835 रुपये और 11,670 रुपये प्रति माह से शुरू होते हैं. इनमें क्रमशः 16, 30 और 60 मिनट की मुफ्त टॉक टाइम या SMS सुविधा मिलती है.
वहीं प्रीपेड प्लान में सरकारी संस्थानों के लिए 3,500 रुपये प्रति माह या 38,500 रुपये सालाना का विकल्प उपलब्ध है, जबकि व्यावसायिक संस्थानों के लिए 5,835 रुपये मासिक और 64,185 रुपये वार्षिक प्लान मौजूद हैं. मुफ्त मिनट खत्म होने के बाद सरकारी संस्थानों से 18 रुपये प्रति मिनट या SMS तथा व्यावसायिक संस्थानों से 25 रुपये प्रति मिनट या SMS शुल्क लिया जाता है. इसके अलावा 200 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक के टॉप-अप रिचार्ज विकल्प भी उपलब्ध हैं.
क्यों खास है यह लॉन्च
देश में डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ाने के प्रयासों के बीच BSNL का यह कदम उन क्षेत्रों के लिए अहम माना जा रहा है, जहां आज भी पारंपरिक मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है. सीमावर्ती इलाकों, समुद्री क्षेत्रों और आपदा प्रभावित स्थानों में बिना किसी बाधा के संचार बनाए रखने के लिए सैटेलाइट फोन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. साथ ही, यह भारत में सैटेलाइट आधारित संचार सेवाओं के विस्तार की दिशा में भी एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: TCS में फिर हुई बंपर हायरिंग, पहली तिमाही में जुड़े 9279 नए कर्मचारी; AI पर भी बढ़ाया फोकस
Latest Stories
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का इंतजार खत्म, इस तारीख को मिलेगी हरी झंडी! जानें रूट; स्पीड और खासियत
Mahindra की SUV और कमर्शियल गाड़ियां 10 जुलाई से होंगी महंगी, कंपनी ने बढ़ाए दाम
7000mAh बैटरी और 50MP Sony कैमरे के साथ लॉन्च हुआ Moto g77 POWER, जानें कीमत और फीचर्स
