TCS में फिर हुई बंपर हायरिंग, पहली तिमाही में जुड़े 9279 नए कर्मचारी; AI पर भी बढ़ाया फोकस
TCS ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में 9,279 नए कर्मचारियों की भर्ती कर एक साल की सबसे बड़ी हायरिंग दर्ज की है. कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या 5.93 लाख के पार पहुंच गई है. कंपनी ने 12 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान किया है.
TCS Hiring: देश की सबसे बड़ी आईटी सर्विसेज कंपनी TCS ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में भर्ती के मोर्चे पर शानदार वापसी की है. कंपनी ने अप्रैल-जून तिमाही के दौरान 9,279 नए कर्मचारियों को जोड़ा है. इसके साथ ही 30 जून 2026 तक कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 5,93,798 हो गई है. यह पिछले एक वर्ष से अधिक समय में TCS की सबसे बड़ी तिमाही भर्ती है. इससे संकेत मिलता है कि कंपनी एक बार फिर अपने वर्कफोर्स का विस्तार कर रही है.
मार्च तिमाही में 2,356 कर्मचारियों की हुई थी भर्ती
पिछली मार्च तिमाही में कंपनी ने 2,356 नए कर्मचारियों को जोड़ा था. अब जून तिमाही में भर्ती की रफ्तार और तेज होने से यह साफ हो गया है कि TCS वित्त वर्ष 2026 के दौरान किए गए वर्कफोर्स ऑप्टिमाइजेशन के बाद दोबारा विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है.
एक साल बाद सबसे बड़ी भर्ती
वित्त वर्ष 2026 के दौरान TCS ने लागत को बेहतर बनाने और कारोबार की जरूरतों के अनुसार कर्मचारियों की संख्या में कटौती की थी. हालांकि, अब कंपनी ने लगातार दूसरी तिमाही में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई है. जून तिमाही में 9,279 कर्मचारियों की शुद्ध बढ़ोतरी पिछले कई तिमाहियों की तुलना में सबसे मजबूत रही. दिलचस्प बात यह है कि यह भर्ती ऐसे समय में हुई है, जब वैश्विक स्तर पर आईटी सेक्टर में मांग अभी भी बहुत मजबूत नहीं मानी जा रही है.
मजबूत ऑर्डर बुक
TCS ने जून तिमाही का समापन 9.5 अरब डॉलर की ऑर्डर बुक के साथ किया. मजबूत ऑर्डर बुक से संकेत मिलता है कि आने वाले समय में कंपनी के पास पर्याप्त प्रोजेक्ट उपलब्ध हैं, जिसके चलते भविष्य में भी भर्ती का सिलसिला जारी रह सकता है.
कर्मचारियों के लिए बढ़ी सैलरी, AI पर भी फोकस
कंपनी ने बताया कि पहली तिमाही के दौरान दुनियाभर के सभी कर्मचारियों के वार्षिक वेतनवृद्धि की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. साथ ही भारत के नए Labour Code के अनुरूप वेतन स्ट्रक्चर में भी जरूरी बदलाव किए गए हैं. TCS के चीफ एचआर ऑफिसर सुदीप कुन्नुमल ने कहा कि कंपनी लगातार AI Infrastructure और अगली पीढ़ी के स्किल डेवलपमेंट प्लेटफॉर्म में निवेश कर रही है, ताकि कर्मचारियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके.
कंपनी के मुताबिक, जून तिमाही में कर्मचारियों ने कुल 1.46 करोड़ लर्निंग आवर्स पूरे किए. इस दौरान 13 लाख नई स्किल्स हासिल की गईं, जबकि 3.12 लाख से अधिक कर्मचारी अब AI और मशीन लर्निंग में हाई प्रोफिशिएंसी हासिल कर चुके हैं.
कर्मचारियों के छोड़ने की दर में भी सुधार
TCS के लिए एक और सकारात्मक संकेत कर्मचारियों के इस्तीफे की दर में कमी है. कंपनी की स्वैच्छिक एट्रिशन (Voluntary Attrition) दर पिछले 12 महीनों के आधार पर घटकर 13.6 फीसदी रह गई, जो पिछली तिमाही में 13.7 फीसदी थी. हालांकि, यह गिरावट मामूली है, लेकिन इससे संकेत मिलता है कि कर्मचारियों को बनाए रखने में कंपनी को सफलता मिल रही है.
तिमाही नतीजे कैसे रहे
वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में TCS का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 13,349 करोड़ रुपये रहा. यह बाजार के अनुमान से थोड़ा कम रहा. वहीं कंपनी का रेवेन्यू 72,275 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो विश्लेषकों के अनुमान से बेहतर रहा. इसके साथ ही कंपनी के बोर्ड ने निवेशकों के लिए 12 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है.
Latest Stories
TCS Q1 Results 2026: नेट प्रॉफिट में 5% और रेवेन्यू में 14% की बढ़ोतरी; कंपनी ने किया ₹12 के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान
भारत-न्यूजीलैंड FTA से कीवी देश के 57% एक्सपोर्ट पहले दिन से ही हो जाएंगे टैरिफ-फ्री, दोनों देशों के लिए खुलेंगे नए अवसर
SBI का 15 पैसे का दांव कराएगा 7366.39 करोड़ रुपये की कमाई, जानें- कैसे एक छोटा निवेश बंपर मुनाफे में बदलेगा
