डेटिंग ऐप्स पर मिला प्यार, बुलाया Bar और लुटे लाखों; Tinder-Bumble से ऐसे शिकार बना रहे हैं गैंग
डेटिंग ऐप्स पर प्यार की तलाश में निकले लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं. प्यार के जाल में फंसाकर, बार में बुलाकर लाखों की ठगी हो रही है. खबर में पढ़ें की कैसे पूरे देश में ठगों का यह गिरोह अपने काम को अंजाम दे रहा है और आप कैसे इससे बच सकते हैं.
दिल्ली में एक रोमांटिक डेट की तलाश करने वाले कई लोग एक बड़े जाल में फंस गए. ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स के जरिए लोगों को बार में बुलाकर ठगने वाला एक गिरोह दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा. ठगों का यह गैंग नकली महिला प्रोफाइल बनाकर पुरुषों को एक खास बार में ले जाता और फिर वहां महंगे खाने-पीने का बिल बनाकर उन्हें जबरन भुगतान करने पर मजबूर करता था. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. डेटिंग ऐप्स ठगों का यह गिरोह सिर्फ दिल्ली ही नहीं देश के कई बड़े शहरों में सक्रिय है और करोड़ों के ठगी को अंजाम दे रहा है.
कैसे होती थी डेटिंग ऐप ठगी?
दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने 8 मार्च को एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया जो Tinder, Bumble, Hinge, Happn, Aisle और Woo जैसे मशहूर डेटिंग ऐप्स का इस्तेमाल कर शिकार फंसाता था. डेटिंग ऐप्स पर बेहद शातिर तरीके से चलता है ठगी का पूरा प्लान.
ठग सुंदर महिलाओं की तस्वीरों का इस्तेमाल कर आकर्षक प्रोफाइल बनाते हैं.जब कोई शख्स इस फेक प्रोफाइल पर फंस जाता है तो उसे एक तय रेस्तरां या बार में बुलाया जाता. इन रेस्तरां वालों से ठगों का पहले से करार होता है. डेट के दौरान शिकार को महंगे खाने-पीने की चीजें ऑर्डर करने के लिए उकसाया जाता. बार के मैनेजमेंट से मिलीभगत कर बिल को कई गुना बढ़ा दिया जाता और पीड़ित को भुगतान के लिए मजबूर किया जाता.
हालिया केस में पुलिस ने बताया कि इस रैकेट में शामिल लोगों को बार से रोजाना 3000 दिए जाते थे, जबकि डेट के रूप में मौजूद महिलाएं भी अन्य बार से बुलाई जाती थीं ताकि ठगी असली लगे.
डेटिंग ऐप्स पर होने वाली ठगी के अन्य तरीके
डेटिंग ऐप्स पर ठगी केवल बार में महंगा बिल थमाने तक ही सीमित नहीं है. ऐसे कई और तरीके हैं जिनसे लोग ठगी का शिकार हो सकते हैं:
- फर्जी नजदीकी: स्कैमर्स चैटिंग को डेटिंग ऐप से हटाकर व्हाट्सएप या अन्य प्लेटफॉर्म पर ले जाते हैं. वे धीरे-धीरे विश्वास जीतते हैं और फिर अचानक गायब हो जाते हैं. जब पीड़ित उन्हें ढूंढता है, तो वे किसी इमरजेंसी या वित्तीय संकट का बहाना बनाकर पैसे मांगते हैं.
- सुनसान जगह पर बुलाकर लूट: स्कैमर्स पहले भरोसा जीतते हैं और फिर किसी सुनसान जगह पर मिलने के लिए बुलाते हैं. जैसे ही पीड़ित वहां पहुंचता है, ठगों के अन्य साथी वहां पहुंचकर धमकी देकर पैसे और कीमती सामान लूट लेते हैं.
- क्रिप्टोकरंसी या निवेश घोटाला: स्कैमर्स खुद को एक बड़ा बिजनेसमैन या अमीर इन्वेस्टर बताते हैं. वे पीड़ित को क्रिप्टोकरंसी या अन्य निवेश में पैसा लगाने के लिए उकसाते हैं. एक बार पैसा ट्रांसफर होते ही वे गायब हो जाते हैं.सितंबर 2023 में, अहमदाबाद के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर से ऐसे ही 1 करोड़ रुपये की ठगी हुई थी.
यह भी पढ़ें: प्रकाश राज, विजय देवरकोंडा समेत 25 लोगों पर FIR, बेटिंग ऐप प्रमोट करने का आरोप; लगी ये धाराएं
कैसे बचें डेटिंग ऐप ठगी से?
- फर्जी प्रोफाइल को पहचानें: अगर कोई प्रोफाइल बहुत परफेक्ट लगती है, तो सतर्क रहें. प्रोफाइल पिक्चर को Google Reverse Image Search में डालकर जांचें कि यह कहीं और से चुराई गई है या नहीं.
- किसी अनजान व्यक्ति से जल्दी न जुड़ें: जल्दी भावनात्मक रूप से जुड़ने से बचें.
अगर कोई तेजी से रिलेशनशिप बनाने की कोशिश कर रहा है या जल्द मिलने पर जोर दे रहा है, तो सतर्क रहें. - डेट के लिए सुरक्षित जगह चुनें: पहली मुलाकात किसी भीड़-भाड़ वाली जगह पर ही करें. किसी बार, होटल या अन्य जगहों पर जाने से पहले उसकी Google रिव्यू जांच लें.
- बिल का भुगतान खुद करें: किसी भी बार या रेस्तरां में भारी ऑर्डर देने के लिए दबाव न डालने दें.अगर कोई व्यक्ति बिल की जिम्मेदारी आप पर डालने की कोशिश करता है, तो यह चेतावनी संकेत हो सकता है.
- निजी जानकारी साझा करने से बचें: जल्दी से अपना मोबाइल नंबर, पता या बैंक डिटेल्स शेयर न करें. कोई भी व्यक्ति अगर अचानक पैसे मांगने लगे या इमोशनल ब्लैकमेल करने लगे तो तुरंत चैट को ब्लॉक करें.
Latest Stories
OnePlus Diwali Offers: OnePlus 15R से Nord CE6 Lite तक, दिवाली पर मिल रहे बड़े ऑफर
दुनिया हुई iPhone Duo की दीवानी, Apple को मजबूरन उठाना पड़ा ये कदम, ऐसे होगा आप पर असर
Jantar Mantar Chalo: बिना सड़क पर उतरे बने ‘आंदोलनकारी या पुलिस’, घर बैठे ऐसे खेल सकते हैं गेम
