कहीं आपको भी तो नहीं आ रहा ऐसा फोन? जरा सी गलती से रिटायर्ड जज को लगा 1 करोड़ का चूना, जानें कैसे बचे
हैदराबाद में डिजिटल अरेस्ट स्कैम का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां 69 साल के एक रिटायर्ड जिला जज को साइबर ठगों ने निशाना बनाकर 1 करोड़ रुपये से ज्यादा ठग लिए. ठगों ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर पीड़ित को महिला तस्करी जैसे गंभीर अपराध में फंसने का डर दिखाया.
Digital Arrest Scam: देश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और अब ठग नए- नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं. ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक रिटायर्ड जिला जज को ठग लिया गया. ठगों ने खुद को ED का अधिकारी बताकर उन्हें डराया और बड़ी रकम ट्रांसफर करा ली. ठगी का शिकार 69 साल के रिटायर्ड जज हुए हैं. ठगों के झांसे में आकर उन्होंने एक करोड़ रुपये से ज्यादा रकम ट्रांसफर कर दी. बाद में ठगी का अहसास होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर ठगी
साइबर ठगों ने रिटायर्ड जज को फोन कर खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताया. उन्होंने कहा कि उनका मोबाइल नंबर महिला तस्करी और अन्य अपराधों से जुड़ा हुआ पाया गया है. ठगों ने उन्हें गंभीर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी. इसी डर का फायदा उठाकर ठग लगातार उन पर दबाव बनाते रहे. इस दौरान पीड़ित को यह विश्वास दिलाया गया कि जांच पूरी होने तक उन्हें निर्देशों का पालन करना होगा.
1 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी
ठगों के दबाव में आकर रिटायर्ड जज ने कई बार में पैसे ट्रांसफर कर दिए. पुलिस के अनुसार पीड़ित ने ठगों के खाते में एक करोड़ रुपये से ज्यादा रकम भेज दी. कुछ समय बाद उन्हें शक हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है. इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
कैसे फंसते हैं लोग इस जाल में
साइबर ठग अक्सर फोन या वीडियो कॉल के जरिये संपर्क करते हैं. वे पीड़ित को तुरंत कार्रवाई का डर दिखाते हैं और कहते हैं कि मामला बेहद गंभीर है. कई बार वे फर्जी डॉक्यूमेंट या नकली पहचान भी दिखाते हैं ताकि उनकी बात सच लगे. घबराहट में लोग बिना जांच किए ही पैसे भेज देते हैं और बाद में उन्हें ठगी का पता चलता है.
ये भी पढ़ें- 8वें वेतन आयोग के नाम पर फैल रहा फर्जी सैलरी कैलकुलेटर, जानें कैसे होती है ठगी, ऐसे रहें सेफ
ऐसे स्कैम से कैसे बचें
साइबर एक्सपर्ट का कहना है कि किसी भी अनजान कॉल पर घबराने की जरूरत नहीं है. पुलिस या जांच एजेंसी कभी भी फोन पर पैसे ट्रांसफर करने को नहीं कहती. अगर कोई व्यक्ति खुद को अधिकारी बताकर पैसे मांगता है तो तुरंत सतर्क हो जाएं. ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस या साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत करनी चाहिए.
