Galaxy Fold यूजर्स के लिए खुशखबरी, Samsung ला रहा है क्रीज कम करने वाली नई डिस्प्ले टेक्नोलॉजी
सैमसंग ने अपनी नई Flex Titanium डिस्प्ले टेक्नोलॉजी पेश की है, जिसे आगामी Galaxy Z Fold 8 सीरीज में इस्तेमाल किया जाएगा. कंपनी का दावा है कि यह तकनीक फोल्डेबल स्क्रीन पर दिखने वाली क्रीज को काफी कम करेगी और डिस्प्ले को पहले से ज्यादा मजबूत बनाएगी.
सैमसंग जल्द ही अपने नए Galaxy Unpacked इवेंट में Galaxy Z Fold 8 सीरीज और Galaxy Z Flip 8 को लॉन्च कर सकता है. लॉन्च से पहले कंपनी ने अपनी नई Flex Titanium डिस्प्ले टेक्नोलॉजी पेश की है. कंपनी का दावा है कि इससे फोल्डेबल फोन की स्क्रीन पर दिखने वाली क्रीज काफी कम होगी. साथ ही डिस्प्ले पहले से ज्यादा मजबूत और पतली होगी. नई टेक्नोलॉजी यूजर्स को बेहतर व्यूइंग एक्सपीरियंस देने पर फोकस करती है.
Galaxy Z Fold 8 सीरीज में मिलेगी नई टेक्नोलॉजी
सैमसंग ने बताया कि Flex Titanium डिस्प्ले टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल आने वाले Galaxy Z Fold 8, Galaxy Z Fold 8 Ultra और Galaxy Z Flip 8 में किया जाएगा. इसका मकसद फोल्डेबल स्क्रीन के बीच में दिखने वाली लाइन को कम करना है. कंपनी का कहना है कि इससे स्क्रीन ज्यादा आकर्षक नजर आएगी और लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन करेगी.
टाइटेनियम से बनेगी मजबूत डिस्प्ले
नई डिस्प्ले टेक्नोलॉजी में OLED पैनल के नीचे पतली टाइटेनियम प्लेट और टाइटेनियम एलाय फिल्म का इस्तेमाल किया गया है. इसके साथ अल्ट्रा थिन ग्लास और प्रोटेक्टिव कोटिंग भी दी गई है. कंपनी का कहना है कि यह डिजाइन डिस्प्ले को अंदर से मजबूत बनाता है और बार बार फोल्ड करने पर भी उसकी मजबूती बनी रहती है.
पहले से ज्यादा टिकाऊ होगी स्क्रीन
सैमसंग के मुताबिक टाइटेनियम एलाय फिल्म सामान्य पॉलिमर फिल्म की तुलना में करीब 20 गुना ज्यादा मजबूत है. कंपनी ने इसे बेहद पतला बनाने के लिए खास रोलिंग प्रोसेस का इस्तेमाल किया है. इसकी मोटाई इंसान के बाल की मोटाई के लगभग एक तिहाई के बराबर बताई गई है.
बेहतर व्यूइंग एक्सपीरियंस का दावा
कंपनी ने डिस्प्ले में नई होल प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी का भी इस्तेमाल किया है. इससे डिस्प्ले और चिपकाने वाली लेयर के बीच हवा की जगह नहीं बचती. इसका फायदा यह होगा कि स्क्रीन ज्यादा मजबूत बनेगी और डिस्प्ले की क्वालिटी भी बेहतर रहेगी. साथ ही पावर एफिशिएंसी में भी सुधार होने का दावा किया गया है.
यह भी पढ़ें- Motorola Edge 70 Max लॉन्च, 7000 निट्स ब्राइटनेस समेत मिलेंगे ये दमदार फीचर्स; ऑफर में ₹5000 का छूट, जानें कीमत
लॉन्च से पहले बढ़ी उत्सुकता
सैमसंग इस महीने Galaxy Unpacked इवेंट में अपने नए फोल्डेबल स्मार्टफोन पेश कर सकता है. Flex Titanium डिस्प्ले टेक्नोलॉजी के साथ कंपनी फोल्डेबल फोन की सबसे बड़ी चुनौती मानी जाने वाली क्रीज को कम करने की कोशिश कर रही है. इससे नए Galaxy Fold सीरीज के फोन प्रीमियम सेगमेंट में और मजबूत दावेदार बन सकते हैं.
Latest Stories
Motorola Edge 70 Max लॉन्च, 7000 निट्स ब्राइटनेस समेत मिलेंगे ये दमदार फीचर्स; ऑफर में ₹5000 का छूट, जानें कीमत
यूजर्स के विरोध के बाद Meta ने हटाया AI फीचर, Instagram फोटो के इस्तेमाल पर मचा था विवाद
Tecno Camon 50 Ultra 5G भारत में 17 जुलाई को होगा लॉन्च, मिलेगा 6500 एमएएच बैटरी और 50 एमपी कैमरा
