Aadhaar अपडेट कराने वालों को बड़ी राहत, एक साल और फ्री रहेगी ऑनलाइन सर्विस; UIDAI ने बढ़ाई डेडलाइन

UIDAI ने आधार कार्ड धारकों को राहत देते हुए myAadhaar पोर्टल पर मुफ्त दस्तावेज अपडेट सेवा को 14 जून 2027 तक बढ़ा दिया है. अब लोग बिना किसी शुल्क के ऑनलाइन पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज अपडेट कर सकेंगे. UIDAI ने यह फैसला लोगों के अच्छे रिस्पांस के बाद लिया है.

UIDAI ने यह फैसला लोगों के अच्छे रिस्पांस के बाद लिया है. Image Credit: official websites

Aadhaar Update: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण(UIDAI) ने आधार कार्ड धारकों को बड़ी राहत दी है. UIDAI ने myAadhaar पोर्टल पर फ्री आधार डॉक्यूमेंट अपडेट सर्विस को एक साल के लिए और बढ़ा दिया है. अब लोग 14 जून 2027 तक बिना किसी चार्ज के अपने आधार से जुड़े डॉक्यूमेंट ऑनलाइन अपडेट कर सकेंगे. पहले यह सुविधा 14 जून 2026 तक उपलब्ध थी. UIDAI का कहना है कि लोगों से मिले अच्छे रिस्पांस के बाद इस सुविधा को आगे जारी रखने का फैसला लिया गया है. इसके साथ ही पुराने mAadhaar app को जल्द बंद करने और नए Aadhaar app को डाउनलोड करने की सलाह भी दी गई है.

14 जून 2027 तक फ्री रहेगा आधार अपडेट

UIDAI के मुताबिक अब आधार कार्ड धारक myAadhaar पोर्टल के जरिए फ्री में अपने डॉक्यूमेंट अपडेट कर सकेंगे. यह सुविधा पहले सीमित समय के लिए दी गई थी लेकिन अब इसे एक साल और बढ़ा दिया गया है. इसका फायदा उन लोगों को मिलेगा जिनके आधार में पुराने डॉक्यूमेंट दर्ज हैं. UIDAI लगातार लोगों से अपने पहचान और पते से जुडे़ डॉक्यूमेंट अपडेट करने की अपील कर रहा है ताकि आधार डेटाबेस सही और अपडेट रहे.

सिर्फ myAadhaar पोर्टल पर मिलेगी सुविधा

फ्री डॉक्यूमेंट अपडेट की सुविधा केवल myAadhaar पोर्टल पर ही उपलब्ध होगी. अगर कोई व्यक्ति आधार सर्विस केंद्र जाकर डॉक्यूमेंट अपडेट कराता है तो उसे 75 रुपये चार्ज देना होगा. ऑनलाइन सुविधा का उपयोग करने के लिए आधार नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर जरूरी होगा. OTP के जरिए लॉगिन करके यूजर अपने डॉक्यूमेंट आसानी से अपलोड कर सकते हैं.

ऐसे करें आधार डॉक्यूमेंट अपडेट

सबसे पहले myAadhaar पोर्टल पर जाकर आधार नंबर और OTP से लॉगिन करना होगा. इसके बाद प्रोफाइल में दिख रही जानकारी को जांचना होगा. अगर जानकारी सही है तो पहचान और पते से जुडे डॉक्यूमेंट चुनकर अपलोड करने होंगे. डॉक्यूमेंट PDF, PNG या JPEG फॉर्मेट में होने चाहिए और उनका साइज 2 MB से कम होना चाहिए. डॉक्यूमेंट अपलोड करने के बाद सहमति देकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.

नए Aadhaar app में मिलेंगे नए फीचर्स

UIDAI ने जानकारी दी है कि पुराना mAadhaar app जल्द बंद किया जाएगा. इसके बदले नया Aadhaar app पेश किया गया है जिसमें कई नए फीचर्स दिए गए हैं. नए एप्प में QR बेस्ट आधार, बेहतर प्राइवेसी और आसान एक्सेस जैसी सुविधाएं मिलेंगी. इससे आधार से जुड़ी डिजिटल सर्विस का इस्तेमाल पहले से ज्यादा सुरक्षित और आसान हो जाएगा.

यह भी पढ़ें- Paytm ने टीनएजर्स के लिए लॉन्च किया Pocket Money, बिना बैंक अकाउंट के ही कर पाएंगे UPI पेमेंट, जानें- प्रोसेस

जानिए आधार अपडेट के चार्ज

UIDAI ने आधार अपडेट के अलग-अलग चार्ज भी तय किए हैं. बायोमेट्रिक अपडेट जैसे फिंगरप्रिंट, फोटो और iris अपडेट के लिए कुछ आयु वर्ग में सुविधा फ्री है जबकि अन्य मामलों में 125 रुपये चार्ज देना होगा. नाम, पता, जन्म तिथि और मोबाइल नंबर जैसे डेमोग्राफी अपडेट के लिए अलग से अपडेट कराने पर 75 रुपये चार्ज लगेगा. हालांकि डॉक्यूमेंट अपडेट फिलहाल myAadhaar पोर्टल पर 14 जून 2027 तक पूरी तरह फ्री रहेगा.