IRCTC ने लॉन्च किया इंटरनेशनल टूर, भारत से लग्जरी ट्रेन में इस देश जाने का मिलेगा मौका

IRCTC ने यात्रियों के लिए भारत-भूटान मिस्टिक माउंटेन टूर लॉन्च किया है. यह 13 रात और 14 दिन का लग्जरी इंटरनेशनल ट्रेन टूर है, जो दिल्ली से शुरू होगा. भारत गौरव डीलक्स AC टूरिस्ट ट्रेन से यात्री गुवाहाटी, शिलॉन्ग, चेरापूंजी और भूटान के थिम्फू, पारो व पुनाखा जैसी खूबसूरत जगहों की सैर कर सकेंगे. पैकेज की शुरुआती कीमत 1,16,545 रुपये प्रति व्यक्ति है.

आईआरसीटीसी टूर पैकेज Image Credit: AI/CANVA

IRCTC Tour Package: अगर आप भी घूमने-फिरने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद खास हो सकती है. IRCTC ने यात्रियों के लिए एक खास अंतरराष्ट्रीय टूर पैकेज लॉन्च किया है. भारत-भूटान मिस्टिक माउंटेन टूर नाम से शुरू किए गए इस पैकेज के तहत यात्री दिल्ली से लग्जरी ट्रेन के जरिए भारत और भूटान की खूबसूरत वादियों का आनंद ले सकेंगे. यह यात्रा कुल 13 रात और 14 दिन की होगी. इस टूर के लिए भारत गौरव डीलक्स AC टूरिस्ट ट्रेन का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें यात्रियों को प्रीमियम सुविधाएं मिलेंगी. इस पैकेज की शुरुआती कीमत 1,16,545 रुपये प्रति व्यक्ति रखी गई है.

कब शुरू होगी यात्रा

IRCTC के अनुसार, यह विशेष यात्रा 5 मई 2026 से शुरू होगी. ट्रेन दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी. इसके अलावा यात्री गाजियाबाद, अलीगढ़, टुंडला जंक्शन, कानपुर, लखनऊ और वाराणसी से भी ट्रेन में सवार हो सकेंगे.

किन जगहों की कराएगी सैर

इस शानदार टूर में यात्रियों को भारत और भूटान की कई प्रसिद्ध जगहों पर घूमने का मौका मिलेगा. यात्रा का पहला पड़ाव गुवाहाटी होगा, जहां श्रद्धालु कामाख्या मंदिर के दर्शन कर सकेंगे. इसके बाद टूर शिलॉन्ग और चेरापूंजी पहुंचेगा. चेरापूंजी में पर्यटक सेवन सिस्टर्स वॉटरफॉल्स, मावस्माई केव्स, नोहकलिकाई फॉल्स और एलीफेंट फॉल्स जैसी प्रसिद्ध जगहें देख सकेंगे.

इसके बाद ट्रेन पश्चिम बंगाल के हासीमारा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी, जो भूटान के लिए सबसे नजदीकी रेलवे लिंक है. वहां से यात्रियों को सड़क मार्ग से फुंटशोलिंग ले जाया जाएगा. इसके बाद समूह भूटान की राजधानी थिम्फू, पुनाखा और पारो जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की यात्रा करेगा.

ट्रेन में मिलेंगी लग्जरी सुविधाएं

भारत गौरव डीलक्स AC टूरिस्ट ट्रेन को खासतौर पर आरामदायक यात्रा के लिए तैयार किया गया है. इसमें यात्रियों को मिलेंगी:

  • डीलक्स केबिन और कूपे
  • फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट
  • शॉवर क्यूबिकल
  • सेंसर आधारित आधुनिक सुविधाएं
  • बेहतर सुरक्षा व्यवस्था

ट्रेन की कुल क्षमता 150 यात्रियों की है.

किराया कितना है

IRCTC ने अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार किराया तय किया है:

  • AC III Tier – ₹1,16,545 प्रति व्यक्ति
  • AC II Tier – ₹1,33,210 प्रति व्यक्ति
  • AC I Cabin/Coupe – करीब ₹1.50 लाख प्रति व्यक्ति

पैकेज में क्या-क्या शामिल

इस टूर पैकेज में यात्रियों को कई सुविधाएं दी जाएंगी:

  • 3 स्टार होटल में ठहरने की व्यवस्था
  • शुद्ध शाकाहारी भोजन
  • बस से स्थानीय भ्रमण
  • ट्रांसफर सुविधा
  • ट्रैवल इंश्योरेंस
  • भूटान परमिट सहायता
  • प्रोफेशनल टूर मैनेजमेंट

क्यों खास है यह टूर

यह पैकेज उन लोगों के लिए बेहतरीन मौका है, जो ट्रेन यात्रा के साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटन का अनुभव लेना चाहते हैं. भारत और भूटान की संस्कृति, पहाड़, मंदिर और प्राकृतिक सुंदरता को एक ही सफर में देखने का मौका इस टूर को बेहद खास बनाता है.

यह भी पढ़ें: तपती गर्मी इन 3 AC स्टॉक्स का बढ़ा सकती है पारा, मजबूत है सेल्स और ऑपरेटिंग प्रॉफिट; निवेशक रखें नजर