अमेरिका ने ईरान के खार्ग द्वीप पर बरसाए बम, ट्रंप बोले सैन्य ठिकाने तबाह; यही है तेल का सबसे बड़ा केंद्र
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के Kharg Island पर स्थित कई सैन्य ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है. Kharg Island को ईरान के तेल निर्यात का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है.
Kharg Island: पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और भी बढ़ गया है. अमेरिका ने ईरान के एक बेहद अहम तेल केंद्र पर बड़ा सैन्य हमला किया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के Kharg Island पर स्थित कई सैन्य ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है. Kharg Island को ईरान के तेल निर्यात का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है.
ट्रंप ने कहा कि यह हमला पश्चिम एशिया के इतिहास के सबसे शक्तिशाली हवाई हमलों में से एक था. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक वहां के तेल ढांचे को निशाना नहीं बनाया गया है. इस बीच ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं. इससे पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है और वैश्विक तेल बाजार भी प्रभावित हुआ है.
Kharg Island पर अमेरिका का बड़ा हमला
AFP की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के Kharg Island पर मौजूद सैन्य ठिकानों पर भारी बमबारी की है. ट्रंप के मुताबिक इस हमले में कई सैन्य लक्ष्य पूरी तरह नष्ट हो गए. Kharg Island ईरान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां से देश के ज्यादातर कच्चे तेल का निर्यात होता है.
ट्रंप ने कहा कि फिलहाल अमेरिका ने वहां के तेल ढांचे को निशाना नहीं बनाया है. लेकिन अगर ईरान या कोई और देश Strait of Hormuz से गुजरने वाले जहाजों को रोकने की कोशिश करता है तो अमेरिका अपना फैसला बदल सकता है.
ईरान की जवाबी कार्रवाई
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कदम उठाए हैं. AFP की एक रिपोर्ट के अनुसार ईरान ने इजराइल और कुछ खाड़ी देशों की ओर ड्रोन और मिसाइल हमले किए. तेहरान में सरकार समर्थक रैली भी हुई जहां लोग अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारे लगाते दिखाई दिए. इस बीच लेबनान में इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच भी संघर्ष जारी है. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक एक स्वास्थ्य केंद्र पर हुए हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई.
क्षेत्र में बढ़ी सैन्य गतिविधि
अमेरिका ने इस इलाके में अपनी सैन्य मौजूदगी भी बढ़ा दी है. रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी नौसेना जल्द ही होरमुज स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल टैंकरों को सुरक्षा देगी. इसके अलावा अमेरिका ने जापान में तैनात अपने युद्धपोत USS Tripoli और करीब 2500 मरीन सैनिकों को भी इस क्षेत्र में भेजा है.
ईरान में बढ़ रहा मानवीय संकट
युद्ध की वजह से ईरान के कई शहरों में हालात खराब हो गए हैं. संयुक्त राष्ट्र के अनुसार अब तक करीब 32 लाख लोग अपने घर छोड़ने पर मजबूर हो चुके हैं. ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक 1,200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं अमेरिकी सेना के भी 13 जवान इस युद्ध में मारे गए हैं.
ये भी पढ़ें: LPG पर छाया संकट, लेकिन PNG चालू; क्या दोनों में होती है एक ही गैस? जानें कौन है सस्ती
