होर्मुज पर बढ़ा तनाव! अमेरिका करेगा ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी, तेहरान आने-जाने वाले जहाजों को दी चेतावनी

पश्चिम एशिया में तनाव फिर बढ़ गया है. अमेरिका ने 13 अप्रैल से ईरान के सभी खाड़ी बंदरगाहों की नाकेबंदी का ऐलान किया है. हालांकि होर्मुज से गैर-ईरानी जहाजों को गुजरने की छूट दी गई है, लेकिन हालात ने वैश्विक शिपिंग और तेल सप्लाई को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है.

ईरान बंदरगाह नाकेबंदी Image Credit: AI Generated

पश्चिम एशिया में माहौल एक बार फिर तनाव भरे मोड़ पर पहुंच गया है. अमेरिका ने ऐलान किया है कि वह सोमवार, 13 अप्रैल को सुबह 10 बजे ET (भारत के वक्त से दोपहर 2 बजे) से ईरान के खाड़ी क्षेत्र के सभी बंदरगाहों की समुद्री नाकेबंदी शुरू करेगा. यह कदम उस समय उठाया गया है जब अमेरिका और ईरान के बीच हालिया बातचीत बेनतीजा रही और हालात तेजी से बिगड़ते दिखाई दे रहे हैं. इस फैसले का असर सीधे तौर पर वैश्विक तेल आपूर्ति, समुद्री व्यापार और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर पड़ सकता है.

क्या है अमेरिकी योजना और कब से लागू होगी नाकेबंदी

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि यह नाकेबंदी “निष्पक्ष रूप से” लागू की जाएगी. इसका मतलब यह है कि ईरानी बंदरगाहों या तटीय इलाकों में आने-जाने वाले सभी जहाज, चाहे वे किसी भी देश के हों, इस कार्रवाई के दायरे में आएंगे.

नाकेबंदी में अरब सागर और ओमान की खाड़ी में स्थित सभी ईरानी पोर्ट्स शामिल होंगे. हालांकि CENTCOM ने यह भी साफ किया है कि जो जहाज ईरान से जुड़े नहीं हैं, उन्हें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति दी जाएगी. यानी वैश्विक व्यापार पूरी तरह नहीं रुकेगा, लेकिन जोखिम काफी बढ़ जाएगा.

ट्रंप का सख्त रुख: “हर जहाज को रोका जाएगा”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस फैसले को लेकर बेहद सख्त बयान दिया है. उन्होंने पहले ही संकेत दे दिए थे कि “हर उस जहाज को रोका जाएगा” जो ईरान से जुड़ा होगा. हालांकि बाद में CENTCOM ने यह स्पष्ट किया कि गैर-ईरानी पोर्ट्स के बीच आवाजाही पर रोक नहीं होगी, जिससे यह संकेत मिलता है कि अमेरिका तनाव को पूरी तरह युद्ध में बदलने से बचाना चाहता है.

ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर कोई जहाज ईरान को “टोल” देता है या उसके साथ व्यापार करता है, तो उसे अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में रोका जाएगा. उनके मुताबिक, “जो कोई भी अवैध भुगतान करेगा, उसे समुद्र में सुरक्षित रास्ता नहीं मिलेगा.”

बातचीत नाकाम, आरोप-प्रत्यारोप तेज

इस पूरे घटनाक्रम की जड़ में अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में हुई बातचीत की विफलता है. इस्लामाबाद में करीब 20 घंटे चली बातचीत के बावजूद कोई ठोस नतीजा नहीं निकला. ट्रंप ने ईरान पर आरोप लगाया कि उसने अपने परमाणु कार्यक्रम को छोड़ने से इनकार कर दिया, जबकि ईरान पक्ष का दावा है कि एक दिन के बातचीत से कोई हल नहीं निकलता और दोनों देश मेज पर बने रहने के लिए साकारात्मक हैं.

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा कि “ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन गई थी, लेकिन सबसे अहम मुद्दे, परमाणु महत्वाकांक्षा, पर ईरान अड़ा रहा.”

यह भी पढ़ें: US-Iran शांति वार्ता के बाद ट्रंप का पहला बयान, कहा- ‘इस मुद्दे पर नहीं झुका ईरान, अब सख्त एक्शन तय’

समुद्र में बारूदी सुरंगों का खतरा, जहाज मालिकों में डर

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान ने समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाई हैं, जिससे वैश्विक शिपिंग पर पहले ही असर पड़ना शुरू हो गया है. उन्होंने सवाल उठाया, “कौन सा जहाज मालिक इतना जोखिम लेना चाहेगा?”

इस अनिश्चितता के चलते कई शिपिंग कंपनियां पहले ही सतर्क हो गई हैं. हालांकि युद्धविराम के बाद अब तक 40 से ज्यादा कमर्शियल जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजर चुके हैं, लेकिन ट्रैफिक सामान्य से काफी कम बना हुआ है.

ट्रंप ने इस पूरे हालात को “WORLD EXTORTION” यानी वैश्विक दबाव की स्थिति बताया और कहा कि अमेरिका इसका जवाब “तुरंत और ताकतवर” तरीके से देगा. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर किसी ईरानी बल ने अमेरिकी जहाजों या शांतिपूर्ण जहाजों पर हमला किया, तो उसका जवाब बेहद कठोर होगा.

साथ ही, अमेरिकी नौसेना को यह भी निर्देश दिया गया है कि वह कथित तौर पर बिछाई गई समुद्री बारूदी सुरंगों को हटाने की प्रक्रिया शुरू करे.

नाकेबंदी कब तक रहेगी?

अमेरिका ने साफ किया है कि यह नाकेबंदी तब तक जारी रहेगी जब तक समुद्री मार्गों पर “फ्री नेविगेशन” यानी निर्बाध आवाजाही बहाल नहीं हो जाती. ट्रंप ने हालांकि एक संभावित समाधान की भी बात कही है. उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में “सभी को आने-जाने की अनुमति” वाले समझौते तक पहुंचा जा सकता है, लेकिन इसके लिए ईरान को रुख बदलना होगा.

यह भी पढ़ें: चीन को ट्रंप की 50% टैरिफ की धमकी, कहां तेहरान की मदद की तो पड़ेगा भारी; ईरान को भी धमकाया

तेल, व्यापार और सुरक्षा पर दबाव

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है. ऐसे में इस नाकेबंदी का असर सिर्फ अमेरिका और ईरान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा बाजार पर पड़ेगा.

फिलहाल स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जहां एक तरफ अमेरिका सख्त रुख अपनाए हुए है, वहीं दूसरी तरफ सीमित छूट देकर तनाव को नियंत्रित रखने की कोशिश भी कर रहा है. आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि क्या यह टकराव और बढ़ता है या कूटनीतिक रास्ता निकल पाता है.