9 अप्रैल तक रुक जाएगा अमेरिका- ईरान युद्ध! ट्रंप के फैसले से बढ़ी उम्मीद, जानें क्या है तेहरान का रुख
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव को लेकर 9 अप्रैल की संभावित डेडलाइन चर्चा में है. इजरायली मीडिया के अनुसार इस दौरान बातचीत और सीमित संघर्ष दोनों जारी रह सकते हैं. डोनाल्ड ट्रंप ने भी हमले टालकर बातचीत को मौका दिया है. ईरान ने मध्यस्थों के जरिए मिले प्रस्तावों की समीक्षा शुरू कर दी है. हालांकि कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन कूटनीतिक गतिविधियां बढ़ने से उम्मीद जगी है कि क्या इस तारीख तक युद्ध थम सकता है.
US Iran War Deadline: पश्चिम एशिया में चल रहा अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब एक अहम मोड़ पर पहुंच गया है. इजरायली मीडिया में आई रिपोर्ट के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या 9 अप्रैल तक यह युद्ध थम सकता है. कूटनीतिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं और दोनों देशों के बीच बातचीत के संकेत भी मिल रहे हैं. इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपने रुख में नरमी दिखाई है. हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन हालात यह इशारा जरूर कर रहे हैं कि आने वाले दिन इस संघर्ष के लिए बेहद अहम साबित हो सकते हैं.
डेडलाइन पर क्या कहती है रिपोर्ट
मिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक इजरायल के प्रमुख अखबार Yedioth Ahronoth में दावा किया गया है कि अमेरिका ने 9 अप्रैल को युद्ध खत्म करने की एक संभावित तारीख के रूप में देखा है. रिपोर्ट में कहा गया है कि इस समय तक करीब तीन हफ्ते की अवधि रखी गई है जिसमें बातचीत और सीमित संघर्ष दोनों जारी रह सकते हैं. हालांकि इजरायल को इन बातचीत की पूरी जानकारी नहीं दी गई है, फिर भी वहां के अधिकारी मानते हैं कि बैक चैनल के जरिए बातचीत जारी है, जिससे कूटनीतिक समाधान की उम्मीद बनी हुई है.
अमेरिका और ईरान के बीच हो रही है बातचीत
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका और ईरान के बीच इस हफ्ते बातचीत हो सकती है और इसके लिए पाकिस्तान को संभावित स्थान माना जा रहा है. हालांकि ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कालीबाफ ने किसी भी तरह की सीधी बातचीत से इनकार किया है और अमेरिका के दावों को गलत बताया है. इसके बावजूद इजरायल का मानना है कि दोनों देशों के बीच इनडायरेक्ट रूप से संपर्क बना हुआ है.
ईरान का क्या है पक्ष
ईरान को अमेरिका की ओर से मध्यस्थों के जरिए कुछ प्रस्ताव मिले हैं. ईरान के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि इन प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है और उन्हें गंभीरता से परखा जा रहा है. इससे यह संकेत मिलता है कि बातचीत की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. हालांकि अभी तक किसी ठोस समझौते की स्थिति सामने नहीं आई है, लेकिन प्रस्तावों की समीक्षा इस बात का संकेत है कि भविष्य में समाधान का रास्ता निकल सकता है.
डोनाल्ड ट्रंप का बदला रुख
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में अपने बयान में कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले कुछ दिनों में पाजिटिव बातचीत हुई है. उन्होंने ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर संभावित हमलों को कुछ समय के लिए टालने का फैसला किया है और पांच दिन का समय दिया है ताकि बातचीत आगे बढ़ सके. ट्रंप ने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच कई बिंदुओं पर सहमति बनने की संभावना है.
कैसे शुरू हुआ यह संघर्ष
अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर संयुक्त हमले किए थे, जिसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई की और पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया. इस संघर्ष में अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी प्रभावित हुए हैं. रिपोर्ट के अनुसार ईरान में तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अमेरिका और इजरायल को भी नुकसान उठाना पड़ा है. हालात अभी भी गंभीर हैं, लेकिन बातचीत के संकेत से स्थिति में सुधार की उम्मीद बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- जंग के बीच राहत की सांस! ट्रंप के एक बयान से नीचे आए कच्चे तेल के दाम, 100 डॉलर के करीब पहुंचा
क्या 9 अप्रैल तक खत्म हो सकता है युद्ध
फिलहाल 9 अप्रैल को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जिस तरह से कूटनीतिक गतिविधियां बढ़ रही हैं उससे उम्मीद जरूर बनी है. अमेरिका का नरम रुख और ईरान द्वारा प्रस्तावों की समीक्षा इस दिशा में अहम संकेत हैं. हालांकि जमीन पर संघर्ष अभी जारी है, इसलिए स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. अगर बातचीत सफल रहती है तो 9 अप्रैल एक महत्वपूर्ण तारीख बन सकती है, लेकिन अगर मतभेद बने रहते हैं तो यह युद्ध और लंबा खिंच सकता है.
