पतंजलि बनेगी दुनिया की सबसे बड़ी FMCG ब्रांड, बाबा रामदेव का बड़ा दावा, स्वदेशी से भारत बनेगा आत्मनिर्भर

बाबा रामदेव ने साफ कहा कि आने वाले समय में भारत सिर्फ एक बाजार नहीं रहेगा, बल्कि दुनिया को दिशा देने वाला देश बनेगा. उन्होंने दावा किया कि पतंजलि एक दिन दुनिया की सबसे बड़ी FMCG ब्रांड बनेगी. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक व्यापार नहीं है, बल्कि भारत की सेवा का माध्यम है.

BABA Ramdev Image Credit: Money9 live

Baba Ramdev in WITT 2026: नई दिल्ली में आयोजित TV9 नेटवर्क के WITT Summit 2026 में योग गुरु बाबा रामदेव ने एक बार फिर बड़े विजन के साथ अपनी बात रखी. मंच पर उन्होंने सिर्फ योग और स्वास्थ्य की बात नहीं की, बल्कि भारत की आर्थिक ताकत, स्वदेशी सोच और वैश्विक नेतृत्व पर भी जोर दिया. बाबा रामदेव ने साफ कहा कि आने वाले समय में भारत सिर्फ एक बाजार नहीं रहेगा, बल्कि दुनिया को दिशा देने वाला देश बनेगा. उन्होंने दावा किया कि पतंजलि एक दिन दुनिया की सबसे बड़ा FMCG ब्रांड बनेगा. उनका कहना था कि भारत का विचार, भारत का प्रोडक्ट और भारत की जीवनशैली अब पूरी दुनिया को आकर्षित कर रही है.

पतंजलि को लेकर बड़ा दावा

बाबा रामदेव ने कहा कि पतंजलि आज भारत की बड़ी FMCG कंपनियों में शामिल है और आने वाले समय में यह दुनिया की सबसे बड़ा एफएमसीजी ब्रांड बन सकती है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक व्यापार नहीं है, बल्कि भारत की सेवा का माध्यम है. पतंजलि का जो भी मुनाफा है, वह समाज, शिक्षा और स्वास्थ्य के काम में लगाया जाता है. उन्होंने आगे कहा कि पतंजलि आज लगभग 50 हजार करोड़ के टर्नओवर के साथ भारत का सबसे बड़ा FMCG का ब्रांड बनी है.

विदेशों में बढ़ रही भारत की ताकत

रूस के साथ डील को लेकर पूछे गए सवाल पर बाबा रामदेव ने कहा कि भारत का सिद्धांत और भारत का सामान दोनों की विदेशों में डिमांड तेजी से बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि दुनिया अब नेचुरल मेडिसिन, योग और भारतीय जीवनशैली को अपनाने लगी है. आने वाले 5 से 10 साल में यह ट्रेंड और मजबूत होगा.

भारत का मॉडल दुनिया को आकर्षित कर रहा

बाबा रामदेव ने कहा कि भारत पूंजीवाद की सोच नहीं रखता. भारत दुनिया को बाजार नहीं बल्कि परिवार मानता है. यही वजह है कि दुनिया भारत की ओर आकर्षित हो रही है. उन्होंने कहा कि भारत का शिक्षा, स्वास्थ्य और आध्यात्म का मॉडल पूरी दुनिया में लोकप्रिय होगा. उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना जरूरी है. ज्यादा मेहनत, स्वदेशी अपनाने और प्रोडक्शन बढ़ाने पर जोर देना होगा. उनका मानना है कि अगर भारत मजबूत बनता है, तो दुनिया में उसकी भूमिका और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे.