Harley-Davidson की 800–1600cc बाइक्स पर जीरो टैरिफ, हाई-एंड मोटरसाइकिलें होंगी सस्ती
India और US के बीच हुए अंतरिम ट्रेड समझौते के तहत सरकार ने 800cc से ज्यादा इंजन क्षमता वाली पूरी तरह इम्पोर्ट की जाने वाली Harley-Davidson मोटरसाइकिलों पर आयात शुल्क हटाने का फैसला किया है.
Harley-Davidson bikes get cheaper: अगर आप बड़ी और दमदार प्रीमियम बाइक खरीदने का सपना देखते हैं, तो जल्द ही जेब पर बोझ थोड़ा कम हो सकता है. India और US के बीच हुए अंतरिम ट्रेड समझौते के तहत सरकार ने 800cc से ज्यादा इंजन क्षमता वाली पूरी तरह इम्पोर्ट की जाने वाली Harley-Davidson मोटरसाइकिलों पर आयात शुल्क हटाने का फैसला किया है.
इससे इन महंगी अमेरिकी बाइक्स की कीमतों में अच्छी-खासी गिरावट आ सकती है. हालांकि इस राहत का असर भारत में Harley और Hero MotoCorp के बीच चल रही साझेदारी पर पड़ने की उम्मीद नहीं है, क्योंकि Hero यहां 440cc सेगमेंट की बाइक्स पहले से ही स्थानीय तौर पर बना रहा है.
क्या बदलेगा और किसे फायदा होगा
समझौते के तहत अमेरिका से आने वाली 800cc से 1600cc इंजन वाली टू-व्हीलर गाड़ियों पर लगने वाला करीब 44 प्रतिशत आयात शुल्क हटाया जाएगा, जिसमें बेसिक कस्टम ड्यूटी और सोशल वेलफेयर सरचार्ज शामिल था. यह वही मांग है जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump कई बार दोहरा चुके थे. उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में भारत को “हाई टैरिफ नेशन” बताते हुए Harley बाइक का उदाहरण दिया था और कहा था कि भारत में इन पर 100 प्रतिशत तक टैक्स लगता है, जबकि अमेरिका भारतीय बाइक्स पर कोई शुल्क नहीं लेता.
इस फैसले से सिर्फ हाई-एंड Harley बाइक्स को फायदा मिलेगा, जिनकी संख्या भारतीय बाजार में वैसे भी सीमित है. भारत का दोपहिया बाजार ज्यादातर 110cc से 250cc इंजन वाली आम मोटरसाइकिलों से चलता है. प्रीमियम सेगमेंट में Harley के अलावा Ducati, Triumph और Kawasaki जैसी कंपनियां मौजूद जरूर हैं, लेकिन उनकी बिक्री बहुत ज्यादा नहीं है.
क्या कहते हैं आंकड़ें
Society of Indian Automobile Manufacturers के आंकड़ों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में Harley ने 800cc से 1600cc इंजन वाली सिर्फ 187 पूरी तरह इम्पोर्टेड बाइक्स बेची थीं, जिनकी कीमत ₹14.54 लाख से ₹45.75 लाख के बीच थी.
Hero के साथ मिलकर बनने वाली HD X440 और HD X440 T जैसी 440cc बाइक्स राजस्थान के नीमराना प्लांट में तैयार होती हैं और उनकी कीमत ₹2.35 लाख से ₹2.79 लाख तक है. Harley ने 2019 में भारत में मैन्युफैक्चरिंग बंद कर दी थी, क्योंकि ऊंचे टैक्स के कारण उसकी बिक्री कमजोर पड़ रही थी. बाद में उसने Hero के साथ करार कर भारत में बनी सस्ती बाइक्स उतारने का रास्ता चुना.
ये भी पढ़ें- 31 मार्च 2026 से पहले पूरे कर लें टैक्स से जुड़े ये जरुरी काम, नहीं तो बढ़ सकता है Income Tax बोझ




