India-UK FTA: अब सस्ती होंगी Rolls-Royce और Range Rover, 3 करोड़ रुपये तक की होगी बचत
India-UK FTA के लागू होने के बाद ब्रिटेन से आयात होने वाली Rolls-Royce, Range Rover, Aston Martin और McLaren Automotive जैसी लग्जरी कारों पर कस्टम्स ड्यूटी 110 फीसदी से घटाकर 30 फीसदी कर दी गई है. इससे इन कारों की कीमतों में 20 से 25 फीसदी तक की कमी आ सकती है और खरीदारों को 1 करोड़ रुपये से 3 करोड़ रुपये तक की बचत हो सकती है.
India-UK FTA: भारत और ब्रिटेन के बीच हुए कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) के लागू होने के बाद भारतीय ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है. 15 जुलाई से इस समझौते के प्रभावी होने के साथ ही ब्रिटेन से आयात होने वाली कई लग्जरी कारों पर लगने वाली कस्टम्स ड्यूटी में भारी कटौती की गई है. इसका सीधा फायदा Rolls-Royce Motor Cars, Aston Martin, McLaren Automotive और Jaguar Land Rover जैसी ब्रिटिश कंपनियों की कारें खरीदने वाले ग्राहकों को मिलेगा. उद्योग जगत का अनुमान है कि इन कारों की कीमतों में 20 से 25 फीसदी तक की कमी आ सकती है, जिससे खरीदारों को मॉडल के आधार पर 1 करोड़ रुपये से 3 करोड़ रुपये तक की बचत हो सकती है.
110 फीसदी से घटकर 30 फीसदी हुई कस्टम्स ड्यूटी
India-UK CETA के तहत पात्र कम्प्लीटली बिल्ट यूनिट (CBU) ब्रिटिश कारों पर लगने वाली कस्टम्स ड्यूटी को 110 फीसदी से घटाकर 30 फीसदी कर दिया गया है. हालांकि, यह छूट सभी इम्पोर्टेड कारों पर लागू नहीं होगी. सरकार ने इसके लिए टैरिफ रेट कोटा (TRQ) व्यवस्था लागू की है. इसके तहत हर साल एक तय संख्या में ही ब्रिटेन से आने वाली कारों को कम ड्यूटी का लाभ मिलेगा. इसके बाद आयात होने वाले वाहनों पर पहले की तरह सामान्य कस्टम्स ड्यूटी ही लागू होगी.
पहले साल 10,000 कारों को मिलेगा लाभ
Directorate General of Foreign Trade (DGFT) की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पहले वर्ष में ब्रिटेन से आयात होने वाली 10,000 पेट्रोल और डीजल Passenger Vehicles पर रियायती ड्यूटी लागू होगी. आने वाले 15 वर्षों में यह कोटा धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा. इसी अवधि में कस्टम्स ड्यूटी भी चरणबद्ध तरीके से 30 फीसदी से घटकर 10 फीसदी तक पहुंच जाएगी.
इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर अभी नहीं मिलेगी राहत
हालांकि, ब्रिटेन में बनी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EVs) के लिए ग्राहकों को अभी इंतजार करना होगा. समझौते के अनुसार, ब्रिटिश EVs को रियायती कस्टम्स ड्यूटी का लाभ समझौते के पांचवें वर्ष से मिलेगा. सरकार का उद्देश्य घरेलू EV Industry को शुरुआती वर्षों में विदेशी प्रतिस्पर्धा से सुरक्षा देना है.
Jaguar Land Rover ने पहले ही घटाए दाम
India-UK FTA लागू होने से पहले ही Jaguar Land Rover (JLR) ने अपनी Imported Range Rover Sport SV और Range Rover SV की कीमतों में कटौती कर दी है. फिलहाल JLR India की कुल बिक्री में आयातित वाहनों की हिस्सेदारी 3 से 4 फीसदी है, लेकिन कम Import ड्यूटी के बाद इसके 7 से 10 फीसदी तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.
बताया जा रहा है कि कई ग्राहकों ने पिछले कुछ महीनों में नई लग्जरी कार खरीदने का फैसला इसलिए टाल दिया था, क्योंकि वे इस समझौते के लागू होने का इंतजार कर रहे थे.
भारत के सबसे बड़े व्यापार समझौतों में शामिल
India-UK कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) विकसित देशों के साथ भारत के सबसे महत्वपूर्ण व्यापार समझौतों में से एक माना जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में लागू होने वाला यह छठा FTA है.
इस समझौते के तहत भारत के करीब 99 फीसदी एक्सपोर्ट प्रोडक्ट्स को ब्रिटेन में ड्यूटी-फ्री मार्केट एक्सेस मिलेगा. वहीं, भारत में ब्रिटेन से आने वाले कई उत्पादों, खासकर ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए Import Tariff में भी राहत दी गई है.
भारत-ब्रिटेन व्यापार में लगातार बढ़ोतरी
आंकड़ों के मुताबिक, FY26 में भारत और ब्रिटेन के बीच कुल व्यापार 8.62 फीसदी बढ़कर 25.12 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो एक साल पहले 23.13 अरब डॉलर था. इसी दौरान ब्रिटेन से भारत का आयात 36.11 फीसदी बढ़कर 11.68 अरब डॉलर हो गया. वहीं, ब्रिटेन का भारत में FDI बढ़कर 1 अरब डॉलर पहुंच गया है.
यह भी पढ़ें: 22 जुलाई से खुलेगा Cube Highways Trust का ₹5,000 करोड़ InvIT इश्यू, ₹151-152 प्राइस बैंड तय, जानें पूरी डिटेल
Latest Stories
Nissan Tekton भारत में लॉन्च, Hyundai Creta और Kia Seltos को देगी टक्कर; जानें कीमत और फीचर्स
क्या XP100 बनेगा E20 पेट्रोल का विकल्प? जानें क्या है यह फ्यूल और किन वाहनों के लिए सही
ईरान युद्ध का बड़ा असर! पेट्रोल-डीजल महंगा पड़ते ही EV, CNG और Hybrid कारों की बिक्री 29% उछली
