इस दिन देशभर में बैंक रहेंगे बंद! इन मांगों को लेकर बैंक यूनियन ने किया हड़ताल का ऐलान, जानें पूरा मामला

बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 11 सितंबर को देशव्यापी स्ट्राइक का ऐलान किया है. पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने में देरी, प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना और पेंशन से जुड़ी मांगों को लेकर यह फैसला लिया गया है. मांगें पूरी नहीं होने पर 28 सितंबर से तीन दिन की स्ट्राइक और 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन स्ट्राइक की चेतावनी दी गई है.

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 11 सितंबर को देशभर में स्ट्राइक का ऐलान किया है. Image Credit: money9live & AI image

Highlights

  • 11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान, जिससे खासकर सरकारी बैंकों की सर्विस प्रभावित हो सकती हैं.
  • 5 दिन बैंकिंग, प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन और पेंशन से जुड़ी मांगों को लेकर बैंक यूनियनों ने सरकार और बैंक मैनेजमेंट पर दबाव बढ़ाया है.
  • मांगें नहीं मानी गईं तो 28 सितंबर से 3 दिन की हड़ताल और 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है.

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने देश भर में स्ट्राइक का ऐलान किया है. यूनियन ने 11 सितंबर को बैंक स्ट्राइक करने का फैसला लिया है. पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने में देरी समेत कई मांगो को लेकर यह फैसला लिया गया है. यूनियनों ने परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव प्लान और पेंशन से जुडे़ मुद्दों को भी उठाया है. मांगें नहीं मानी गईं तो आगे भी स्ट्राइक की चेतावनी दी गई है. इससे बैंकिंग सर्विस पर असर पड़ सकता है.

11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 11 सितंबर को देशव्यापी स्ट्राइक का फैसला लिया है. यह संगठन बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की 9 यूनियनों का ग्रुप है. यूनियनों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार और बैंक मैनेजमेंट की ओर से पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई है. स्ट्राइक के कारण खासकर सरकारी बैंकों की सर्विस प्रभावित हो सकती हैं. ग्राहकों को बैंक से जुडे़ जरूरी काम पहले निपटाने की सलाह दी जा सकती है.

5 दिन बैंकिंग व्यवस्था की मांग

बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है. यूनियनों के अनुसार इंडियन बैंक्स एसोसिएशन ने 8 मार्च 2024 को हुए समझौते में इस प्रस्ताव पर सहमति दी थी. इसके तहत सोमवार से शुक्रवार तक काम के घंटे 40 मिनट बढ़ाने की बात कही गई थी. प्रस्ताव को सरकार के पास भेजा गया था. लेकिन यूनियनों के अनुसार दो साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी इस पर फैसला नहीं हुआ है.

परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव प्लान पर विवाद

बैंक यूनियन परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव प्लान को लेकर भी विरोध कर रही हैं. यूनियनों का कहना है कि सरकार की योजना पहले हुई सहमति से अलग है. उनके अनुसार प्रोत्साहन बैंक के कुल प्रदर्शन के आधार पर होना चाहिए. यूनियनों ने व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर प्रोत्साहन देने की व्यवस्था पर आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि इससे कर्मचारियों और अलग- अलग स्तर के अधिकारियों के बीच प्रोत्साहन में असमानता बढ़ सकती है.

ये भी पढ़ें- 8th Pay Commission: 5 अहम बदलाव जो सैलरी और भत्तों पर डाल सकते हैं असर, 7वें वेतन आयोग ने किया था ये काम

पेंशन से जुड़ी मांगें भी शामिल

यूनियनों ने पेंशन से जुडे़ कई पुराने मुद्दों को भी अपनी मांगों में शामिल किया है. इनमें पेंशन में सुधार और उसे अपडेट करने की मांग प्रमुख है. सभी पेंशनधारकों के लिए महंगाई भत्ते की एक समान कैलकुलेशन की मांग भी की गई है. इसके अलावा राष्ट्रीय पेंशन सिस्टम के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में जाने का विकल्प देने की मांग है. इन मुद्दों पर अभी तक सहमति नहीं बनी है.