Jio IPO का GMP ₹253 पहुंचा, ₹30,213 करोड़ के इश्यू में निवेश से पहले जानें 4 बड़े रिस्क
Jio प्लेटफॉर्म का 30,213 करोड़ रुपये का IPO 21 अक्टूबर को खुलने वाला है. ग्रे मार्केट में शेयरों का प्रीमियम 253 रुपये तक पहुंच गया है, जो करीब 22.61% संभावित लिस्टिंग गेन का संकेत देता है. लेकिन सरकारी लाइसेंस, नेटवर्क में रुकावट, बाहरी सप्लायरों पर निर्भरता, कर्ज और कानूनी मामलों से जुड़े जोखिमों को भी जानना जरूरी है.
Highlights
- Jio प्लेटफॉर्म करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है.
- IPO का प्राइस बैंड ₹1,065-₹1,119 प्रति शेयर है.
- IPO 21 से 23 अक्टूबर तक खुला रहेगा.
Jio IPO GMP: देश के सबसे बड़े IPO में शामिल होने जा रहे Jio प्लेटफॉर्म के इश्यू को लेकर बाजार में हलचल तेज है. IPO खुलने से पहले ही ग्रे मार्केट में इसका जीएमपी 253 रुपये तक पहुंच गया है. इससे ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर करीब 22.61 फीसदी संभावित लिस्टिंग गेन का संकेत मिल रहा है. Jio Platforms इस IPO के जरिए करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है. यह पूरी तरह नए शेयरों का इश्यू होगा यानी इससे मिलने वाला पैसा कंपनी के कारोबार में जाएगा, मौजूदा शेयरधारकों को शेयर बेचकर पैसा नहीं मिलेगा. अगर इश्यू इस आकार के साथ आता है, तो यह अक्टूबर 2024 में आए Hyundai Motor India के 27,800 करोड़ रुपये के IPO से बड़ा होगा.
लेकिन निवेशकों के लिए सिर्फ संभावित लिस्टिंग गेन ही जरूरी नहीं है. कंपनी के ड्राफ्ट ऑफर डॉक्यूमेंट में सरकारी लाइसेंस, नेटवर्क में रुकावट, बाहरी सप्लायरों पर निर्भरता, कर्ज और कानूनी मामलों जैसे जोखिमों को भी जानना जरूरी है. आइए समझते हैं Jio IPO में निवेश से पहले किन चार बड़े जोखिमों पर ध्यान देना जरूरी है.
Jio IPO में निवेश से पहले समझें 4 बड़े जोखिम
1. सरकारी लाइसेंस और स्पेक्ट्रम पर निर्भर कारोबार
Jio के मुख्य टेलीकॉम कारोबार को चलाने के लिए सरकारी लाइसेंस और रेडियो स्पेक्ट्रम की जरूरत होती है. कंपनी के ड्राफ्ट ऑफर डॉक्यूमेंट के मुताबिक, लाइसेंस के रिन्यूअल में देरी या फ्यूचर की स्पेक्ट्रम नीलामी में जरूरी स्पेक्ट्रम हासिल नहीं कर पाने से कारोबार प्रभावित हो सकता है.
इसके अलावा, सरकार के नियमों में बदलाव भी कंपनी की लागत बढ़ा सकते हैं. उदाहरण के लिए, अगर लाइसेंस फीस की गणना का तरीका बदलता है, तो कंपनी पर एक्स्ट्रा पेमेंट का बोझ पड़ सकता है. नए डेटा प्राइवेसी कानूनों के कारण अनुपालन से जुड़ी जिम्मेदारियां भी बढ़ सकती हैं. इसलिए निवेशकों को यह समझना होगा कि Jio की ग्रोथ केवल ग्राहकों और रेवेन्यू पर निर्भर नहीं है. सरकारी नीतियां और नियामकीय फैसले भी कंपनी के कारोबार पर असर डाल सकते हैं.
2. नेटवर्क में रुकावट और टेक्नोलॉजी पर लगातार खर्च
टेलीकॉम कारोबार में नेटवर्क का लगातार चालू रहना बेहद जरूरी है. फाइबर केबल कटने, उपकरणों में खराबी, बिजली बाधित होने या चक्रवात जैसी घटनाओं से सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. इससे ग्राहकों को परेशानी हो सकती है और कंपनी पर जुर्माना भी लग सकता है. इसके अलावा, 4G से 5G और आगे की तकनीकों में बदलाव के लिए लगातार निवेश करना पड़ता है. अगर नेटवर्क को आधुनिक बनाने का खर्च बढ़ता है, तो कंपनी की वित्तीय स्थिति पर दबाव पड़ सकता है.
कंपनी ने सैटेलाइट ब्रॉडबैंड से मिलने वाली कंपटीशन को भी एक जोखिम के रूप में बताया है. अगर दूसरी कंपनियां इस तकनीक को तेजी से अपनाती हैं, तो बाजार में मुकाबला बढ़ सकता है. नेटवर्क चलाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल में भी जोखिम हैं, जिनमें मॉडल की गलतियां और पक्षपातपूर्ण नतीजे शामिल हैं.
3. बाहरी सप्लायरों और रिलायंस ग्रुप पर निर्भरता
Jio नेटवर्क के जरूरी उपकरणों के लिए सीमित संख्या में सप्लायरों पर निर्भर है. इनमें कुछ विदेशी कंपनियां भी शामिल हैं. ऐसे में मुद्रा विनिमय दरों में बदलाव, देशों के बीच तनाव और निर्यात पर प्रतिबंध से उपकरणों की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. कंपनी टेलीकॉम टावर और फाइबर जैसी सुविधाएं तीसरे पक्ष से किराये पर भी लेती है. इसके अलावा, नए डिजिटल कारोबार और विदेशी बाजारों में विस्तार के दौरान कंपनी को ऐसे क्षेत्रों में काम करना पड़ सकता है, जहां उसका अनुभव सीमित है.
‘Jio’ ब्रांड रिलायंस इंडस्ट्रीज का है और इसका इस्तेमाल ग्रुप की दूसरी कंपनियां भी करती हैं. अगर ग्रुप की किसी दूसरी कंपनी से जुड़ा कोई विवाद ब्रांड की छवि को नुकसान पहुंचाता है, तो उसका असर Jio पर भी पड़ सकता है. डिस्ट्रिब्यूशन, ग्राहक सत्यापन और डेटा सेंटर जैसी अहम सेवाएं रिलायंस ग्रुप की कंपनियों के साथ लंबे समय के समझौतों के जरिए चलती हैं. इन सेवाओं में किसी तरह की रुकावट से कारोबार और कमाई प्रभावित हो सकती है.
IPO से पहले रिलायंस की Jio Platforms में हिस्सेदारी 66.43 फीसदी है और IPO के बाद भी उसका कंपनी पर कंट्रोल बना रहेगा. इससे प्रमोटर और छोटे शेयरधारकों के हितों में टकराव की आशंका पैदा हो सकती है.
4. कर्ज, कानूनी मामले और लिस्टिंग के बाद कीमत का अनिश्चित रहना
टेलीकॉम कारोबार में नेटवर्क और तकनीक पर लगातार भारी निवेश करना पड़ता है. अगर कंपनी कर्ज की शर्तें पूरी नहीं कर पाती या उचित शर्तों पर नया पैसा जुटाने में मुश्किल होती है, तो उसकी विस्तार योजनाओं पर असर पड़ सकता है. कंपनी, उसके प्रमोटर और निदेशकों से जुड़े कई कानूनी और टैक्स मामले भी हैं.
इसके अलावा, Jio Platforms पहली बार शेयर बाजार में लिस्ट होने जा रही है. इसलिए उसके शेयर की कीमत का कोई पुराना सार्वजनिक ट्रेडिंग रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है. लिस्टिंग के बाद शेयर का भाव कंपनी के तिमाही नतीजों, अर्थव्यवस्था और बाजार के रुख के साथ-साथ निवेशकों की धारणा से भी प्रभावित हो सकता है.
क्या है Jio IPO के GMP का हाल?
Investorgain की वेबसाइट के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1 बजे तक Jio Platforms IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 253 रुपये चल रहा. इश्यू के अपर प्राइस बैंड 1,119 रुपये के हिसाब से शेयर की संभावित लिस्टिंग 1,372 रुपये पर हो सकती है. इस तरह IPO में शेयर मिलने पर निवेशकों को करीब 22.61% प्रीमियम मिल सकता है. 12 शेयरों के एक लॉट के हिसाब से संभावित लिस्टिंग प्राइस पर करीब 3,036 रुपये का मुनाफा हो सकता है. ग्रे मार्केट में मिल रहे इस प्रीमियम से संकेत मिलता है कि IPO को लेकर निवेशकों के बीच अच्छी दिलचस्पी है.
निवेशकों को क्या करना चाहिए?
Jio IPO का आकार और ग्रे मार्केट में दिख रहा प्रीमियम इसे बाजार की सबसे पॉपुलर पेशकशों में शामिल कर रहा है. लेकिन GMP के आधार पर संभावित लिस्टिंग गेन का अनुमान वास्तविक मुनाफे की गारंटी नहीं है. ऐसे में निवेश से पहले कंपनी के ड्राफ्ट ऑफर डॉक्यूमेंट, कारोबार की स्थिति, वित्तीय आंकड़ों और जोखिमों को समझना जरूरी है. निवेशक को यह भी देखना चाहिए कि वह लिस्टिंग के तुरंत बाद मुनाफा कमाने के मकसद से आवेदन कर रहा है या लंबे समय तक शेयर रखने की योजना बना रहा है.
इसे भी पढ़ें- Jio IPO को क्यों करें सब्सक्राइब? ब्रोकरेज फर्म्स ने बता दी ताकत और कमजोरी, पैसा लगाने से पहले जान लें हर जरूरी बात
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Jio IPO: एंकर बुक के लिए आई 30 गुना से अधिक डिमांड, म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियों ने लगाया दांव
Jio IPO को क्यों करें सब्सक्राइब? ब्रोकरेज फर्म्स ने बता दी ताकत और कमजोरी, पैसा लगाने से पहले जान लें हर जरूरी बात
Jio IPO: ब्रोकरेज फर्मों ने बताई ग्रोथ की गुंजाइश! 2G यूजर्स से AI तक, जियो के लिए कितने मौके?
