Dhanteras 2026: सोना खरीदने से पहले जरूर करें ये काम, हॉलमार्क के साथ ऐसे जांचें शुद्धता
धनतेरस पर सोना खरीदने की योजना है, तो सिर्फ हॉलमार्क देखकर संतुष्ट न हों. HUID कोड के जरिए BIS Care ऐप पर गहने की शुद्धता और हॉलमार्किंग से जुड़ी जानकारी जांच सकते हैं. जानें बिना हॉलमार्क वाले सोने की जांच कहां कराएं, शुद्धता कम मिलने पर मुआवजे का क्या नियम है.
Highlights
- सोने के गहने खरीदते समय हॉलमार्क के साथ छह अंकों के HUID कोड की जांच भी जरूरी है.
- BIS Care ऐप में 'Verify HUID' विकल्प के जरिए गहने की शुद्धता और हॉलमार्किंग से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है.
- हॉलमार्क वाले गहने की शुद्धता तय मानक से कम निकलने पर BIS के नियमों के तहत ग्राहक मुआवजे का हकदार हो सकता है.
भारत में त्योहारों के दौरान सोने की खरीदारी बढ़ जाती है. कई परिवार निवेश और परंपरा के चलते सोने के गहने, सिक्के खरीदते हैं. अक्षय तृतीया और धनतेरस जैसे मौकों पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है. इस साल धनतेरस 6 नवंबर को है. अगर आप भी इस दिन सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो गहनों की शुद्धता की जांच जरूर करें. खासकर स्थानीय या छोटी ज्वेलरी दुकानों से खरीदारी करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए.
सिर्फ हॉलमार्क देखकर न करें सोने की शुद्धता की पुष्टि
सोने के गहने खरीदते समय ज्यादातर लोग सबसे पहले हॉलमार्क देखते हैं. यह निशान बताता है कि सोने की शुद्धता की जांच और प्रमाणन किया गया है. भारत में यह प्रमाणन भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की ओर से किया जाता है. हालांकि, सिर्फ हॉलमार्क देखकर गहने की असलियत की पुष्टि करना पर्याप्त नहीं हो सकता. सोने के गहनों पर नकली हॉलमार्क भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं. ऐसे में हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन यानी HUID कोड की जांच करना जरूरी है.
HUID छह अंकों का अल्फान्यूमेरिक कोड होता है, जिसमें अक्षर और अंक दोनों शामिल होते हैं. BIS हॉलमार्क वाले सोने के गहनों पर दर्ज इस कोड की मदद से खरीदार गहने की जानकारी और शुद्धता की पुष्टि कर सकते हैं. इसके लिए BIS Care मोबाइल ऐप या इसके ऑनलाइन पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है.
HUID कोड से ऐसे जांचें सोने के गहने की शुद्धता
स्टेप 1: HUID कोड देखें. सबसे पहले गहने पर छह अंकों का अल्फान्यूमेरिक कोड खोजें. यह आमतौर पर BIS के लोगो, 22K या 18K जैसे शुद्धता के निशान और ज्वेलर के पहचान चिह्न के पास दर्ज होता है.
स्टेप 2: BIS Care ऐप डाउनलोड करें. अपने एंड्रॉयड फोन में Google Play Store या आईफोन में Apple App Store से आधिकारिक BIS Care ऐप डाउनलोड करें.
स्टेप 3: HUID कोड दर्ज करें. ऐप खोलें और होम स्क्रीन पर मौजूद ‘Verify HUID’ विकल्प पर जाएं. इसके बाद गहने पर दर्ज छह अंकों का कोड सही-सही भरें.
स्टेप 4: स्क्रीन पर दिखने वाली जानकारी जांचें. ऐप पर ज्वेलर के रजिस्ट्रेशन की जानकारी, हॉलमार्किंग की तारीख, हॉलमार्किंग सेंटर और सोने की शुद्धता से जुड़ी जानकारी दिखाई देगी.
स्टेप 5: गहने और बिल से मिलान करें. ऐप पर दिखाई गई जानकारी का गहने और ज्वेलर की ओर से दिए गए बिल से मिलान करें. कोई अंतर दिखने पर खरीदारी करने से पहले स्पष्टीकरण मांगें.
बिना हॉलमार्क वाले सोने की जांच कहां कराएं?
अगर आपके पास बिना हॉलमार्क वाला सोने का गहना है, तो उसकी शुद्धता की जांच के लिए BIS से मान्यता प्राप्त असेइंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर से संपर्क किया जा सकता है. BIS की वेबसाइट के मुताबिक, निर्धारित शुल्क देकर वहां सोने की जांच कराई जा सकती है.
शुद्धता कम निकलने पर क्या मिलेगा मुआवजा?
अगर हॉलमार्क वाले गहने की जांच में उसकी शुद्धता, उस पर दर्ज शुद्धता से कम पाई जाती है, तो BIS के नियमों के तहत ग्राहक मुआवजे का हकदार हो सकता है. BIS की वेबसाइट के मुताबिक, मुआवजे की गणना बेचे गए गहने के वजन के हिसाब से शुद्धता में कमी के मूल्य के दोगुने के आधार पर की जाती है. इसके साथ ग्राहक को जांच पर हुआ खर्च भी दिया जाता है.
इसे भी पढ़ें- विदेशी निवेशकों ने शेयर बाजार से निकाले ₹48,056 करोड़, क्यों मचा हड़कंप?
Latest Stories
MS Dhoni ने कैसे बनाया 1,000 करोड़ का साम्राज्य? जानें निवेश के 7 सबक
दिवाली से पहले कम हुआ Vivo, Oppo और Xiaomi का दबदबा! चीनी स्मार्टफोन ब्रांड्स की हिस्सेदारी घटी; ये है वजह
RBI ने बैंकों में डाले 1 लाख करोड़ रुपये, त्योहारों से पहले क्यों बढ़ी पैसों की जरूरत?
