Flipkart कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, 2025 के लिए मिलेगा 105 फीसदी बोनस

ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने अपने कर्मचारियों के लिए 2025 में 105 फीसदी बोनस देने का ऐलान किया है. कंपनी के अनुसार यह बोनस मार्च में जारी किया जाएगा और सीनियर डायरेक्टर स्तर तक के कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा, जबकि VP और SVP स्तर के लिए भुगतान परफॉर्मेंस रिव्यू के बाद होगा.

फ्लिपकार्ट. Image Credit: tv9 bharatvarsh

Flipkart Bonus 2025: ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने अपने कर्मचारियों के लिए बड़ा ऐलान किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 2025 के लिए 105 फीसदी बोनस देने जा रही है. यह फैसला कंपनी के मजबूत बिजनेस प्रदर्शन और ग्रोथ को देखते हुए लिया गया है. कंपनी की ओर से भेजे गए इंटर्नल मैसेज के अनुसार, यह बोनस मार्च महीने में कर्मचारियों को दिया जाएगा.

किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा

फ्लिपकार्ट के अनुसार, सीनियर डायरेक्टर (SD) स्तर और उससे नीचे के सभी कर्मचारी इस बोनस के लिए पात्र होंगे. वहीं, वाइस प्रेसिडेंट (VP) और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (SVP) स्तर के कर्मचारियों को बोनस का भुगतान 2025 के परफॉर्मेंस रिव्यू के बाद किया जाएगा.

कंपनी के प्रदर्शन पर आधारित बोनस

कंपनी की चीफ ह्यूमन रिसोर्सेज ऑफिसर सीमा नायर ने बताया कि बोनस कंपनी के कंपनी परफॉर्मेंस मल्टीप्लायर के आधार पर तय किया गया है. उन्होंने कहा कि फ्लिपकार्ट ने बिजनेस, ऑपरेशनल और वित्तीय मोर्चों पर अच्छा प्रदर्शन किया है और कंपनी सस्टेनेबल प्रॉफिटेबिलिटी की दिशा में आगे बढ़ रही है.

रेवेन्यू बढ़ा, घाटा घटा

वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड का FY25 में नेट लॉस घटकर 1,494.2 करोड़ रुपये रह गया, जो FY24 में 2,358.7 करोड़ रुपये था. वहीं, कंपनी का रेवेन्यू 14 फीसदी बढ़कर 20,493 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जो पिछले साल 18,241.6 करोड़ रुपये था. रेवेन्यू में इस बढ़ोतरी ने कंपनी के घाटे को कम करने में अहम भूमिका निभाई है.

पहले छंटनी को लेकर हुई थी चर्चा

इससे पहले फ्लिपकार्ट चर्चा में तब आई थी, जब रिपोर्ट्स में सामने आया था कि कंपनी ने परफॉर्मेंस रिव्यू के बाद करीब 400 से 500 कर्मचारियों की छंटनी की थी. कंपनी ने इस पर सफाई देते हुए कहा था कि यह एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है और प्रभावित कर्मचारियों को ट्रांजिशन सपोर्ट दिया जा रहा है.

कर्मचारियों के लिए सकारात्मक संकेत

एक्सपर्ट्स का मानना है कि 105 फीसदी बोनस का ऐलान यह दिखाता है कि कंपनी अपने कर्मचारियों को प्रदर्शन के अनुसार पुरस्कार देना चाहती है. साथ ही, यह भी संकेत मिलता है कि फ्लिपकार्ट अपने बिजनेस मॉडल को मजबूत करते हुए मुनाफे की दिशा में आगे बढ़ रही है.

यह भी पढ़ें: विजय केडिया का इन 3 शेयरों पर बड़ा दांव! अलग-अलग सेक्टर की कंपनियां, लिस्ट में ₹24 तक के स्टॉक

Latest Stories