LPG and Petrol-Diesel Price: पटना में मिल रहा है 1002 रुपये का सिलेंडर, जानें आपके शहर में पेट्रोल-डीजल और गैस के नए रेट

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और सप्लाई में बाधा के बीच भारत में LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है. घरेलू 14.2 किलो सिलेंडर की कीमत कई शहरों में 913 रुपये से ऊपर पहुंच गई है, जबकि कमर्शियल 19 किलो सिलेंडर भी महंगा हो गया है. हालांकि पेट्रोल और डीजल की कीमतें फिलहाल स्थिर बनी हुई हैं, लेकिन वैश्विक तेल बाजार में उतार-चढ़ाव का असर आगे देखने को मिल सकता है.

LPG, CNG, Petrol Diesel Price Image Credit: AI Generated

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और Strait of Hormuz के रास्ते व्यापार लगभग रुकने की खबरों के बीच भारत में रसोई गैस की सप्लाई और कीमतों को लेकर चिंता बढ़ गई है. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से मंगाता है, इसलिए इस समुद्री रास्ते में रुकावट का असर सीधे घरेलू बाजार पर पड़ सकता है. इसी बीच देश में घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे घरों के साथ-साथ होटल-रेस्तरां जैसे कारोबार भी प्रभावित होंगे.

क्यों बढ़ी LPG सिलेंडर की कीमत

भारत अपनी कुल LPG की जरूरत का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा आयात करता है और इनमें से लगभग 90 प्रतिशत आयात पश्चिम एशिया से होकर Strait of Hormuz के रास्ते आता है. मौजूदा संघर्ष के कारण इस रास्ते से व्यापार प्रभावित हुआ है, जिससे सप्लाई पर दबाव बढ़ गया है.

इसी वजह से पिछले सप्ताह 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर में 114.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.

प्रमुख शहरों में LPG की नई कीमतें

नीचे देश के प्रमुख शहरों में घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें दी गई हैं:

शहरघरेलू सिलेंडर (₹)कमर्शियल सिलेंडर (₹)
नई दिल्ली₹913₹1,884.50
मुंबई₹912.50₹1,836
कोलकाता₹939₹1,988.50
चेन्नई₹928.50₹2,043.50
हैदराबाद₹965₹2,105.50
लखनऊ₹950.50₹2,007
बेंगलुरु₹915.50₹1,958
पटना₹1,002.50₹2,133.50

सरकार के अनुसार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है. इस योजना के तहत देश में 10 करोड़ से ज्यादा कनेक्शन दिए जा चुके हैं.

पेट्रोल-डीजल के दाम फिलहाल स्थिर

पश्चिम एशिया संकट के बावजूद फिलहाल देश के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं. तेल कंपनियां हर दिन सुबह 6 बजे कीमतों की समीक्षा करती हैं ताकि अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल और डॉलर-रुपया विनिमय दर के अनुसार दाम तय किए जा सकें.

शहरपेट्रोल (₹/लीटर)डीजल (₹/लीटर)
दिल्ली₹94.77₹87.67
मुंबई₹103.54₹90.03
कोलकाता₹105.41₹92.02
चेन्नई₹100.93₹92.39
हैदराबाद₹107.50₹95.70
बेंगलुरु₹102.96₹90.99
लखनऊ₹94.73₹87.81
अहमदाबाद₹94.48₹90.16

इसके अलावा दिल्ली में CNG की कीमत 77.09 रुपये प्रति किलोग्राम पर उपलब्ध है.

यह भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित निकले LPG जहाज शिवालिक और नंदा देवी, 16-17 मार्च को पहुंचेंगे भारत; सरकार ने दी जानकारी

सरकार ने दी सप्लाई को लेकर आश्वासन

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संसद में कहा है कि पश्चिम एशिया के संकट के बावजूद भारत की ऊर्जा सप्लाई सुरक्षित है. सरकार ने तेल और गैस की आपूर्ति को बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए हैं, ताकि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की उपलब्धता प्रभावित न हो.