TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

आज फिर घटे सोने के दाम, चांदी की कीमतों में आया उछाल

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा कि बुधवार को सोने में थोड़ी गिरावट आई और यह निचले स्तर पर स्थिर हो गया. अमेरिकी चुनाव के बाद, डॉलर और ट्रेजरी यील्ड में लगातार बढ़ोतरी हुई, जिसके चलते सोने की कीमत पर नकारात्मक असर पड़ा है.

गोल्ड लोन मुसीबत के समय फंड जुटाने का आसान तरीका माना जाता है. Image Credit: Abhisek Saha/Majority World/Universal Images Group via Getty Images

सोने की कीमत में पिछले कई दिनों से लगातार गिरावट जारी है. इससे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी अछूता नहीं है. दिल्ली के गोल्ड मार्केट में बुधवार यानी 13 नवंबर को सोने की कीमत 50 रुपये गिरकर चार सप्ताह के निचले स्तर 77,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई. जबकि, मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 77,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी. हालांकि, चांदी की कीमतों में दो दिनों की लगातार गिरावट के बाद उछाल आया और यह 1,200 रुपये बढ़कर 92,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है. खास बात यह है कि मंगलवार को चांदी 91,300 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी.

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी गिरावट आई है. यह 50 रुपये गिरकर 77,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई. इस बीच, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर वायदा कारोबार में दिसंबर डिलीवरी के लिए सोने के कॉन्ट्रैक्ट 204 रुपये बढ़कर 75,105 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहे हैं. एलकेपी सिक्योरिटीज में कमोडिटी और करेंसी के उपाध्यक्ष अनुसंधान विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने कहा कि निवेशकों को अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के आंकड़ों के जारी होने की उम्मीद है, जिससे सोने में मामूली बढ़त देखी गई.

क्या कहते हैं गोल्ड मार्केट के जानकार

त्रिवेदी ने कहा कि फेडरल रिजर्व के 2 प्रतिशत लक्ष्य की ओर सीपीआई की गिरावट ब्याज दरों में लगातार कटौती की राह मजबूत कर सकती है. हालांकि, यह संभावित रूप से लंबी अवधि में सोने का समर्थन कर सकती है. एक्सचेंज पर दिसंबर डिलीवरी के लिए चांदी के कॉन्ट्रैक्ट 760 रुपये बढ़कर 90,087 रुपये प्रति किलो हो गए. वहीं, वैश्विक स्तर पर, कॉमेक्स सोना वायदा 8 डॉलर प्रति औंस या 0.31 प्रतिशत बढ़कर 2,614.30 डॉलर प्रति औंस हो गया.

इसे भी पढ़ें : घट रही कीमती धातुओं की चमक, ताजा गिरावट के साथ 77,050 पर लुढ़का सोना, चांदी 2,310 रुपये टूटी

क्यों आ रही है सोने की कीमत में गिरावट

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा कि बुधवार को सोने की कीमत में थोड़ी गिरावट आई और यह निचले स्तर पर स्थिर हो गया. अमेरिकी चुनाव के बाद, डॉलर और ट्रेजरी यील्ड में लगातार बढ़ोतरी हुई, जिसके चलते सोने की कीमत पर नकारात्मक असर पड़ा है.

ईटीएफ से 809 मिलियन डॉलर की निकासी

कोटक सिक्योरिटीज के कमोडिटी रिसर्च के एवीपी कायनात चैनवाला के अनुसार, निवेशक ट्रम्प की जीत के इंप्लीकेशन्स का आकलन करना जारी रखे हुए हैं. खासकर इसलिए क्योंकि उनके मंत्रिमंडल में कई प्रमुख नियुक्तियों ने चीन के प्रति सख्त रुख अपनाया है. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, छह महीने के लगातार निवेश के बाद नवंबर के पहले सप्ताह में वैश्विक गोल्ड ईटीएफ से करीब 809 मिलियन अमेरिकी डॉलर की निकासी हुई.