Gold-Silver Price Today 09-03-2026: हफ्ते के पहले ही दिन टूटी चांदी, सोना हुआ महंगा; जानें नई कीमतें

Gold-Silver Rate Today 09-03-2026 Latest News Updates: मजबूत अमेरिकी डॉलर और ग्लोबल मार्केट में बढ़ती अनिश्चितता के बीच सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. दिल्ली में चांदी 3,400 रुपये टूटकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई, जबकि सोना मामूली बढ़त के साथ लगभग स्थिर रहा. जानें नए भाव.

सोने-चांदी की नए भाव Image Credit: @Money9live

Gold and Silver Updated Price Today: मजबूत डॉलर और ग्लोबल मार्केट में बढ़ती अनिश्चितता के बीच सोमवार, 9 मार्च को देश के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जबकि सोने के भाव लगभग स्थिर रहे. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और मिडिल ईस्ट में बढ़ते जियो पॉलिटिकल टेंशन के कारण निवेशकों का रुख सतर्क बना हुआ है, जिसका असर कीमती धातुओं की मांग पर भी दिखाई दिया.

चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में सोमवार को चांदी की कीमत 3,400 रुपये गिरकर 2,68,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में चांदी का भाव 2,71,700 रुपये प्रति किलोग्राम था. इस तरह चांदी के दाम में करीब 1.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. खास बात यह है कि चांदी लगातार तीसरे दिन कमजोर रही है, जिससे बाजार में इसकी डिमांड भी प्रभावित हुई है.

क्या है एक्सपर्ट की राय?

कमोडिटी विशेषज्ञों के मुताबिक कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल ने महंगाई को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं. HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी के अनुसार, ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई का दबाव बढ़ सकता है, जिससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है. जब ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम होती है तो डॉलर मजबूत होता है और इसका असर आमतौर पर सोना-चांदी जैसी कीमती धातुओं की कीमतों पर नकारात्मक पड़ता है.

सोने के दाम लगभग स्थिर

वहीं सोने की कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया. 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 200 रुपये की मामूली बढ़त के साथ 1,64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इससे पहले यह 1,64,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में कमजोरी का रुख बना रहा. वैश्विक बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 65 डॉलर गिरकर 5,105.89 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा.

वैश्विक बाजारों का असर

विश्लेषकों का कहना है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और तेल की आपूर्ति को लेकर चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है. Mirae Asset ShareKhan के कमोडिटी और करेंसी हेड प्रवीण सिंह के अनुसार, तेल की कीमतों में करीब 30 फीसदी तक की तेज बढ़त ने वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बढ़ा दी है, जिसका असर सोने पर भी पड़ा है. जब तेल महंगा होता है और डॉलर मजबूत होता है तो निवेशक अक्सर सुरक्षित निवेश की रणनीति बदलते हैं, जिससे बुलियन बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है.

मार्जिन कॉल और बाजार की गिरावट का असर

कमोडिटी विशेषज्ञों के मुताबिक हालिया बाजार गिरावट के दौरान कई निवेशकों को मार्जिन कॉल पूरा करने के लिए अपनी होल्डिंग बेचनी पड़ी. कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च विशेषज्ञ कायनात चैनवाला का कहना है कि बाजार में आई व्यापक गिरावट के कारण कई निवेशकों ने सोना और चांदी में अपनी पोजीशन कम की, जिससे कीमतों पर दबाव बना.

आगे किन संकेतकों पर नजर

अब निवेशकों की नजर अमेरिका के कुछ अहम आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी, जिनसे आगे की बाजार दिशा तय हो सकती है. इनमें कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI), कोर PCE प्राइस इंडेक्स, प्रारंभिक GDP डेटा और JOLTS जॉब ओपनिंग्स जैसे संकेतक शामिल हैं. इन आंकड़ों से यह संकेत मिल सकता है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व आने वाले समय में ब्याज दरों को लेकर क्या रुख अपनाता है. इसके अलावा मिडिल ईस्ट में जारी जियो पॉलिटिकल घटनाक्रम भी सोना-चांदी के बाजार की चाल को प्रभावित करते रहेंगे.

ये भी पढ़ें- डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड लो पर रुपया, 53 पैसा टूटकर 92.35 पर बंद; कच्चे तेल में उछाल और मिडिल ईस्ट टेंशन का असर

Latest Stories

बेंगलुरु में होटलों को बंद हुई LPG की सप्लाई, मंगलवार से ठप हो जाएगा कामकाज; लोगों को झेलनी पड़ सकती है परेशानी

LPG सिलेंडर बुकिंग की अवधि 21 से बढ़ाकर 25 दिन की गई, रिफाइनरियों को प्रोडक्शन बढ़ाने का आदेश

ईरान पर US-इजरायल के हमले से फायदे में रूस, पुतिन की लग गई लॉटरी; तेल सुधारेगा मॉस्को की आर्थिक सेहत!

डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड लो पर रुपया, 53 पैसा टूटकर 92.35 पर बंद; कच्चे तेल में उछाल और मिडिल ईस्ट टेंशन का असर

भारत और फिलीपींस में सबसे बड़े खतरे की आहट, तेल की खौलती कीमतें एशिया में बढ़ाएंगी रिस्क; चपेट में दिग्गज- रिपोर्ट

तेल से आगे निकली बात, अब पानी-चिप से लेकर खाने की चीजों पर संकट, नए डेंजर जोन में ईरान-अमेरिका युद्ध