Gold-Silver Price Today 20-02-2026: आज सोने-चांदी में फिर तेजी, चांदी ₹3000 महंगी, गोल्ड ₹1.55 लाख पर

अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक अनिश्चितता के माहौल में सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला है. निवेशक जोखिम भरे बाजारों से निकलकर सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं. घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दोनों कीमती धातुओं में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है, जिससे बाजार में हलचल बढ़ गई है.

Gold Silver Rate Today Image Credit: Canva/ Money9

Gold Silver Rate Today: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध संकट के बीच निवेशकों ने एक बार फिर सोना और चांदी को सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में अपनाना शुरू कर दिया है. बीते दिन सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई. 19 फरवरी को चांदी की कीमत में 18,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई, जबकि सोने की चमक भी बरकरार रही. 20 फरवरी को भी यह तेजी जारी है. एमसीएक्स (MCX) पर अप्रैल वायदा सोना लगभग 0.2% बढ़कर ₹1,55,147 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि मार्च वायदा चांदी करीब 1% की तेजी के साथ ₹2,43,575 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. वहीं bullion.in के अनुसार चांदी की कीमत में 3,030 रुपये और सोने में 640 रुपये की बढ़त दर्ज की गई.

रिटेल बाजार का हाल

बुलियन के अनुसार 20 फरवरी को 24 कैरेट सोना 640 रुपये महंगा होकर ₹1,55,710 प्रति 10 ग्राम पर उपलब्ध था. वहीं चांदी 3,030 रुपये की तेजी के साथ ₹2,45,550 प्रति किलोग्राम पर बिक रही थी.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में रुझान

एमसीएक्स की तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी मजबूती के साथ कारोबार करते नजर आए. स्पॉट सिल्वर में 0.30% की बढ़त दर्ज की गई, जिसके बाद इसकी कीमत 77.91 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. वहीं स्पॉट गोल्ड 0.12% की तेजी के साथ लगभग 4,994 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखाई दिया.

तेजी की प्रमुख वजह

कमोडिटी बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित सैन्य टकराव की आशंका ने वैश्विक अनिश्चितता को बढ़ा दिया है. ऐसे माहौल में निवेशक शेयर बाजार जैसे जोखिमपूर्ण निवेश विकल्पों से दूरी बनाकर सोना और चांदी जैसे सुरक्षित साधनों की ओर रुख कर रहे हैं. इसके अतिरिक्त, रूस-यूक्रेन वार्ता में ठहराव ने भी वैश्विक बाजारों में चिंता को बढ़ाया है. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में अमेरिका के प्रमुख आर्थिक आंकड़े जैसे GDP और PCE मुद्रास्फीति डेटा फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति को प्रभावित कर सकते हैं. यदि ब्याज दरों में नरमी के संकेत मिलते हैं, तो सोना और चांदी की कीमतों में आगे भी तेजी देखने को मिल सकती है.