Gold-Silver Price Today 19-02-2026: एक दिन में ₹18000 महंगी हुई चांदी, सोना भी उछला; जानें नए भाव

Gold Silver Rate Today 19-02-2026 Latest News Updates: वैश्विक तनाव और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना-चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया. चांदी एक दिन में 18,000 रुपये महंगी हो गई, जबकि सोना 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गया. जानें कीमती धातुओं में क्यों आई तेजी.

सोने-चांदी के भाव में तेजी Image Credit: @Money9live

Sona Chandi Latest Bhav: ग्लोबल स्तर पर टेंशन और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के बीच गुरुवार, 19 फरवरी को देश की राजधानी में कीमती धातुओं की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला. चांदी की कीमतों ने रिकॉर्ड छलांग लगाते हुए लगभग 7 फीसदी से अधिक की बढ़त दर्ज की, जबकि सोना भी मजबूत वैश्विक संकेतों के चलते नए ऊंचे स्तर के करीब पहुंच गया. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय अनिश्चितताओं ने निवेशकों को सुरक्षित परिसंपत्तियों की ओर मोड़ दिया है.

कहां पहुंची चांदी?

दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत एक ही दिन में करीब 18,000 रुपये बढ़कर 2.64 लाख रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) तक पहुंच गई. पिछले कारोबारी सत्र में यह लगभग 2.46 लाख रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी. इस तरह चांदी में लगभग 7.3 फीसदी की तेज बढ़त दर्ज की गई, जो हाल के समय की सबसे बड़ी दैनिक छलांगों में से एक मानी जा रही है.

सोना कितना महंगा?

सोने की कीमतों में भी मजबूती बनी रही. 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना करीब 1,950 रुपये बढ़कर 1,58,650 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि एक दिन पहले इसका भाव लगभग 1,56,700 रुपये था. हालांकि चांदी की तुलना में सोने की बढ़त सीमित रही, लेकिन सुरक्षित निवेश के रूप में इसकी मांग लगातार बनी हुई है.

इंटरनेशनल मार्केट में भी बढ़े भाव

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कीमती धातुओं की कीमतों में तेजी देखी गई. स्पॉट सिल्वर करीब 1 फीसदी से अधिक बढ़कर लगभग 78 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही थी, जबकि सोना लगभग 5,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर के करीब पहुंच गया. विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक निवेशकों के बीच जोखिम से बचने की प्रवृत्ति बढ़ने से इन धातुओं को मजबूत समर्थन मिल रहा है.

क्यों आई कीमतों में तेजी?

कमोडिटी बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित सैन्य टकराव की आशंका ने जियो पॉलिटिकल टेंशन को बढ़ा दिया है, जिससे निवेशक शेयर बाजार जैसे जोखिम वाले विकल्पों से निकलकर सोना-चांदी जैसे सुरक्षित निवेश साधनों में पैसा लगा रहे हैं. इसके अलावा रूस-यूक्रेन बातचीत में ठहराव ने भी वैश्विक अनिश्चितता को बढ़ाया है. विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि आने वाले दिनों में अमेरिकी अर्थव्यवस्था से जुड़े अहम आंकड़े- जैसे GDP और PCE मुद्रास्फीति डेटा फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति को प्रभावित कर सकते हैं. अगर ब्याज दरों को लेकर नरमी के संकेत मिलते हैं, तो सोना-चांदी की कीमतों में और तेजी आ सकती है.

ये भी पढ़ें- ICICI Pru Life को GST मामले में झटका, ₹984 करोड़ की टैक्स डिमांड बरकरार; शेयरों पर रखें नजर