ICICI Pru Life को GST मामले में झटका, ₹984 करोड़ की टैक्स डिमांड बरकरार; शेयरों पर रखें नजर

ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस को GST विवाद में बड़ा झटका लगा है, जहां अपीलीय प्राधिकरण ने करीब 984 करोड़ रुपये की टैक्स मांग को बरकरार रखा है. मामला 2017 से 2022 के बीच लिए गए इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़ा है. कंपनी ने कहा है कि वह फैसले को चुनौती देगी और फिलहाल वित्तीय प्रदर्शन पर कोई असर नहीं पड़ेगा. जानें क्या है शेयरों का हाल.

ICICI Pru Life Image Credit: @Money9live

ICICI Pru Life GST Notice: ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को GST से जुड़े एक मामले में बड़ा झटका लगा है. कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि अपीलीय प्राधिकरण ने उसके खिलाफ टैक्स डिपार्टमेंट की मांग को बरकरार रखा है, जिससे कुल देनदारी करीब 9.84 अरब रुपये (984 करोड़ रुपये) तक पहुंच गई है. हालांकि कंपनी का कहना है कि फिलहाल इस आदेश का उसके वित्तीय प्रदर्शन पर तत्काल कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.

फाइलिंग में कंपनी ने क्या कहा?

कंपनी के अनुसार, मुंबई स्थित CGST और केंद्रीय उत्पाद शुल्क (अपील-III) के आयुक्त ने गुरुवार, 19 फरवरी सुबह उसके द्वारा दायर अपील को खारिज कर दिया. इसके साथ ही GST कानून के तहत पहले जारी किए गए Form GST DRC-07 में दर्ज कर मांग को वैध ठहरा दिया गया. यह मामला जुलाई 2017 से जुलाई 2022 के बीच लिए गए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के रिवर्सल से जुड़ा है.

@NSE

984 करोड़ रुपये की देनदारी!

विवादित राशि में लगभग 492 करोड़ रुपये का मूल GST बकाया, उतनी ही राशि का जुर्माना और उस पर लागू ब्याज शामिल है, जिससे कुल संभावित देनदारी लगभग 984 करोड़ रुपये से अधिक बनती है. टैक्स डिपार्टमेंट का आरोप है कि संबंधित अवधि में कंपनी द्वारा लिया गया कुछ इनपुट टैक्स क्रेडिट नियमों के अनुरूप नहीं था और उसे वापस करना चाहिए.

नोटिस से संतुष्ट नहीं है कंपनी

ICICI प्रूडेंशियल लाइफ ने स्पष्ट किया है कि वह इस फैसले से सहमत नहीं है और आगे उच्च प्राधिकरण के समक्ष अपील दायर करेगी. कंपनी का कहना है कि वह अपने कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए मामले को आगे चुनौती देगी. साथ ही, कंपनी ने निवेशकों को आश्वस्त किया कि वर्तमान चरण में इस आदेश से उसके परिचालन या वित्तीय स्थिति पर कोई प्रत्यक्ष असर नहीं पड़ रहा है. बीमा कंपनी ने यह भी कहा कि प्रतिभूति कानूनों के तहत किया गया उसका खुलासा पूरी तरह सही और उपलब्ध जानकारी के आधार पर किया गया है. ऐसे कर विवाद बड़े कॉरपोरेट्स में असामान्य नहीं होते, लेकिन अंतिम निर्णय आने तक इनका प्रभाव अनिश्चित बना रहता है.

क्या है शेयरों का हाल?

गुरुवार, 19 फरवरी को कंपनी के शेयर 0.03 फीसदी की गिरावट के साथ 648.65 रुपये पर कारोबार करते हुए बंद हुए. महीने भर में स्टॉक का भाव 1.79 फीसदी तक गिरा है. वहीं, साल भर के दौरान इसमें 14 फीसदी तक की तेजी आई है. कंपनी अपने 52वीक हाई के स्तर (706.80 रुपये) से थोड़ा ही नीचे ट्रेड कर रहे हैं. कंपनी का मार्केट कैप 93,930 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

यह भी पढ़ें- Nifty Outlook Feb 20: पिछले स्विंग लो को तोड़ने की कगार पर निफ्टी, जानें- चार्ट पर कैसी बनी कैंडल

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.