सोने की कीमत में 4900 रुपये का उछाल, चांदी 11250 रुपये हुई महंगी; जानें 24 कैरेट वाले गोल्ड का नया रेट
Gold-Silver Price Today: स्पॉट गोल्ड में लगातार दूसरे दिन तेजी जारी रही और यह लगभग 4,550 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि निवेशकों को अमेरिका और ईरान के बीच संभावित संघर्ष-विराम (Ceasefire) की उम्मीद जगी है. यह तेजी मजबूत वैश्विक रुझानों के बीच देखने को मिली.
Gold-Silver Price Today: सोने-चांदी की कीमतों में बुधवार को जोरदार तेजी दर्ज की गई. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चांदी 11,250 रुपये बढ़कर 2.41 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जबकि सोने की कीमत 1.49 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई. यह तेजी मजबूत वैश्विक रुझानों के बीच देखने को मिली. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमत में 11,250 रुपये, या 4.89 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. यह मंगलवार के बंद भाव 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 2,41,250 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई.
99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत भी 4,900 रुपये, या 3.38 फीसदी बढ़कर 1,49,700 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई. सर्राफा बाजार में सोने का पिछला बंद भाव 1,44,800 रुपये प्रति 10 ग्राम था.
क्यों आई सोने की कीमतों में तेजी?
HDFC सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने बताया कि बुधवार को घरेलू बाजारों में सोने की कीमतों में बढोतरी हुई, जो हाल के सत्रों में एक मजबूत सुधार का संकेत है. इस सुधार को बेहतर भू-राजनीतिक माहौल से बल मिला, जिसके कारण तेल की कीमतों में गिरावट आई.
इंटरनेशनल मार्केट में गोल्ड
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, स्पॉट गोल्ड (Spot Gold) 82.17 डॉलर, या लगभग 2 फीसदी बढ़कर 4,556.55 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 2 फीसदी की तेजी के साथ 72.67 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी.
स्पॉट गोल्ड में तेजी के पीछे की वजह
Mirae Asset ShareKhan के रिसर्च एनालिस्ट प्रवीण सिंह ने कहा कि स्पॉट गोल्ड में लगातार दूसरे दिन तेजी जारी रही और यह लगभग 4,550 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि निवेशकों को अमेरिका और ईरान के बीच संभावित संघर्ष-विराम (Ceasefire) की उम्मीद जगी है, जिसके चलते कच्चे तेल और डॉलर की कीमतों में गिरावट आई है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान को अमेरिका की ओर से संघर्ष-विराम तक पहुंचने के लिए 15-सूत्रीय प्रस्ताव मिला है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ संभावित समझौते को लेकर आशावाद व्यक्त किया है और कहा है कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो इस संबंध में बातचीत में शामिल हैं.
वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता
हालांकि, तेहरान ने वाशिंगटन के साथ किसी भी तरह की बातचीत से इनकार किया है. वहां के एक सैन्य प्रवक्ता ने बातचीत के दावों को सिरे से खारिज कर दिया. इस बीच, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कुछ वाणिज्यिक जहाजों पर ट्रांजिट शुल्क लेना भी शुरू कर दिया है, जिससे वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता और बढ़ गई है.
Latest Stories
होटल-रेस्तरां की मनमानी पर रोक! अब बिल में ‘LPG चार्ज’ नहीं जोड़ सकेंगे; CCPA ने दी सख्त चेतावनी
Dream Street के साथ स्टॉक ब्रोकिंग इंडस्ट्री में कदम रखेगी Dream11 की पेरेंट कंपनी, जानें- किसे टारगेट करने का प्लान
UP में 27 मार्च को बैंक खुले रहेंगे या बंद? नए आदेश के बाद दूर करें कन्फ्यूजन
