Google में नौकरी करना चाहते हैं सबसे ज्यादा लोग! नई रैंकिंग में Tata Group और Amazon भी टॉप पर

Randstad Employer Brand Research 2026 में Google को भारत का सबसे आकर्षक Employer चुना गया है, जबकि Tata Group और Amazon दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे. सर्वे के मुताबिक, कर्मचारी अब केवल अच्छी सैलरी नहीं, बल्कि वर्क-लाइफ बैलेंस, करियर ग्रोथ, समान अवसर और बेहतर कार्य संस्कृति को भी प्राथमिकता दे रहे हैं.

गूगल Image Credit: Tayfun Coskun/Anadolu via Getty Images

Highlights

  • Google बना भारत का सबसे पसंदीदा Employer, Tata Group और Amazon टॉप-3 में शामिल.
  • वर्क-लाइफ बैलेंस नौकरी छोड़ने की सबसे बड़ी वजह, 49% कर्मचारियों ने जताई चिंता.
  • करियर ग्रोथ को मिल रही पहली प्राथमिकता.

Google Best Employer India 2026: भारत में नौकरी करने वालों की प्राथमिकताएं तेजी से बदल रही हैं. अब कर्मचारी सिर्फ अच्छी सैलरी या आकर्षक सुविधाओं के आधार पर कंपनी का चयन नहीं कर रहे हैं, बल्कि बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस, करियर ग्रोथ, समान अवसर और भरोसेमंद कार्य संस्कृति भी उनके फैसले में अहम भूमिका निभा रहे हैं. यही वजह है कि देश की सबसे पसंदीदा कंपनियों की नई रैंकिंग में Google पहले स्थान पर रहा है, जबकि Tata Group और Amazon ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया है.

17 लाख से ज्यादा लोगों की ली गई राय

Randstad Employer Brand Research 2026 के मुताबिक, भारत का वर्कफोर्स अब ऐसे Balanced Employer की तलाश में है, जो कर्मचारियों को सिर्फ अच्छा वेतन ही नहीं, बल्कि करियर में आगे बढ़ने के अवसर, समावेशी कार्य संस्कृति, बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस और फ्लेक्सिबल वर्क एनवायरनमेंट भी उपलब्ध कराए.

यह सर्वे दुनिया के 34 बाजारों में 17 लाख से ज्यादा लोगों की राय पर आधारित है. भारत में करीब 3,500 कर्मचारियों से फीडबैक लिया गया. यह अध्ययन भारत में 16वें और वैश्विक स्तर पर 26वें संस्करण के रूप में जारी किया गया है.

भारत के टॉप-10 Employer कौन?

सर्वे के अनुसार, भारत के 10 सबसे आकर्षक Employer ये हैं-

Google
Tata Group
Amazon
Samsung India
Infosys
Reliance Industries
ITC Group
Hindustan Unilever
Mahindra & Mahindra
Dell Technologies

इन 10 में पांच भारतीय कंपनियों की मौजूदगी यह दिखाती है कि घरेलू कंपनियां भी कर्मचारियों के लिए बेहतर वर्क एनवायरनमेंट तैयार करने में तेजी से आगे बढ़ रही हैं.

नौकरी छोड़ने की सबसे बड़ी वजह क्या?

सर्वे के मुताबिक, भारत में कर्मचारियों के नौकरी बदलने का सबसे बड़ा कारण वर्क-लाइफ बैलेंस है. करीब 49 फीसदी कर्मचारियों ने कहा कि यदि उन्हें काम और निजी जीवन के बीच संतुलन नहीं मिलता, तो वे नौकरी छोड़ने का फैसला कर सकते हैं.

इसके बाद 42 फीसदी कर्मचारियों ने करियर ग्रोथ की कमी और 41 फीसदी कर्मचारियों ने कम वेतन और लाभ को नौकरी छोड़ने की प्रमुख वजह बताया. सर्वे में यह भी सामने आया कि Millennials कर्मचारियों में करियर ग्रोथ को लेकर सबसे ज्यादा चिंता है. 43 फीसदी Millennials ने कहा कि बेहतर अवसर नहीं मिलने पर वे नौकरी बदल सकते हैं. वहीं Gen Z में यह आंकड़ा 42 फीसदी और Gen X में 39 फीसदी रहा.

सिर्फ सैलरी से नहीं बनती अच्छी कंपनी

Randstad India के प्रबंध निदेशक Narayan Iyer का कहना है कि 2020 के बाद कर्मचारियों की सोच पूरी तरह बदल गई है. अब लोग किसी कंपनी का मूल्यांकन केवल वेतन या सुविधाओं के आधार पर नहीं करते, बल्कि पूरे वर्क एक्सपीरियंस को देखते हैं.

उनके मुताबिक, अगले छह महीनों में लगभग आधे कर्मचारी नौकरी बदलने पर विचार कर रहे हैं. ऐसे में कंपनियों के लिए केवल वेतन बढ़ाना पर्याप्त नहीं होगा. उन्हें कर्मचारियों के दैनिक कार्य अनुभव और कार्य संतुष्टि पर भी समान रूप से ध्यान देना होगा.

नई पीढ़ी की प्राथमिकताएं अलग

रिपोर्ट बताती है कि डिजिटल क्षेत्र में काम करने वाले नए दौर के कर्मचारी अन्य कर्मचारियों की तुलना में अलग सोच रखते हैं. उनके लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता प्रतिस्पर्धी वेतन है. सर्वे में 73 फीसदी डिजिटल टैलेंट ने अच्छी सैलरी को सबसे महत्वपूर्ण बताया. वहीं, 55 फीसदी डिजिटल कर्मचारियों ने कहा कि यदि उन्हें करियर में आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिलेगा, तो वे नौकरी छोड़ सकते हैं. यह आंकड़ा अन्य पेशेवर कर्मचारियों की तुलना में काफी अधिक है.

यह भी पढ़ें: AI के डर में बिक रहे थे IT शेयर, LIC ने लगाया बड़ा दांव; सिर्फ 35 दिन में कमा लिए 21000 करोड़ रुपये