GST कलेक्शन ने तोड़ा रिकॉर्ड! जुलाई में सरकार की झोली में आए ₹2.11 लाख करोड़

जुलाई 2026 में देश का सकल GST कलेक्शन 15.4% बढ़कर ₹2.11 लाख करोड़ पहुंच गया. घरेलू कारोबार और आयात से बेहतर टैक्स वसूली ने राजस्व बढ़ाया. हरियाणा में सबसे तेज 25% वृद्धि दर्ज हुई, जबकि कुछ राज्यों में कलेक्शन घटा.

GST कलेक्शन

Highlights

  • जुलाई GST कलेक्शन ₹2.11 लाख करोड़ पहुंचा
  • आयात से टैक्स वसूली में तेज बढ़ोतरी दर्ज
  • हरियाणा में सबसे ज्यादा GST वृद्धि रही

देश में वस्तु एवं सेवा कर (GST) से होने वाली कमाई जुलाई 2026 में सालाना आधार पर 15.4% बढ़कर ₹2.11 लाख करोड़ हो गई. सरकार की ओर से शनिवार को जारी मासिक GST रिपोर्ट के मुताबिक, यह बढ़ोतरी घरेलू कारोबार से बेहतर टैक्स वसूली और आयात (इंपोर्ट) पर मिलने वाले ज्यादा टैक्स की वजह से हुई है.

घरेलू GST कलेक्शन में भी अच्छी बढ़ोतरी

जुलाई 2025 में घरेलू GST कलेक्शन ₹1.31 लाख करोड़ था, जो जुलाई 2026 में बढ़कर ₹1.45 लाख करोड़ हो गया. यानी इसमें 10.1% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं, आयात पर मिलने वाला GST 28.8% बढ़कर ₹66,511 करोड़ पहुंच गया. इसी वजह से कुल GST कलेक्शन ₹2.11 लाख करोड़ के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा.

कारोबार और खपत बनी रही मजबूत

ताजा आंकड़े बताते हैं कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद देश में लोगों की खरीदारी और कारोबारी गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं. घरेलू और आयात दोनों से बेहतर टैक्स वसूली ने सरकार के राजस्व में अच्छी बढ़ोतरी की है.

GST रिफंड में भी बढ़ोतरी

सरकार ने कारोबारियों को GST रिफंड भी तेजी से जारी किया. कुल GST रिफंड 13.1% बढ़कर ₹29,968 करोड़ हो गया. ICEGATE के जरिए प्रोसेस किए गए एक्सपोर्ट रिफंड 22.7% बढ़कर ₹12,288 करोड़ पहुंच गए.

रिफंड के बाद सरकार को कितना मिला?

रिफंड देने के बाद सरकार का नेट GST कलेक्शन ₹1.81 लाख करोड़ रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 15.8% ज्यादा है.

  • नेट घरेलू GST कलेक्शन 10.5% बढ़कर ₹1.27 लाख करोड़ रहा.
  • नेट कस्टम GST कलेक्शन 30.3% बढ़कर ₹54,223 करोड़ पहुंच गया.

विशेषज्ञ ने क्या कहा?

प्राइस वाटरहाउस एंड कंपनी LLP के पार्टनर प्रतीक जैन का कहना है कि GST 2.0 के बाद हर महीने 7-8% की स्थिर बढ़ोतरी अब सामान्य होती दिख रही है, जो सरकार के बजट अनुमान के अनुरूप है.

हालांकि, उनका मानना है कि आयात से मिलने वाला GST घरेलू कारोबार की तुलना में ज्यादा तेजी से बढ़ रहा है. इससे यह संकेत मिल सकता है कि लोगों का गैर-जरूरी खर्च (Discretionary Spending) कुछ धीमा पड़ा है, जिसकी एक वजह वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं भी हो सकती हैं.

अप्रैल-जुलाई में कितना GST जुटा?

चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों (अप्रैल से जुलाई) में सरकार का कुल GST कलेक्शन 10.1% बढ़कर ₹8.43 लाख करोड़ हो गया. पिछले साल इसी अवधि में यह ₹7.66 लाख करोड़ था. वहीं, इस दौरान नेट GST कलेक्शन 9.2% बढ़कर ₹7.21 लाख करोड़ रहा.

किन राज्यों में सबसे ज्यादा बढ़ा GST?

बड़े राज्यों में जुलाई के दौरान GST कलेक्शन में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हरियाणा में 25% रही.

  • गुजरात – 19%
  • तेलंगाना – 19%
  • पंजाब – 16%
  • केरल – 16%
  • उत्तर प्रदेश – 15%
  • महाराष्ट्र – 13%
  • कर्नाटक – 12%
  • दिल्ली – 8%

किन राज्यों में GST कलेक्शन घटा?

कुछ राज्यों में पिछले साल के मुकाबले GST कलेक्शन कम रहा.

  • हिमाचल प्रदेश – 22% की गिरावट
  • उत्तराखंड – 18% की गिरावट
  • पुडुचेरी – 17% की गिरावट
  • मध्य प्रदेश – 10% की गिरावट
  • आंध्र प्रदेश – 5% की गिरावट
  • तमिलनाडु – 1% की मामूली गिरावट

यह भी पढ़ें- DA Hike: क्या इस दिवाली पर फिर बढ़ेगा महंगाई भत्ता? AICPI के आंकड़ों से मिला बड़ा संकेत