‘फ्री सीट’ पर फंसा पेंच, IndiGo, Air India और SpiceJet ने किया सरकार के फैसले का विरोध, क्या अब महंगा होगा हवाई सफर
सरकार के 60% सीट मुफ्त चुनने के फैसले का IndiGo, Air India और SpiceJet ने विरोध किया है, इसे आय पर असर डालने वाला बताया है. एयरलाइंस का कहना है कि अगर नियम लागू हुआ तो नुकसान की भरपाई के लिए बेस किराया बढ़ाना पड़ सकता है.
Airlines Oppose Govt Order For free seats: हवाई यात्रियों को राहत देने के इरादे से लिया गया सरकार का एक बड़ा फैसला अब एयरलाइंस और सरकार के बीच टकराव की वजह बन गया है. IndiGo, Air India और SpiceJet ने इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताया है. दरअसल, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि हर फ्लाइट में कम से कम 60% सीटों को यात्रियों को मुफ्त चुनने की आजादी दी जाए. मगर एयरलाइंस का कहना है कि इसका असर उल्टा पड़ सकता है. इतना ही नहीं एयरलाइंस कंपनियों ने दबाव बढ़ने पर किराया महंगा करने की भी बात कही है.
एयरलाइंस ने जताया विरोध
एयरलाइंस संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस ने सिविल एविएशन सचिव समीर कुमार सिन्हा को पत्र लिखकर इस फैसले को वापस लेने की मांग की है. FIA का कहना है कि सीट चयन शुल्क एयरलाइंस की आय का महत्वपूर्ण हिस्सा है. पहले से ही ऑपरेशन कॉस्ट लगातार बढ़ रही है. ऐसे में सरकार के इस फैसले से उनकी कमाई पर सीधा असर पड़ेगा. एयरलाइंस के मुताबिक वे बेहद कम मार्जिन पर काम करती हैं और अतिरिक्त आय (ancillary revenue) जैसे सीट चयन, बैगेज, मील्स आदि से ही लागत को संतुलित करती हैं.
वेस्ट एशिया तनाव का भी दबाव
FIA ने सरकार के फैसले पर असहमति जताते हुए कहा कि बिना स्टेकहोल्डर से चर्चा किए फैसला लिया गया है. यह मार्केट आधारित प्राइसिंग सिस्टम में दखल है. इससे भविष्य में और भी रेगुलेटरी हस्तक्षेप बढ़ सकते हैं. चूंकि जेट फ्यूल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और वेस्ट एशिया में चल रहे संघर्ष का असर फ्लाइट ऑपरेशन पर पड़ रहा है. ऐसे में एयरपोर्ट चार्ज और मेंटेनेंस लागत भी बढ़ रही है. जिसका दबाव एयरलाइंस पर पड़ रहा है. इसी बीच सरकार का फ्री सीट चुनने का फैसला एयरलाइंस कंपनियों का बोझ बढ़ा सकती है.
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट तनाव से झटका! इंडस्ट्रियल डीजल 22 रुपये महंगा, आम लोगों के लिए पेट्रोल-डीजल के रेट में कोई बदलाव नहीं
किराए पर क्या पड़ेगा असर?
एयरलाइंस ने कहा कि अगर यह नियम लागू हुआ तोउन्हें नुकसान की भरपाई के लिए बेस किराया बढ़ाना पड़ेगा. इसका असर सभी यात्रियों पर पड़ेगा, चाहे वे सीट चुनें या नहीं. इसका असर सस्ते टिकट लेने वाले यात्रियों पर सबसे ज्यादा होगा. यानी जो सुविधा मुफ्त दी जा रही है, उसकी कीमत कहीं न कहीं पूरे किराए में जोड़ दी जाएगी.
अभी कितना लगता है सीट चार्ज?
- फिलहाल एयरलाइंस सीट चयन के लिए 200 रुपये से लेकर 2100 रुपये तक वसूलती हैं.
- फ्रंट रो सीट और एक्स्ट्रा लेगरूम वाली सीटें महंगी होती हैं.
- विंडो या ऐजल सीट के लिए भी अलग-अलग शुल्क लिया जाता है.
