अमेरिका-ईरान शांति वार्ता की खबरों से बदल गया ऑयल मार्केट का मूड! ब्रेंट क्रूड 6% टूटा, WTI $100 से नीचे

ईरान और अमेरिका के बीच संभावित युद्धविराम समझौते की खबरों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली. ब्रेंट क्रूड 6% तक टूटा जबकि WTI क्रूड $100 से नीचे फिसल गया. पाकिस्तान की मध्यस्थता में चल रही बातचीत और डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने वैश्विक तेल बाजार में हलचल बढ़ा दी है.

कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट Image Credit: @Money9live

Oil Price Today: वैश्विक तेल बाजारों में बुधवार को उस समय भारी तबाही देखने को मिली, जब अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम की बातचीत आगे बढ़ने की खबरों ने बाजार को झकझोर दिया. ईरान और अमेरिका के बीच जारी भीषण तनाव के बीच अचानक आई इस शांति की खबर से कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई. ग्लोबल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) एक झटके में 8% टूटकर $103.3 प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी क्रूड वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (WTI) भी 8% की गोता लगाकर $100 के स्तर से नीचे $97.06 प्रति बैरल पर फिसल गया. हालांकि गुरुवार सुबह के वक्त तेल की कीमतों में कुछ रिकवरी दिखी.

पाकिस्तानी मध्यस्थों की एंट्री से घटे दाम

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक, पाकिस्तान की मध्यस्थता के जरिए दोनों देशों के बीच युद्धविराम वार्ता अभी भी जारी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि तेहरान और वाशिंगटन अपनी बातचीत के “अंतिम चरण” में हैं.

बाजार के ताजा आंकड़े (आज सुबह 6 बजे IST):

  • ब्रेंट क्रूड: $106.1 प्रति बैरल पर ट्रेड (मंगलवार के बंद भाव $112 से 5% नीचे)
  • WTI क्रूड: $99.6 प्रति बैरल पर ट्रेड (इंट्राडे लो $97.06 से मामूली रिकवरी, 4.5% नीचे)

इस्लामाबाद में होगी अंतिम दौर की बैठक

तमाम मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, दोनों पक्षों के बीच एक ड्राफ्ट समझौते को अंतिम रूप देने के लिए गंभीर प्रयास चल रहे हैं. एनडीटीवी की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख गुरुवार को ईरान का दौरा कर सकते हैं, जहां अंतिम मसौदा तैयार होने का आधिकारिक एलान किया जा सकता है. इसके बाद, अगले दौर की वार्ता हज सीजन के बाद 30 मई, 2026 को इस्लामाबाद में आयोजित की जाएगी.

यह भी पढ़ें: तेजी के मूड में ये 3 शेयर, एक्सपर्ट बोले अभी और भाग सकते हैं स्टॉक्स; जानें क्या हैं टारगेट प्राइस

28 फरवरी के बाद पहली बड़ी राहत

बता दें कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हवाई हमलों के बाद से ही कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही थीं. पिछले दो महीनों में ब्रेंट क्रूड कई बार $120 प्रति बैरल के स्तर को पार कर चुका है. हालांकि, ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने हाल ही में कहा था कि देश अमेरिका और इजरायल के खिलाफ ऐतिहासिक प्रतिरोध कर रहा है, लेकिन यदि यह शांति समझौता हो जाता है, तो पश्चिम एशिया में जारी महीनों पुराना सैन्य संकट खत्म हो जाएगा और तेल बाजार को बड़ी राहत मिलेगी.