स्टार्टअप सेक्टर में नौकरियों पर संकट! 7 महीने में निकाले गए 4500 से ज्यादा कर्मचारी, इन वजहों से हुई छंटनी

जुलाई 2025 से अब तक भारतीय स्टार्टअप्स में 4,500 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी हुई है. फंडिंग की कमी, मुनाफे का दबाव और AI पर बढ़ता फोकस इसकी बड़ी वजह है. कंपनियां अब लीन टीम और चुनिंदा हायरिंग पर जोर दे रही हैं. हालांकि AI और ग्रीन-टेक सेक्टर में नई नौकरियों की उम्मीद है.

स्टार्टअप छंटनी Image Credit: AI

भारत के स्टार्टअप सेक्टर में पिछले कुछ महीनों से छंटनी का दौर जारी है. TOI ने एग्जीक्यूटिव सर्च फर्म Longhouse Consulting के आंकड़ों के हवाले से बताया है कि जुलाई 2025 से अब तक 4,500 से ज्यादा कर्मचारियों की नौकरी जा चुकी है. फंडिंग में कमी, मुनाफे का दबाव और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती भूमिका इस ट्रेंड की बड़ी वजह बनकर सामने आई है. आइये जानते हैं कि नौकरियों के जाने के पीछे क्या कारण हैं?

क्यों छूटीं नौकरियां

रिपोर्ट के अनुसार, ऑनलाइन रियल-मनी गेमिंग पर अचानक लगी पाबंदी से कई स्टार्टअप्स को रातों-रात बंद होना पड़ा जिससे छंटनी के आंकड़े तेजी से बढ़े. इसके अलावा निवेशकों का दबाव है कि कंपनियां जल्द से जल्द मुनाफे की राह पर आएं. इसी वजह से अब स्टार्टअप्स छोटी और चुनी हुई टीम के साथ काम करने की रणनीति अपना रहे हैं और केवल उन्हीं पदों पर भर्ती कर रहे हैं जो सीधे ग्रोथ से जुड़े हैं.

कई कंपनियां अब AI-फर्स्ट मॉडल पर काम कर रही हैं, जहां कम कर्मचारियों में ज्यादा काम करने की योजना बनाई जा रही है. उदाहरण के तौर पर, होम डेकोर स्टार्टअप Livspace ने हाल ही में AI पर फोकस बढ़ाने के चलते करीब 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है.

क्यों छंटनी कर रहीं कंपनियां

TOI ने एचआर एक्सपर्ट्स के हवाले से बताया है कि निवेशक अब उन्हीं स्टार्टअप्स को तरजीह दे रहे हैं जो कम कर्मचारियों के साथ बेहतर नतीजे दिखा सकें. ऐसे में कंपनियां खर्च कम कर रही हैं व टीम को लीन बना रही हैं और केवल जरूरी हायरिंग ही कर रही हैं. IPO की तैयारी कर रही कई कंपनियां भी लागत घटाने और मुनाफा दिखाने के लिए छंटनी कर रही हैं.

रिपोर्ट में बताया गया है कि Porter, Zepto, Krutrim और Zupee जैसी कंपनियों में भी इस दौरान कर्मचारियों की संख्या घटाई गई है. हालांकि हाल के महीनों में छंटनी की रफ्तार कुछ धीमी हुई है. एंट्री-लेवल हायरिंग अभी भी सतर्क है लेकिन 4 से 10 साल के अनुभव वाले स्पेशलिस्ट्स की मांग बढ़ रही है.

किस कंपनी ने कितने कर्मचारियों का निकाला

कंपनीछंटनी (कर्मचारी)
LivSpace1000
Games 24×7400
GamesKraft400
Zupee370
Porter350
Junglee Games350
Mobile Premier League300
Zepto300
Krutrim150
GupShup100
Simpl80
Bobble AI50
BharatAgri37
सोर्स: TOI

कहां पैदा होंगी नौकरियां

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में ग्रीन-टेक और AI आधारित स्टार्टअप्स में नई नौकरियां पैदा होंगी. साथ ही, लागत कम करने के लिए कंपनियां टियर-2 शहरों और रिमोट रोल्स पर भी ज्यादा ध्यान दे रही हैं.

इसे भी पढ़ें: Reliance Retail, Flipkart टॉप अनलिस्टेड सितारे, इन 100 अनलिस्टेड कंपनियों की वैल्यू 28.5 लाख करोड़