SBI में 2 दिन की हड़ताल! इन 4 दिनों तक बैंक के कामकाज पर हो सकता है असर, जानें क्या है कारण

State Bank of India में 25 और 26 मई को कर्मचारियों की हड़ताल से बैंक सर्विस प्रभावित हो सकती हैं. 23 मई को चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण ब्रांचएं लगातार चार दिन बंद रह सकती हैं. यूनियन ने स्टाफ की कमी, पेंशन, भर्ती और सेवा शर्तों को लेकर 16 मांगें रखी हैं.

State Bank of India में 25 और 26 मई को कर्मचारियों की हड़ताल से बैंक सर्विस प्रभावित हो सकती हैं. Image Credit: money9live & AI image

State Bank of India में इस महीने के अंत में बैंकिंग सर्विस पर असर पड़ सकता है. कर्मचारियों के यूनियन ने दो दिन की देशभर में हड़ताल का ऐलान किया है. यह हड़ताल 25 और 26 मई को होने वाली है. इससे पहले 23 मई को चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण बैंक लगातार चार दिन बंद रह सकते हैं. ऐसे में ग्राहकों को ब्रांच से जुड़े कामों में दिक्कत आ सकती है. हालांकि डिजिटल सर्विस चालू रहेंगी लेकिन कुछ देरी हो सकती है.

चार दिन तक बंद रह सकती हैं ब्रांच

SBI की ब्रांचएं 23 मई से 26 मई तक लगातार बंद रहने की संभावना है. 23 मई को चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार के कारण पहले से ही छुट्टी रहती है. इसके बाद 25 और 26 मई को हड़ताल होने से कामकाज ठप रह सकता है. इस वजह से ग्राहकों को बैंक जाकर किए जाने वाले काम टालने पड़ सकते हैं. खासकर कैश जमा और निकासी जैसी सर्विस प्रभावित हो सकती हैं.

कर्मचारी यूनियन का हड़ताल का ऐलान

All India State Bank of India Staff Federation ने यह हड़ताल कर्मचारियों की मांगों को लेकर घोषित की है. यूनियन का कहना है कि लंबे समय से कई मुद्दे लंबित हैं जिन पर ध्यान नहीं दिया गया. इसमें स्टाफ की कमी, सेवा शर्तें और भर्ती से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं. यूनियन का आरोप है कि पहले हुए समझौतों को भी पूरी तरह लागू नहीं किया गया है.

कई मांगों को लेकर बढ़ा विवाद

यूनियन ने कुल 16 मांगें रखी हैं जो कर्मचारियों से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर आधारित हैं. इनमें सपोर्ट स्टाफ की भर्ती बढ़ाने और सुरक्षा कर्मचारियों की संख्या सुधारने की मांग शामिल है. साथ ही वेतन असमानता को दूर करने की बात भी कही गई है. इसके अलावा कर्मचारियों के मेडिकल लाभ और कामकाज की स्थिति में सुधार की मांग भी उठाई गई है.

पेंशन और भर्ती को लेकर भी नाराजगी

यूनियन ने पेंशन से जुड़े नियमों में बदलाव की भी मांग की है. National Pension System के तहत अधिक लचीलापन और बेहतर लाभ देने की बात कही गई है. इसके अलावा करियर ग्रोथ में सुधार और पेंशन कैलकुलेशन में बदलाव की जरूरत बताई गई है. कम स्तर के पदों पर भर्ती घटने को लेकर भी चिंता जताई गई है.

ये भी पढ़ें- Tata Power की World Bank-Bhutan के साथ तिकड़ी… ₹4200 करोड़ की डील, 1125 मेगावॉट प्रोजेक्ट से बढ़ेगी ऊर्जा ताकत

ग्राहकों पर क्या होगा असर

अगर हड़ताल होती है तो ग्राहकों को बैंक ब्रांच से जुड़ी सर्विस में दिक्कत हो सकती है. कैश ट्रांजेक्शन, चेक क्लियरेंस और अन्य काम प्रभावित हो सकते हैं. हालांकि डिजिटल बैंकिंग सर्विस चालू रहेंगी लेकिन बैकएंड प्रोसेसिंग धीमी होने से कुछ ट्रांजैक्शन में देरी हो सकती है. ऐसे में ग्राहकों को पहले से ही जरूरी काम निपटाने की सलाह दी जा रही है.