रेल यात्रियों के लिए SC की बड़ी राहत, अब ऑनलाइन ही नहीं, काउंटर से टिकट लेने वाले को भी मिलेगा इंश्योरेंस!
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि रेल यात्रियों को यात्रा बीमा का लाभ टिकट बुकिंग के तरीके के आधार पर नहीं रोका जा सकता. कोर्ट के मुताबिक ऑनलाइन और काउंटर से टिकट लेने वाले सभी यात्रियों को समान रूप से ट्रैवल इंश्योरेंस की सुविधा मिलनी चाहिए.
Indian Rail Tickets: भारत में हर दिन लाखों लोग ट्रेन से सफर करते हैं. रेलवे देश के सबसे बड़े और सस्ते परिवहन साधनों में से एक है. ट्रेन यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे की ओर से यात्रा बीमा की सुविधा भी दी जाती है. लेकिन अभी तक यह सुविधा मुख्य रूप से उन यात्रियों को ही मिलती थी जो अपना टिकट ऑनलाइन बुक करते हैं. जो लोग रेलवे स्टेशन के काउंटर से टिकट खरीदते हैं, उन्हें यह सुविधा नहीं मिलती.
इसी व्यवस्था को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था. अब सुप्रीम कोर्ट ने इस पर अहम फैसला सुनाते हुए कहा है कि टिकट खरीदने के तरीके के आधार पर यात्रियों के साथ अलग व्यवहार नहीं किया जा सकता. कोर्ट ने साफ कहा कि सभी रेलवे यात्रियों को यात्रा बीमा की सुविधा समान रूप से मिलनी चाहिए, चाहे उन्होंने टिकट ऑनलाइन खरीदा हो या काउंटर से.
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
ET की एक रिपोर्ट के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि रेलवे यात्रियों के साथ ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकट के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता. कोर्ट के अनुसार सभी यात्रियों को यात्रा बीमा का लाभ मिलना चाहिए. सिर्फ इसलिए कि किसी यात्री ने टिकट काउंटर से खरीदा है, उसे बीमा सुविधा से वंचित नहीं किया जा सकता.
कोर्ट ने क्या कहा
न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और आर. महादेवन की पीठ ने कहा कि रेलवे को सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए. कोर्ट ने कहा कि आज के समय में आधुनिक तकनीक उपलब्ध है. इसलिए रेलवे काउंटर पर टिकट लेने वाले यात्रियों की पहचान दर्ज करना भी संभव है. कोर्ट ने यह भी माना कि यात्रा बीमा के दुरुपयोग की संभावना हो सकती है. लेकिन इसका समाधान ढूंढना जरूरी है. कोर्ट के अनुसार दुरुपयोग के डर से किसी एक वर्ग के यात्रियों को सुविधा से वंचित नहीं किया जा सकता.
अभी क्या है नियम
फिलहाल जो यात्री IRCTC वेबसाइट के जरिए टिकट बुक करते हैं, वे बहुत कम शुल्क देकर यात्रा बीमा का ऑप्शन चुन सकते हैं. इसके लिए यात्रियों को लगभग 49 पैसे से 1 रुपये तक का एक्सट्रा करना पड़ता है. लेकिन रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से टिकट खरीदने वाले यात्रियों के पास यह ऑप्शन अभी उपलब्ध नहीं है.
ये भी पढ़ें- 16 मार्च को Jindal Stainless, IndiGo, GMR Airports समेत फोकस में रहेंगे ये शेयर, दिखेगी हलचल!
