US या इजरायल नहीं, इस देश के पास है दुनिया का सबसे ताकतवर एयर डिफेंस सिस्टम, 500 km तक है रेंज

आधुनिक युद्ध में एयर डिफेंस सिस्टम किसी भी देश की सुरक्षा की अहम ढाल बन चुके हैं. बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज मिसाइल, ड्रोन और हाइपरसोनिक हथियारों से बचाव के लिए देश एडवांस सिस्टम विकसित कर रहे हैं. 2026 में S 500 Prometheus, S 400 Triumph, THAAD, David Sling और Patriot PAC 3 जैसे सिस्टम दुनिया के सबसे ताकतवर एयर डिफेंस में शामिल हैं.

एयर डिफेंस सिस्टम किसी भी देश की सुरक्षा की अहम ढाल बन चुके हैं. Image Credit: money9live

Air Defence System: इस समय दुनिया के दो हिस्सों पश्चिम एशिया और यूरोप में युद्ध चल रहा है. एक तरफ रूस और यूक्रेन पिछले 4 साल से युद्ध में उलझे हुए हैं. वहीं पिछले करीब 15 दिनों से पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल, अमेरिका के बीच तनाव और सैन्य टकराव देखने को मिल रहा है. इन युद्धों में दो चीजों ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है, ड्रोन और एयर डिफेंस सिस्टम. आज के आधुनिक युद्ध में ये दोनों सबसे अहम हथियार बनकर उभरे हैं. जहां ड्रोन हमलों के लिए सस्ता और असरदार विकल्प बन गए हैं, वहीं एयर डिफेंस सिस्टम हवाई हमलों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. किसी देश की सैन्य ताकत का अंदाजा उसके एयर डिफेंस सिस्टम से भी लगाया जाता है. आमतौर पर इन्हें विकसित और शक्तिशाली देश ही बना पाते हैं. आइए दुनिया के टॉप एयर डिफेंस सिस्टम के बारे में जानते हैं.

S 500 Prometheus

रूस का S 500 Prometheus दुनिया के सबसे ताकतवर एयर और मिसाइल डिफेंस सिस्टम में गिना जाता है. यह सिस्टम इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल और हाइपरसोनिक हथियारों को रोकने की क्षमता रखता है. इसकी मारक क्षमता करीब 500 से 600 किलोमीटर तक बताई जाती है. यह सिस्टम अंतरिक्ष के करीब ऊंचाई पर भी लक्ष्यों को इंटरसेप्ट कर सकता है. इसकी एडवांस रडार तकनीक एक साथ कई तेज गति वाले लक्ष्यों को ट्रैक कर सकती है.

S 400 Triumph

रूस का S 400 Triumph भी दुनिया के सबसे भरोसेमंद एयर डिफेंस सिस्टम में शामिल है. यह सिस्टम लड़ाकू विमान, ड्रोन, क्रूज मिसाइल और बैलिस्टिक मिसाइल को निशाना बना सकता है. इसकी अधिकतम रेंज करीब 400 किलोमीटर तक है. इसकी मल्टी लेयर मिसाइल तकनीक अलग- अलग दूरी पर दुश्मन के लक्ष्यों को नष्ट कर सकती है. कई देशों ने अपनी हवाई सुरक्षा मजबूत करने के लिए इस सिस्टम को खरीदा है.

THAAD

अमेरिका का THAAD यानी Terminal High Altitude Area Defense सिस्टम खास तौर पर बैलिस्टिक मिसाइल को रोकने के लिए बनाया गया है. यह मिसाइलों को उनके अंतिम चरण में इंटरसेप्ट करता है. इसकी इंटरसेप्शन ऊंचाई करीब 150 किलोमीटर तक पहुंच सकती है. इसमें हिट टू किल तकनीक का उपयोग होता है जो बिना विस्फोटक के सीधे टकराकर लक्ष्य को नष्ट करती है. यह सिस्टम कई देशों की मिसाइल डिफेंस रणनीति का अहम हिस्सा है.

David Sling

David Sling इजराइल और अमेरिका का ज्वाइंट एयर डिफेंस सिस्टम है. यह सिस्टम कम दूरी के Iron Dome और लंबी दूरी के सिस्टम के बीच की जरूरत को पूरा करता है. इसकी रेंज करीब 300 किलोमीटर तक मानी जाती है. यह क्रूज मिसाइल, बैलिस्टिक मिसाइल और विमान जैसे लक्ष्यों को निशाना बना सकता है. इसका Stunner इंटरसेप्टर काफी तेज और सटीक माना जाता है.

ये भी पढ़ें- फ्लैगशिप स्मार्टफोन खरीदने का है प्लान? Xiaomi 17 Ultra का विकल्प बन सकते हैं ये 4 फोन; कैमरा और परफॉर्मेंस है दमदार

Patriot PAC 3

अमेरिका का Patriot PAC 3 दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले एयर डिफेंस सिस्टम में से एक है. यह खास तौर पर बैलिस्टिक मिसाइल को रोकने के लिए जाना जाता है. इसकी रेंज करीब 160 से 170 किलोमीटर तक है. समय समय पर इसमें कई तकनीकी सुधार किए गए हैं जिससे यह आधुनिक खतरों के खिलाफ भी प्रभावी बना हुआ है. कई देशों की वायु सुरक्षा में यह सिस्टम अहम भूमिका निभा रहा है.