LPG बुकिंग के नाम पर बिछ रहा ठगी का नया जाल, गैस एजेंसी के नाम से आने वाले ऐसे कॉल से रहें सतर्क, दिल्ली पुलिस का अलर्ट

देश में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच साइबर ठगों ने लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. गैस एजेंसी के नाम पर फर्जी मैसेज और लिंक भेजकर लोगों को ठगा जा रहा है. दिल्ली पुलिस ने इस नए साइबर फ्रॉड को लेकर अलर्ट जारी किया है और लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें.

LPG Shortage Cyber Fraud Image Credit: @AI/Money9live

LPG Shortage Cyber Fraud: देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की कमी की खबरों के बीच साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं. गैस एजेंसी के नाम पर लोगों को फोन, मैसेज और सोशल मीडिया लिंक भेजकर ठगी की कोशिश की जा रही है. इसे लेकर दिल्ली पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. पुलिस का कहना है कि ठग गैस सिलेंडर की कमी की अफवाह का फायदा उठाकर लोगों को फर्जी लिंक पर क्लिक करने या जानकारी साझा करने के लिए उकसा रहे हैं.

क्या है LPG गैस के नाम पर होने वाली ठगी?

एलपीजी सिलेंडर की मांग बढ़ने और सप्लाई को लेकर लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है. इसी स्थिति का फायदा उठाकर साइबर अपराधी लोगों को गैस एजेंसी के नाम पर मैसेज या कॉल करते हैं. इन मैसेजों में दावा किया जाता है कि अगर तुरंत लिंक पर क्लिक नहीं किया या तुरंत रजिस्ट्रेशन नहीं किया तो गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा या बुकिंग रद्द हो जाएगी. कई मामलों में फर्जी वेबसाइट या ऐप के जरिए लोगों से ऑनलाइन भुगतान भी कराया जाता है.

कैसे काम करता है यह साइबर फ्रॉड?

साइबर ठग लोगों को फंसाने के लिए कई तरीके अपनाते हैं –

  • गैस एजेंसी के नाम से कॉल या मैसेज भेजना
  • “तुरंत सिलेंडर बुकिंग” या “इमरजेंसी डिलीवरी” का लालच देना
  • व्हाट्सऐप या SMS पर फर्जी लिंक भेजना
  • APK फाइल डाउनलोड करवाकर मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल करना

जब कोई व्यक्ति इन लिंक पर क्लिक करता है या ऐप डाउनलोड करता है तो उसके मोबाइल से बैंकिंग डिटेल, पासवर्ड और OTP जैसी संवेदनशील जानकारी चुरा ली जाती है और खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं.

बचाव के तरीके क्या हैं

दिल्ली पुलिस ने ऐसे फ्रॉड से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां बताई हैं –

  • किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें.
  • गैस बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही करें.
  • फोन पर बैंक डिटेल, OTP या UPI PIN साझा न करें.
  • किसी भी संदिग्ध ऑफर या “जल्दी बुकिंग” के लालच से बचें.
  • सोशल मीडिया पर चल रहे गैस ऑफर की पहले पुष्टि करें.
  • अगर कोई संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज मिले तो उसे तुरंत नजरअंदाज करें.

साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा तरीका जागरूकता है. हमेशा गैस एजेंसी से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक स्रोत से ही लें. अगर किसी के साथ ऐसी ठगी हो जाए तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें. समय रहते शिकायत करने से पैसे वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है.