टेक इंडस्ट्री में AI का असर, Meta में फिर छंटनी की तैयारी, 20% कर्मचारियों पर लटक रही तलवार
टेक दिग्गज मेटा प्लेटफॉर्म्स में एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी की आशंका जताई जा रही है. रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ऑपरेशनल एफिशिएंसी बढ़ाने और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर में भारी निवेश की योजना के तहत वर्कफोर्स में कटौती पर विचार कर रही है. अगर यह फैसला लागू होता है तो करीब 20 फीसदी कर्मचारियों की नौकरी प्रभावित हो सकती है. लगभग 16,000 लोगों पर असर पड़ सकता है.
Meta Job Cuts: टेक दिग्गज मेटा प्लेटफॉर्म्स में एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी की तैयारी हो रही है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर पर तेजी से निवेश बढ़ा रही है और ऑपरेशनल एफिशिएंसी सुधारने के लिए वर्कफोर्स में कटौती पर विचार कर रही है. रिपोर्ट के अनुसार, अगर यह योजना लागू होती है तो कंपनी के करीब 20 फीसदी कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है, जो 2023 के बाद मेटा की सबसे बड़ी छंटनी होगी.
16,000 कर्मचारियों पर पड़ सकता है असर
मेटा के दिसंबर 2025 तक लगभग 79,000 कर्मचारी थे. ऐसे में अगर 20 फीसदी तक छंटनी होती है तो करीब 16,000 कर्मचारियों की नौकरी प्रभावित हो सकती है. हालांकि कंपनी ने अभी तक इस योजना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. मेटा के प्रवक्ता एंडी स्टोन ने इस रिपोर्ट को “सैद्धांतिक संभावनाओं पर आधारित अटकल” बताया है.
कंपनी के भीतर चल रही है चर्चा
रिपोर्ट के मुताबिक मेटा के वरिष्ठ अधिकारियों ने संगठन के भीतर संभावित छंटनी को लेकर चर्चा शुरू कर दी है. टीमों से कहा गया है कि वे अपने ऑपरेशन्स को ज्यादा प्रभावी बनाने और लागत कम करने के विकल्पों पर विचार करें. अगर यह फैसला लिया जाता है तो यह 2022 और 2023 के बाद कंपनी का सबसे बड़ा रीस्ट्रक्चरिंग कदम होगा.
पहले भी हो चुकी है बड़ी छंटनी
मेटा ने नवंबर 2022 में लगभग 11,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था, जो उस समय कंपनी के कुल कर्मचारियों का करीब 13 फीसदी था. इसके बाद 2023 में कंपनी ने करीब 10,000 और नौकरियों में कटौती की थी. उस समय मेटा ने लागत कम करने के अभियान को “ईयर ऑफ एफिशिएंसी” नाम दिया था.
AI पर बड़े निवेश की तैयारी
सीईओ मार्क जुकरबर्ग कंपनी को तेजी से जनरेटिव AI की दिशा में आगे बढ़ाना चाहते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक मेटा 2028 तक AI डाटा सेंटर बनाने के लिए लगभग 600 अरब डॉलर तक निवेश करने की योजना बना रही है. इसके अलावा कंपनी AI टैलेंट को आकर्षित करने के लिए बड़े पैकेज भी ऑफर कर रही है और कई AI स्टार्टअप्स के अधिग्रहण पर भी काम कर रही है.
टेक इंडस्ट्री में बढ़ रहा AI का असर
AI के तेजी से बढ़ते उपयोग के कारण पूरी टेक इंडस्ट्री में वर्कफोर्स स्ट्रक्चर बदल रहा है. कई कंपनियां ऑटोमेशन और AI टूल्स के कारण कर्मचारियों की संख्या कम कर रही हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में AI के कारण टेक कंपनियों में काम करने के तरीके और नौकरी की प्रकृति में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
यह भी पढ़ें: बिकवाली से हाहाकार! 4 सत्रों में निवेशकों के ₹11 लाख करोड़ खाक, बाजार में आएगी अभी और तबाही?
Latest Stories
Instagram पर अब सेफ नहीं रहेंगी पर्सनल चैट! Meta का बड़ा ऐलान, खत्म होगा एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन; तारीख तय
क्या ChatGPT में सेव रहती है आपकी सारी चैट, जानिए हिस्ट्री डिलीट और छिपाने का आसान तरीका
Lava Bold 2 5G लॉन्च, 50MP कैमरा, 120Hz AMOLED डिस्प्ले और 5000mAh की बड़ी बैटरी; जानें कीमत
