ट्रंप ने भारत पर टैरिफ घटाया, 25 से 18 फीसदी हुआ रेसिप्रोकल टैरिफ, मोदी से फोन पर बात के बाद ऐलान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयात पर रेसिप्रोकल टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने का ऐलान किया है. ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के बाद यह ट्रेड डील तुरंत लागू की गई है, जिससे भारत के निर्यात, व्यापार और निवेशकों के भरोसे को मजबूती मिलेगी.
US India Tariff Reduction: अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले सामान पर टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है, जिसे भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. इस फैसले से भारत के निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में बेहतर प्रतिस्पर्धा मिलेगी और एक्सपोर्ट की लागत कम होगी. खासतौर पर टेक्सटाइल, ऑटो कंपोनेंट्स, इंजीनियरिंग गुड्स और फार्मा सेक्टर को इसका सीधा फायदा मिल सकता है. टैरिफ में कटौती से द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है और निवेशकों का भरोसा भी मजबूत होगा. ट्रंप ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर दी है.
ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी. वह मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं और अपने देश के एक ताकतवर व सम्मानित नेता हैं. हमारी बातचीत कई मुद्दों पर हुई, जिनमें व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने का विषय भी शामिल था. प्रधानमंत्री मोदी ने रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका से, तथा संभवतः वेनेजुएला से ज्यादा तेल खरीदने पर सहमति जताई. इससे यूक्रेन में चल रहा युद्ध खत्म करने में मदद मिलेगी, जहां हर हफ्ते हजारों लोगों की जान जा रही है.
‘पीएम मोदी के साथ दोस्ती ने कराई डील’
इससे इतर ट्रंप ने लिखा कि, प्रधानमंत्री मोदी के साथ दोस्ती और सम्मान के तहत और उनके अनुरोध पर, हमने अमेरिका और भारत के बीच एक ट्रेड डील पर तुरंत सहमति बनाई है. इसके तहत अमेरिका भारत पर लगने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करेगा. वहीं भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और नॉन-टैरिफ बैरियर्स को घटाकर शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा.
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘BUY AMERICAN’ यानी अमेरिका से ज्यादा खरीदने की भी प्रतिबद्धता जताई है. इसके तहत भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से ज्यादा की ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद खरीदेगा. आने वाले समय में भारत और अमेरिका के रिश्ते और मजबूत होंगे. प्रधानमंत्री मोदी और मैं ऐसे लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं, जो हर किसी के बारे में नहीं कहा जा सकता.
रुस से तेल खरीद की वजह से अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ पर अभी कोई बयान नहीं
हालांकि खबर लिखे जाने के वक्त ट्रंप या अमेरिकी प्रशासन ने भारत पर पेनॉल्टी के रुप में लगाए गए 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ पर कोई ऐलान नहीं किया है. अगस्त में ट्रंप ने भारत पर 25 फीसदी का रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था. इसके अलावा रुस से तेल खरीदने का आरोप लगाकर 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ भी लगाया था. ऐसे में भारत पर कुल मिलाकर 50 फीसदी का टैरिफ लग रहा था. मौजूदा ऐलान से भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ 7 फीसदी कम हो गया है. लेकिन अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ पर कोई फैसला अभी सामने नहीं आया है. लेकिन जिस तरह का ट्रंप ने ट्रूथ सोशल प्लेटफॉर्म पर ऐलान किया है. उससे लगता है कि वह जल्द ही अतिरिक्त टैरिफ भी हटा सकता है.




