मोदी बोले- थैंक यू ट्रंप, अब मेड इन इंडिया पर 18% टैरिफ; रुसी तेल खरीद पर USA का बड़ा दावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत के बाद कहा कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% किया गया है. पीएम मोदी ने इसे भारत के लिए बड़ी राहत बताया और कहा कि भारत-अमेरिका सहयोग से दोनों देशों के लोगों को फायदा होगा और साझेदारी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार रात को भारतीय टैरिफ पर बड़ा ऐलान किया. उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के बाद भारत पर लगाया गया रेसिप्रोकल टैरिफ 25% से घटाकर 18% कर दिया गया है. इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी पहली प्रतिक्रिया आ गई है. प्रधानमंत्री ने इस फैसले को भारत के लिए बड़ी राहत बताते हुए कहा कि यह कदम दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करेगा.
पीएम ने लिखी ये बात
पीएम मोदी ने X पर लिखा, “आज प्रिय मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करके बेहद खुशी हुई. यह जानकर प्रसन्नता है कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर अब 18% का रिड्यूस्ड टैरिफ लगेगा. इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का हार्दिक धन्यवाद. जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र साथ मिलकर काम करते हैं तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और आपसी सहयोग के लिए अपार अवसर खुलते हैं. राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूरी तरह समर्थन करता है. मैं उनके साथ मिलकर अपनी साझेदारी को नई और अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हूं.”
ट्रंप का दावा
राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करना मेरे लिए सम्मान की बात रही. वह मेरे सबसे करीबी मित्रों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली व सम्मानित नेता हैं. हमने कई विषयों पर चर्चा की, जिनमें व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करना भी शामिल है. उन्होंने रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका से, तथा संभावित रूप से वेनेजुएला से, कहीं अधिक तेल खरीदने पर सहमति जताई. इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को समाप्त करने में मदद मिलेगी, जहां हर हफ्ते हजारों लोगों की जान जा रही है.
ये भी कहा
इससे इतर ट्रंप ने लिखा कि, प्रधानमंत्री मोदी के साथ दोस्ती और सम्मान के तहत और उनके अनुरोध पर, हमने अमेरिका और भारत के बीच एक ट्रेड डील पर तुरंत सहमति बनाई है. इसके तहत अमेरिका भारत पर लगने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करेगा.
Latest Stories
MP में मेगा रोड प्रोजेक्ट, 22 किमी का टाइगर कॉरिडोर बनेगा 4 लेन हाईवे; 758 करोड़ के प्रोजेक्ट से बदलेगी तस्वीर
7 दिन तक नहीं थमेगा मौसम का कहर, UP समेत कई राज्यों में बारिश, ओले, तेज हवाओं के साथ ऑरेंज अलर्ट किया जारी
भारत-पाक के ऊपर बना 1000 KM का लंबा बादलों का घेरा, भारी बारिश का अलर्ट, इन राज्यों पर सबसे ज्यादा खतरा
