TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Budget 2025: सरकार ने कल्चर और कला क्षेत्र के लिए बढ़ाई आवंटन राशि, जानें किस पर कितना होगा खर्च

Budget 2025: सरकार संगीत नाटक अकादमी, साहित्य अकादमी, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र जैसे स्वायत्त सांस्कृतिक संस्थानों को महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता प्रदान करना जारी रखेगी. इन निकायों को सामूहिक रूप से 411.42 करोड़ रुपये मिलेंगे.

किस क्षेत्र को कितना मिला बजट. Image Credit: tv9

India Budget 2025: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को आम बजट 2025 पेश किया. सरकार ने संस्कृति मंत्रालय के लिए बजटीय आवंटन में बढ़ोतरी की है. यानी चालू वित्त वर्ष में 3,260.93 करोड़ रुपये के संशोधित अनुमान के मुकाबले कुल आवंटन 3,360.96 करोड़ रुपये किया गया है. मंत्रालय के तहत एक बड़ा हिस्सा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को गया है, जिसे 2024-25 में आवंटित 1273.91 करोड़ रुपये के मुकाबले 1,278.49 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.

भारतीय कलाओं और कलाकारों को बढ़ावा देने वाली प्रमुख योजना कला संस्कृति विकास योजना (केएसवीवाई) के लिए 198.50 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है. प्राचीन लिपियों के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन को 60 करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक है. इस बीच, सांस्कृतिक मानचित्रण पर राष्ट्रीय मिशन के लिए 22.46 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं, जिसका उद्देश्य एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के तहत सांस्कृतिक गतिविधियों को कंसोलिडेटेड करना है.

ये भी पढ़ें- आपके पास है 2 घर, तो अब नहीं देना होगा एक्सट्रा टैक्स, जानें कितना बचेगा पैसा

संगीत नाटक अकादमी के लिए बजट

पीटीआई के मुताबिक, सरकार संगीत नाटक अकादमी, साहित्य अकादमी, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र जैसे स्वायत्त सांस्कृतिक संस्थानों को महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता प्रदान करना जारी रखेगी. इन निकायों को सामूहिक रूप से 411.42 करोड़ रुपये मिलेंगे. इसके अलावा, विक्टोरिया मेमोरियल और भारतीय संग्रहालय सहित संग्रहालयों को उनके प्रदर्शन और संपर्क कार्यक्रमों को बढ़ाने के लिए 379.58 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.

उत्सवों के लिए कितना है बजट

हालांकि शताब्दी और वर्षगांठ के कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बजट में काफी कमी की गई है. इन उत्सवों के लिए बजट 2024-25 में 110 करोड़ रुपये था जिसे घटाकर 2025-26 में सिर्फ 35 करोड़ रुपये कर दिया गया है. हालांकि, बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, संविधान दिवस की 75वीं वर्षगांठ और अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती जैसे प्रमुख समारोह अब भी सरकारी सहायता से मनाए जाएंगे.

ये भी पढ़ें- 12 लाख की इनकम होने पर भी देना होगा टैक्स, यहां से की कमाई तो नहीं मिलेगी राहत

अभिलेखागार के लिए 156.55 करोड़ रुपये

अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सहयोग के लिए निर्धारित निधि में भी 2024-25 में 10.50 करोड़ रुपये से 2025-26 में 4.65 करोड़ रुपये तक की भारी गिरावट देखी गई है. एएसआई वह एजेंसी है जिसे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों सहित 3,693 केंद्रीय संरक्षित स्मारकों के संरक्षण और विकास का कार्य सौंपा गया है. अन्य आवंटनों के अलावा, ऐतिहासिक अभिलेखों और दस्तावेज के रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय पुस्तकालयों और अभिलेखागार के लिए 156.55 करोड़ रुपये रखे गए हैं. राष्ट्रीय संग्रहालय और राष्ट्रीय आधुनिक कला गैलरी जैसे संग्रहालयों को सांस्कृतिक संरक्षण प्रयासों को बढ़ाने के लिए 126.63 करोड़ रुपये मिलेंगे.