TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

गर्मियों की छुट्टियों में घर जाना होगा आसान, भारतीय रेलवे चलाएगा 18 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेन; जानें पूरी डिटेल

भारतीय रेलवे ने गर्मियों की छुट्टियों और बढ़ती भीड़ को देखते हुए 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 तक 18,262 समर स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाने का ऐलान किया है. इससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में मदद मिलेगी और प्रमुख रूट्स पर भीड़ कम होगी. रेलवे ने अब तक 11,878 ट्रिप्स को मंजूरी दे दी है. दिल्ली, मुंबई, पुणे, सूरत, अहमदाबाद और बेंगलुरु समेत कई शहरों को इसका लाभ मिलेगा.

भारतीय रेलवे Image Credit: tv9

Summer Special Train: गर्मी और स्कूल की छुट्टियों और शादी-विवाह सीजन के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. रेल मंत्रालय ने घोषणा की है कि 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 तक देशभर में 18,262 समर स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाई जाएंगी. इससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में मदद मिलेगी और प्रमुख रूट्स पर भीड़ का दबाव कम होगा. रेलवे ने अब तक 11,878 ट्रिप्स को मंजूरी दे दी है, जबकि बाकी ट्रेनों की घोषणा जल्द की जाएगी. इस फैसले से लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.

15 अप्रैल से 15 जुलाई तक चलेंगी विशेष ट्रेनें

रेल मंत्रालय के मुताबिक, समर सीजन में हर साल ट्रेनों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है. इसे ध्यान में रखते हुए 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 तक अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. मंत्रालय ने कहा कि यह योजना पीक ट्रैवल सीजन को ध्यान में रखकर बनाई गई है, ताकि यात्रियों को लंबी वेटिंग लिस्ट और भीड़भाड़ से राहत मिल सके. अब तक 11,878 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स की घोषणा हो चुकी है. शेष ट्रेनों की सूचना भी चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएगी.

किन शहरों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा

रेलवे की इस योजना से देश के बड़े शहरों और छोटे कस्बों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी. विशेष रूप से नई दिल्ली, मुंबई, लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी), छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), पुणे, सूरत, उधना, अहमदाबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. इन शहरों से हर साल लाखों लोग गर्मी की छुट्टियों में अपने गृह राज्यों की यात्रा करते हैं. ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनें यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होंगी.

रेलवे ने भीड़ नियंत्रण के लिए बनाई खास व्यवस्था

रेलवे सिर्फ ट्रेनों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए नई व्यवस्थाएं भी लागू कर रहा है. सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर रियल टाइम क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम शुरू किया गया है. इस सिस्टम के जरिए प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा, यात्रियों को लाइन में खड़ा कराया जाएगा और सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाया जाएगा. इससे अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की जैसी समस्याओं में कमी आएगी.

उधना स्टेशन पर दिखी बेहतर व्यवस्था

पश्चिम रेलवे ने उधना स्टेशन के वीडियो साझा किए हैं, जिनमें टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से ट्रेन संख्या 19045 उधना-थावे तापती गंगा एक्सप्रेस में चढ़ाते नजर आए. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गर्मियों में अपने घर लौटने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ती है, इसलिए स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.

यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

अगर आप भी गर्मियों में यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो जल्द से जल्द टिकट बुक कर लें. रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, आईआरसीटीसी ऐप या नजदीकी आरक्षण केंद्र से समर स्पेशल ट्रेनों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है. भारतीय रेलवे की यह पहल इस बार गर्मियों की यात्रा को ज्यादा आसान, सुरक्षित और आरामदायक बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है.

यह भी पढ़ें: Vedanta Demerger: 1 के बदले मिलेंगे 4 फ्री शेयर, जानें कितना होगा हर कंपनी का वैल्यूएशन, रिकॉर्ड डेट 1 मई