दिल्ली से UP तक बदला मौसम का मिजाज, ओले गिरने के साथ आंधी-बारिश का अलर्ट
अगले कुछ दिनों तक देश के कई राज्यों में मौसम एक्टिव रहने वाला है. गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में 20 मार्च तक मौसम बदला हुआ रह सकता है और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
IMD Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और कई एक्टिव मौसम प्रणालियों के कारण उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. कई राज्यों में ओलावृष्टि और भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है. इसी वजह से अगले एक हफ्ते तक देश के कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है.
उत्तर भारत में 20 मार्च तक आंधी-बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 20 मार्च तक गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी. 18 और 19 मार्च को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है. वहीं 19 और 20 मार्च को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी ओला गिरने की आशंका जताई गई है.
इसके अलावा 19 मार्च को पश्चिम राजस्थान और 20 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कहीं-कहीं ओले गिर सकते हैं.
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 19 और 20 मार्च को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई है. इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ सकती है और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है.
मध्य और पूर्वी भारत में भी एक्टिव रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 22 मार्च तक मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहेंगी. 19 और 20 मार्च को पूर्वी मध्य प्रदेश, 19 से 21 मार्च के बीच ओडिशा, 20 मार्च को पश्चिम मध्य प्रदेश और झारखंड तथा 20 और 21 मार्च को पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान है.
कई राज्यों में दर्ज हुई बारिश और ओलावृष्टि
पिछले 24 घंटों के दौरान देश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहा. अरुणाचल प्रदेश, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश दर्ज की गई. वहीं ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कुछ जगहों पर ओला पड़ने की खबर भी सामने आई.
इसके अलावा असम-मेघालय, झारखंड, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश में 50 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी देखी गई.
अगले एक हफ्ते तक नहीं पड़ेगी भीषण गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार देश के कई हिस्सों में लगातार आंधी-बारिश और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण अगले एक सप्ताह तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना नहीं है. कई राज्यों में दिन का तापमान सामान्य से कम या सामान्य के आसपास बना रह सकता है.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 30°C से 32°C और न्यूनतम तापमान 16°C से 18°C के बीच दर्ज किया गया. 19 मार्च को आसमान सामान्य रूप से बादलों से ढका रहेगा. सुबह हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ 20 से 30 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. दोपहर और शाम के समय एक-दो दौर हल्की बारिश के साथ हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा और झोंकों में 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. अधिकतम तापमान 28°C से 30°C और न्यूनतम तापमान 18°C से 20°C के बीच रहने की संभावना है.
वहीं 20 मार्च को आसमान बादलों से घिरा रहेगा. सुबह हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. दोपहर या शाम के समय भी हल्की बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं. इस दिन अधिकतम तापमान 26°C से 28°C और न्यूनतम तापमान 16°C से 18°C के बीच रहने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें- घर ले आइए यह सरकारी स्टोव, LPG सिलेंडर से मिलेगा छुटकारा; फ्री में बनेगा खाना
