कहीं लू तो कहीं बारिश-ठंड का कहर, दिल्ली-यूपी में नया अलर्ट; जानें देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल
कुल मिलाकर मार्च का महीना इस बार मौसम के कई रंग दिखा रहा है. जहां एक तरफ गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से बीच-बीच में ठंड और बारिश का दौर भी जारी है. आने वाले दिनों में उत्तर भारत में गर्मी बढ़ने के संकेत हैं, लेकिन बीच-बीच में मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है.
IMD WEATHER UPDATE: मार्च का महीना इस बार मौसम के लिहाज से काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा. महीने की शुरुआत में जहां तेज धूप ने लोगों को गर्मी का अहसास कराया, वहीं बीच मार्च में अचानक ठंड लौट आई. इसकी वजह लगातार एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस रहे, जिनकी वजह से कई इलाकों में बारिश और ठंडी हवाएं चलीं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, लगातार दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में इस पूरे सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है.
वहीं पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भी मौसम एक्टिव रहेगा. IMD के मुताबिक, यहां कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है.
अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा यूपी में मौसम ?
उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो अगले 4 दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन पश्चिमी यूपी में शुरुआत के 24 घंटों में 3 डिग्री सेल्सियस से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. वहीं न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे 2 डिग्री सेल्सियस से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है.
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम का हाल ?
पिछले 24 घंटों में देश के कई हिस्सों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. सबसे ज्यादा तापमान महाराष्ट्र के अकोला में 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. हालांकि कुछ राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे भी दर्ज किया गया. दिल्ली, बिहार और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से कम रहा. रात के तापमान की बात करें तो उत्तर भारत के कई इलाकों में यह 12 डिग्री सेल्सियस से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. वहीं देश के बाकी हिस्सों में यह 18 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.
राजधानी दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम ?
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ. इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. कई जगहों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी देखने को मिली. 25 मार्च को आंशिक बादल छाए रहेंगे. तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. 26 मार्च को मौसम बदलेगा. बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और 40 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चल सकती हैं. 27 मार्च को फिर से आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना है. इस दौरान हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिम से रहेगी और दोपहर में तेज हवाएं चल सकती हैं.
इसे भी पढ़ें- DELHI BUDGET 2026: रेखा गुप्ता ने पेश किया ₹103700 करोड़ का बजट, इन लोगों को फ्री में मिलेगी साइकिल
Latest Stories
DELHI BUDGET 2026: रेखा गुप्ता ने पेश किया ₹103700 करोड़ का बजट, इन लोगों को फ्री में मिलेगी साइकिल
PM मोदी ने बताया देश के स्ट्रैटेजिक रिजर्व में कितना तेल, वेस्ट एशिया संकट से चुनौतीपूर्ण समय, हमें तैयार रहना होगा
पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव पर मोदी सरकार अलर्ट, फ्यूल और पावर सप्लाई पर हाई लेवल मीटिंग; कई मंत्री शामिल
