कहीं बारिश तो कहीं तूफान का अलर्ट! आने वाले 4 दिनों में UP समेत इन 8 राज्यों में गिरेगा तापमान
अप्रैल की शुरुआत में मौसम काफी एक्टिव रहने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से यूपी, दिल्ली और उत्तर भारत में बारिश, आंधी और ओले पड़ने का दौर चलेगा. तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

IMD Weather Alert : अप्रैल की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है. दो मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले हैं, जिसकी वजह से यूपी, दिल्ली और कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और ओला गिरने का खतरा बन गया है. खासकर 3, 4 और 7 अप्रैल को मौसम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा.
उत्तर भारत में क्यों बदलेगा मौसम?
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से यह बदलाव देखने को मिल रहा है. यह सिस्टम ईरान और अफगानिस्तान के आसपास बना हुआ है और धीरे-धीरे भारत की ओर बढ़ रहा है. इसके साथ ही राजस्थान, झारखंड और दक्षिण भारत तक कई ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हैं. यही वजह है कि पूरे देश में मौसम अस्थिर हो गया है.
यूपी में अगले 7 दिन का मौसम
उत्तर प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक मौसम लगातार बदलता रहेगा. अगले 48 घंटों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है.
इसके बाद 3 दिनों में तापमान उतना ही गिर जाएगा. 4 और 5 अप्रैल को तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओला गिरने का खतरा है. जिसवजह से पूरे हफ्ते मौसम सामान्य से थोड़ा ठंडा रह सकता है.
किन राज्यों में ज्यादा असर?
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में इसका असर ज्यादा रहेगा. इनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में तेज हवाएं (50-70 kmph), बारिश और ओले का अलर्ट है.
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
हालांकि देश के कई हिस्सों में गर्मी अभी भी बनी हुई है. मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना जैसे राज्यों में तापमान 36°C से 41°C तक पहुंचा. सबसे ज्यादा तापमान अमरावती में 40.6°C रिकॉर्ड किया गया. वहीं कुछ राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे भी रहा.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी ने राजधानी दिल्ली के मौसम में तेजी से बदलने का अलर्ट जारी किया है. राजधानी में 4 अप्रैल को तेज हवाएं और बूंदाबांदी का संकेत मिला है. वहीं 5 अप्रैल को दिल्ली में बारिश और तेज हवा के चलने का अलर्ट है.
इसे भी पढ़ें- नौकरी बदलने में छूट गया HRA क्लेम? ITR में ऐसे करें सुधार, मिल जाएगा रिफंड, ये है प्रोसेस