UP-MP और पहाड़ी इलाकों में अगले पांच दिनों तक बारिश के आसार, दिल्ली में 28 डिग्री तक चढ़ेगा पारा
फरवरी के मध्य में दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से देश के मौसम में बदलाव के संकेत हैं. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 12 से 13 और 16 से 17 फरवरी को छिटपुट बारिश व बर्फबारी की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, पश्चिम यूपी और उत्तर राजस्थान में गरज-चमक का अलर्ट है. दिल्ली-NCR में तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है, जबकि कुछ राज्यों में कोहरा और उमस की चेतावनी जारी की गई है.
IMD WEATHER UPDATE: फरवरी के मध्य में देश का मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से पहाड़ी और कुछ मैदानी राज्यों में मौसम गतिविधियां तेज हो सकती हैं. खासतौर पर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ राज्यों में कोहरा, गरज-चमक और उमस भरे मौसम की चेतावनी जारी की गई है.
वेस्टर्न हिमालयी क्षेत्र में मौसम हलचल
मौसम विभाग के अनुसार, दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव में 12 और 13 फरवरी तथा 16 और 17 फरवरी 2026 को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है. पूर्वानुमान के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-में 12, 13, 16 और 17 फरवरी को छिटपुट बारिश या बर्फबारी हो सकती है. वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 से 18 फरवरी के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश या बर्फबारी के आसार हैं. अरुणाचल प्रदेश में 12, 14 और 15 फरवरी को हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है.
मैदानी राज्यों के लिए गरज-चमक का अलर्ट
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर राजस्थान के लिए 17 फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने की संभावना जताई है. इस दौरान मौसम में अचानक बदलाव महसूस किया जा सकता है. बादल छाने, हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
तापमान में क्या रहेगा बदलाव?
पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व भारत और मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है. देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई खास परिवर्तन की संभावना नहीं है.
कोहरे की चेतावनी
मेघालय में 13 फरवरी तक सुबह के समय अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है. वहीं, हिमाचल प्रदेश में 14 फरवरी तक घने कोहरे की स्थिति बन सकती है. कोहरे के चलते विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है, जिससे सड़क और हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है.
दिल्ली-NCR का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री की कमी देखी गई है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 25°C से 28°C और न्यूनतम तापमान 11°C से 12°C के आसपास रहा. अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया. 13 फरवरी 2026 आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है. अधिकतम तापमान 26°C से 28°C और न्यूनतम तापमान 10°C से 12°C के बीच रहने का अनुमान है. 14 फरवरी 2026मुख्य रूप से साफ आसमान रहेगा. सुबह हल्की धुंध संभव है. अधिकतम तापमान 27°C से 29°C और न्यूनतम तापमान 11°C से 13°C के बीच रह सकता है. वहीं 15 फरवरी 2026
आसमान साफ रहने की संभावना है. सुबह के समय धुंध रह सकती है. अधिकतम तापमान 27°C से 29°C और न्यूनतम तापमान 12°C से 14°C के बीच रहने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें- नौकरी छोड़ने के बाद EPF निकालने का फैसला सही या गलत? समझिए ब्याज, टैक्स और कंपाउंडिंग का पूरा खेल
फरवरी के इन दिनों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ सकता है. पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि कुछ मैदानी इलाकों में गरज-चमक और कोहरे का असर दिख सकता है. दिल्ली-NCR में तापमान सामान्य से ऊपर बने रहने के संकेत हैं.
