उत्तर भारत में करवट लेगा मौसम, UP-दिल्ली-हरियाणा-पंजाब में बारिश के आसार; पहाड़ों पर बर्फबारी के संकेत
पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में 17 और 18 फरवरी को हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जबकि सुबह-शाम ठंड का असर बना रहेगा.
Weather Update for 17 and 18 Feb: उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली, उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव साफ दिखाई देगा. आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, बीच-बीच में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है और कुछ जगहों पर गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 17 और 18 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ रहेगा. वहीं पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल सकती हैं और तापमान में हल्की गिरावट महसूस होगी.
दिल्ली-यूपी-पंजाब-हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 और 18 फरवरी को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, बूंदाबांदी या छींटे पड़ सकते हैं. कुछ जगहों पर बादल गरज सकते हैं और हल्की तेज हवाएं भी चल सकती हैं. हालांकि तेज या भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन बादलों के कारण दिन में धूप कम रहने से तापमान थोड़ा नीचे आ सकता है. सुबह और देर रात के समय ठंड का असर बना रहेगा, खासकर खुले इलाकों में ठंडी हवा महसूस होगी. मौसम में अचानक बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम या वायरल जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
गिरता गिर सकता है तापमान?
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में न्यूनतम तापमान लगभग 7 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात की ठंड थोड़ी कम लगेगी. इसके बाद फिर से तापमान में हल्की गिरावट संभव है. अधिकतम यानी दिन का तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास ही रहने की संभावना है और इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है.
पहाड़ों पर बर्फबारी का असर
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 से 19 फरवरी के बीच बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी का असर नीचे के मैदानी राज्यों तक भी पहुंचेगा. जब पहाड़ों से ठंडी हवाएं मैदानों की ओर चलती हैं, तो दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा में सुबह-शाम ठंड बढ़ जाती है. इसलिए लोगों को लग सकता है कि ठंड वापस लौट आई है, खासकर सुबह के समय और रात में.
कोहरे और उमस का अपडेट
पिछले 24 घंटों में ओडिशा के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई और यातायात प्रभावित हुआ. हालांकि फिलहाल दिल्ली, यूपी और आसपास के क्षेत्रों में घने कोहरे की कोई बड़ी चेतावनी नहीं दी गई है. सुबह हल्का कोहरा या धुंध जरूर देखने को मिल सकती है, लेकिन बहुत ज्यादा परेशानी की संभावना नहीं है. दूसरी ओर, देश के दक्षिण-पश्चिमी तटीय हिस्सों- खासकर तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है. यहां तापमान अधिक होने के साथ हवा में नमी भी ज्यादा रहेगी, जिससे चिपचिपी गर्मी महसूस हो सकती है. हालांकि इस स्थिति का उत्तर भारत के मौसम पर कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा.
ये भी पढ़ें- जनवरी में 9 महीने के उच्च स्तर पर थोक महंगाई, खाने-पीने की चीजें और मैन्युफैक्चरिंग लागत ने जेब पर डाला असर
