India-Pak T20 WC: भारत की जीत के दो हीरो, ईशान का तूफान, बुमराह का कहर; पाकिस्तान फिर साबित हुआ फिसड्डी

कोलंबो में खेले गए T20 विश्व कप मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 114 रन पर समेटकर शानदार जीत दर्ज की. ईशान किशन की विस्फोटक पारी और जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया. जानें कैसे पाकिस्तान के हाथ से फिसला मैच.

भारत ने पाकिस्तान को किया चित Image Credit: @PTI

India Pakistan T20 WC: भारत और पाकिस्तान के बीच T20 विश्व कप का हाई-वोल्टेज मुकाबला आखिरकार टीम इंडिया के नाम रहा. कोलंबो के मैदान पर खेले गए ग्रुप-A के इस अहम मैच में भारत ने हर विभाग में दमदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 114 रन पर ऑलआउट कर दिया और शानदार जीत दर्ज की. लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम कभी मुकाबले में लौट ही नहीं पाई. इस जीत में एक विस्फोटक बल्लेबाज और एक घातक गेंदबाज भारत के सबसे बड़े हीरो बनकर उभरे.

ईशान किशन की तूफानी पारी ने रखी जीत की नींव

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत में झटका लगा, जब अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए. लेकिन इसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और मैच का रुख बदल दिया. किशन ने पाकिस्तानी गेंदबाजों पर लगातार हमला बोलते हुए महज 40 गेंदों में 77 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे, जबकि स्ट्राइक रेट करीब 192 रहा. पावरप्ले में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को तेजी से आगे बढ़ाया और बड़े स्कोर की मजबूत नींव रख दी.

कप्तान सूर्यकुमार यादव (32 रन), तिलक वर्मा (25 रन), शिवम दुबे (27 रन) और रिंकू सिंह (11 रन) ने भी अहम योगदान दिया. 20 ओवर में भारत ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए और पाकिस्तान के सामने 176 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा.

गेंदबाजों ने पहले ही ओवर से तोड़ी पाकिस्तान की कमर

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में दिखी. पहला झटका शून्य के स्कोर पर ही लगा, जब हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को आउट कर दिया. इसके बाद विकेटों का सिलसिला लगातार जारी रहा. पावरप्ले के 6 ओवर में पाकिस्तान ने सिर्फ 38 रन बनाए और 4 विकेट गंवा दिए. जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए दो अहम विकेट लिए, जबकि हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को भी सफलता मिली. शुरुआती झटकों से पाकिस्तान की टीम कभी उबर नहीं पाई.

वरुण चक्रवर्ती ने भी किया कमाल

मिडिल ओवरों में स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने पाकिस्तान की बची-खुची उम्मीदों पर पानी फेर दिया. उन्होंने कुल 3 ओवर गेंदबाजी की. उसमें भी तीसरे ओवर में 2 विकेट झटक लिए. उस समय उनके पास हैट्रिक लेने का मौका भी था, लेकिन वह चूक गए. फिर भी उनकी कसी हुई गेंदबाजी ने रन गति को पूरी तरह रोक दिया.

बुमराह की सटीक गेंदबाजी ने फंसाया खेल

जसप्रीत बुमराह ने अपनी क्लास दिखाते हुए सटीक लाइन-लेंथ और दबाव भरी गेंदबाजी से पाकिस्तान को बड़े शॉट खेलने का मौका नहीं दिया. उन्होंने शुरुआती विकेट लेकर मैच का पूरा मोमेंटम भारत की ओर कर दिया.

हार्दिक ने लिया आखिरी विकेट

मैच का अंत भी उतना ही दमदार रहा. 18वें ओवर के आसपास संघर्ष कर रही पाकिस्तानी टीम आखिरकार 114 रन पर ऑलआउट हो गई. आखिरी विकेट हार्दिक पांड्या ने लेकर भारत की शानदार जीत पर मुहर लगा दी. पाकिस्तान लक्ष्य से काफी दूर रह गया और पूरी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने बेबस नजर आई.

भारत की जीत के दो सबसे बड़े हीरो

इस मुकाबले में अगर भारत की जीत के सबसे बड़े नायकों की बात करें, तो बल्लेबाजी में ईशान किशन और गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह सबसे आगे रहे. किशन की विस्फोटक पारी ने बड़ा स्कोर खड़ा करने की राह बनाई, जबकि बुमराह की घातक गेंदबाजी ने पाकिस्तान की रन-चेज को शुरुआत में ही पटरी से उतार दिया. हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, तिलक यादव, अक्सर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने भी शानदार सहयोग देकर जीत को एकतरफा बना दिया.

विस्तृत जानकारी के लिए लाइव कॉपी पढ़ें- India vs Pakistan T20 World Cup: भारत के सामने पाकिस्तान का सरेंडर, वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का विजय रथ जारी