NHAI का बड़ा प्लान! मार्च में आ सकता है Raajmarg InvIT IPO, ₹5700 करोड़ जुटाने की तैयारी; जानें डिटेल्स

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) अपने Raajmarg InvIT के जरिए करीब 5700 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. मार्च के पहले पखवाड़े में IPO आने की संभावना है, जिससे हाईवे प्रोजेक्ट को फंड मिलेगा और निवेशकों को इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में भागीदारी का मौका मिल सकता है.

NHAI Raajmarg InvIT का आईपीओ प्लान Image Credit: @Money9live

NHAI Raajmarg InvIT IPO: नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी NHAI ने अपने इंफ्रास्ट्रक्चर इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (InvIT) के जरिए बड़ा फंड जुटाने की तैयारी कर रहा है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, राजमार्ग इन्फ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (Raajmarg InvIT) का IPO अगले महीने, यानी मार्च के पहले पखवाड़े में लॉन्च किया जा सकता है. इस इश्यू के जरिए करीब 5700 करोड़ रुपये (लगभग 629 मिलियन डॉलर) जुटाने का लक्ष्य रखा गया है. हालांकि अंतिम तारीख, इश्यू का आकार और दूसरी शर्तें अभी तय नहीं हुई हैं और जरूरत पड़ने पर इनमें बदलाव भी हो सकता है.

ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रस्ट ने संभावित निवेशकों- जैसे बड़े फंड हाउस, बीमा कंपनियों और संस्थागत निवेशकों से बातचीत शुरू कर दी है, ताकि आईपीओ को सफल बनाया जा सके. आधिकारिक तौर पर अभी कोई विस्तृत घोषणा नहीं की गई है, लेकिन तैयारियां तेजी से चल रही हैं.

जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कहां होगा?

IPO से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल सड़क परियोजनाओं से जुड़े विशेष उद्देश्य वाहन (SPV) को वित्तीय सहायता देने में किया जाएगा. यह सहायता कर्ज या इक्विटी दोनों रूपों में हो सकती है. आसान शब्दों में कहें तो यह पैसा राष्ट्रीय राजमार्गों के संचालन, रखरखाव और विस्तार के लिए इस्तेमाल होगा, जिससे सड़क ढांचे को और मजबूत बनाया जा सके.

किसे मिलेगा निवेश का मौका?

आईपीओ के प्रॉस्पेक्टस के अनुसार, कुल इश्यू का लगभग 75 फीसदी हिस्सा संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित रहेगा. इसमें म्यूचुअल फंड, बीमा कंपनियां, बैंक और बड़े निवेश फंड शामिल होते हैं. बाकी 25 फीसदी हिस्सा गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए होगा, जिसमें हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स (HNI) और अन्य बड़े व्यक्तिगत निवेशक शामिल हो सकते हैं.

InvIT क्या होता है?

इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (InvIT) एक ऐसा निवेश माध्यम है, जिसके जरिए निवेशक सड़क, बिजली, ट्रांसमिशन लाइन या अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स से होने वाली आय में हिस्सेदारी ले सकते हैं. यह कुछ हद तक रियल एस्टेट के REIT की तरह काम करता है, लेकिन इसमें निवेश सड़क और एनर्जी जैसी परियोजनाओं में होता है. निवेशकों को आमतौर पर नियमित आय भी मिलती है.

भारत में InvIT बाजार

SEBI के आंकड़ों के अनुसार, देश में फिलहाल 29 इंफ्रास्ट्रक्चर इनवेस्टमेंट ट्रस्ट रजिस्टर्ड हैं. इनमें से कई पहले से शेयर बाजार में लिस्टेड हैं और निवेशकों के बीच लोकप्रिय भी हैं. प्रमुख लिस्टेड InvIT में IRB InvIT Fund, India Grid Trust, Powergrid Infrastructure Investment Trust, Indus Infra Trust और Capital Infra Trust शामिल हैं.

किन कंपनियों की भूमिका?

इस प्रस्तावित आईपीओ को लाने में कई बड़ी वित्तीय संस्थाएं सलाहकार के रूप में जुड़ी हुई हैं. इनमें SBI Capital Markets, Axis Bank, ICICI Securities और Motilal Oswal Investment Advisors शामिल हैं. ये संस्थाएं इश्यू की संरचना, कीमत निर्धारण और निवेशकों से संपर्क जैसे काम संभालेंगी.

ये भी पढ़ें- दिल्ली HC ने NSE IPO के लिए सेबी की मंजूरी को चुनौती देने वाली याचिका को किया खारिज, पब्लिक इश्यू लाने का रास्ता साफ

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.