भारत की दूसरी सबसे बड़ी बीयर कंपनी Carlsberg ला रही है IPO, 6650 करोड़ के इश्यू की तैयारी

दुनिया की प्रमुख बीयर कंपनियों में शामिल Carlsberg भारत में अपने कारोबार को शेयर बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी जून में IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल कर सकती है और इससे करीब 700 मिलियन डॉलर जुटाने की योजना है.

Carlsberg IPO Image Credit: Money9 Live

भारतीय शेयर बाजार में कमाई का एक और बड़ा मौका आने वाला है. दुनिया की मशहूर बीयर कंपनियों में से एक, कार्लसबर्ग (Carlsberg A/S), अपनी भारतीय यूनिट का आईपीओ (IPO) लाने की ताबड़तोड़ तैयारी कर रही है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इसी महीने यानी जून में इसके लिए ड्राफ्ट पेपर फाइल कर सकती है. इस आईपीओ के जरिए कंपनी बाजार से करीब 700 मिलियन डॉलर (लगभग 6,650 करोड़ रुपये) जुटाने की योजना बना रही है.

2026 में हो सकती है लिस्टिंग

सूत्रों के हवाले ले रिपोर्ट में बताया गया है कि कार्लसबर्ग इंडिया का यह आईपीओ मुख्य रूप से एक सेकेंडरी शेयर सेल (ओएफएस) हो सकता है, जिसमें पैरेंट कंपनी अपनी हिस्सेदारी बेचेगी. सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो इस साल के अंत तक या 2026 की शुरुआत में कंपनी शेयर बाजार में लिस्ट हो सकती है. हालांकि, अभी इस पर अंतिम फैसला होना बाकी है और आईपीओ के साइज या टाइमिंग में बदलाव भी हो सकता है.

कार्लसबर्ग ने इस मेगा आईपीओ को मैनेज करने के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल, जेपी मॉर्गन और सिटीग्रुप जैसे बड़े दिग्गजों को सलाहकार नियुक्त किया है.

भारत में दूसरी सबसे बड़ी बीयर कंपनी

साल 2007 में भारत में कदम रखने वाली कार्लसबर्ग आज देश की दूसरी सबसे बड़ी बीयर कंपनी है. भारतीय बीयर मार्केट में इसकी करीब 22% हिस्सेदारी है. मौजूदा समय में कंपनी देश भर में 14 ब्रुअरीज (बीयर बनाने की फैक्ट्रियां) संचालित कर रही है, जिनमें से 8 इसकी अपनी हैं और 6 कॉन्ट्रैक्ट पर काम करती हैं.

यह भी पढ़ें: बाजार क्रैश लेकिन चमका अडानी का ये शेयर, अर्जेंटीना के मेगा LNG प्रोजेक्ट से मिली 10 साल की बड़ी डील

शराब कंपनियों का भारत पर दांव

भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है. यहां बढ़ती खपत को देखते हुए विदेशी शराब कंपनियां भारतीय बाजार से तगड़ा मुनाफा कूटने की तैयारी में हैं. कार्लसबर्ग के अलावा, एब्सोल्यूट वोदका और चिवास रीगल बनाने वाली कंपनी ‘पेर्नोड रिकॉर्ड’ (Pernod Ricard) भी भारत में लिस्टिंग की संभावनाएं तलाश रही है. बाजार में कार्लसबर्ग की सीधी टक्कर यूनाइटेड ब्रुअरीज (UBL) से होगी, जिसकी मार्केट वैल्यू करीब 3.6 बिलियन डॉलर है.