बाजार क्रैश लेकिन चमका अडानी का ये शेयर, अर्जेंटीना के मेगा LNG प्रोजेक्ट से मिली 10 साल की बड़ी डील
गौतम अडानी की अगुवाई वाली अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन को अर्जेंटीना के पहले LNG एक्सपोर्ट प्रोजेक्ट के लिए 10 साल का मरीन सर्विसेज कॉन्ट्रैक्ट मिला है. यह डील कंपनी की दक्षिण अमेरिकी बाजार में मजबूत एंट्री मानी जा रही है.
Share Market Updates: गौतम अडानी की अगुवाई वाली अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (APSEZ) ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है. कंपनी को अर्जेंटीना के पहले लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) एक्सपोर्ट प्रोजेक्ट के लिए 10 साल का मरीन सर्विसेज कॉन्ट्रैक्ट मिला है. इस डील के साथ ही अडानी पोर्ट्स ने दक्षिण अमेरिकी बाजार में अपनी मजबूत एंट्री दर्ज करा दी है.
इस बड़ी और सकारात्मक खबर का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला. सोमवार को बाजार में चौतरफा गिरावट के बावजूद अडानी पोर्ट्स के शेयरों में मजबूती देखी गई और यह मामूली बढ़त के साथ ₹1,831 के स्तर पर कारोबार कर रहा था.
ग्लोबल टेंडर जीतकर हासिल किया कॉन्ट्रैक्ट
कंपनी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, यह कॉन्ट्रैक्ट ‘सदरन एनर्जी ऐसे’ (SESA) द्वारा निकाली गई एक वैश्विक प्रतिस्पर्धी निविदा (Global Tender) के जरिए जीता गया है. अडानी पोर्ट्स की सब्सिडियरी कंपनी ‘अडानी हार्बर इंटरनेशनल’ ने अर्जेंटीना के ‘मेरिडियन ग्रुप’ के साथ मिलकर एक कंसोर्टियम (गठबंधन) बनाया था, जिसे यह कामयाबी मिली है. इस काम को पूरा करने के लिए दोनों कंपनियों ने 51:49 की हिस्सेदारी के साथ ‘मेरिडियन ट्रांसपोर्ट्स मैरिटिमॉस ऐसे’ नाम से एक जॉइंट वेंचर बनाया है.
कंपनी को क्या करना होगा?
इस 10 साल के समझौते के तहत अडानी पोर्ट्स का कंसोर्टियम अर्जेंटीना में एंड-टू-एंड मरीन सर्विसेज मुहैया कराएगा. इसमें एलएनजी जहाजों के लिए टगबोट ऑपरेशन, ऑफशोर लॉजिस्टिक्स, सप्लाई सपोर्ट और क्रू ट्रांसफर सर्विसेज शामिल हैं. इस पूरे प्रोजेक्ट को संभालने के लिए कंपनी चार हाई-स्पेसिफिकेशन टगबोट्स, एक एंकर हैंडलिंग टग सप्लाई वेसल और एक क्रू बोट तैनात करेगी.
यह भी पढ़ें: TCS Shares Crash: अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल से सहमा आईटी सेक्टर, चार दिनों में 12% टूटे शेयर
2027 से भारत को मिलेगी गैस
अडानी पोर्ट्स के सीईओ अश्वनी गुप्ता ने कहा कि कंपनी के पास दुनिया के 12 देशों में मरीन ऑपरेशन का बेहतरीन अनुभव है, जिसका फायदा इस प्रोजेक्ट को मिलेगा. अर्जेंटीना दुनिया में एक बड़े एलएनजी सप्लायर के रूप में उभर रहा है. भारत और अर्जेंटीना के बीच एक समझौता भी हुआ है, जिसके तहत साल 2027 से अर्जेंटीना हर साल भारत को 10 मिलियन टन (MT) तक एलएनजी एक्सपोर्ट करेगा.
यह प्रोजेक्ट अर्जेंटीना के रियो नीग्रो प्रांत में ‘सैन मटियास गल्फ’ में स्थित है. इसके पहले फेज में सालाना 2.45 मिलियन टन एलएनजी का उत्पादन होने की उम्मीद है, जिससे हर साल लगभग 28 कमर्शियल कार्गो भेजे जा सकेंगे. इस प्रोजेक्ट का कमर्शियल ऑपरेशन सितंबर 2027 से शुरू होने की उम्मीद है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
3 शेयरों में खरीदारी का मौका, एक्सपर्ट ने बताए टारगेट और स्टॉप लॉस; जानें कितना हो सकता है फायदा
UPI Payment: नए MDR नियम से Paytm समेत इन Fintech शेयरों में आया उछाल, 7 फीसदी तक चढ़ें
NSE IPO: शेयर में ₹10 की हलचल से बदल जाएगी राधाकिशन दमानी की दौलत, जानिए पूरा गणित
