TCS Shares Crash: अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल से सहमा आईटी सेक्टर, चार दिन में 12% टूटे शेयर

भारत की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS के शेयरों में लगातार चौथे कारोबारी दिन गिरावट देखने को मिली. अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल और ब्याज दरों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच शेयर 12 फीसदी तक टूट चुका है.

टीसीएस Image Credit: @Tv9

अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में आई जोरदार तेजी ने भारतीय शेयर बाजार, खासकर आईटी सेक्टर की चिंताएं बढ़ा दी हैं. इस दबाव के चलते देश की सबसे बड़ी आईटी सेवा प्रदाता कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के शेयरों में सोमवार को भारी गिरावट देखी गई. बीएसई (BSE) पर कंपनी का शेयर 2% टूटकर ₹2,144 के इंट्राडे लो पर आ गया. पिछले सिर्फ चार कारोबारी सत्रों में यह स्टॉक 12% तक टूट चुका है. वहीं बीते एक वर्ष में इसमें 36 फीसदी की गिरावट आई है.

आईटी सेक्टर पर क्यों मंडरा रहा है खतरा?

दरअसल, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से इस बात की आशंका गहरी हो गई है कि फेडरल रिजर्व इस साल के आखिर में ब्याज दरों में फिर बढ़ोतरी कर सकता है. जब भी अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने के संकेत मिलते हैं, भारतीय आईटी कंपनियों के लिए मुश्किलें बढ़ जाती हैं. इसकी वजह से अमेरिकी क्लाइंट्स अपने आईटी बजट में कटौती करने लगते हैं और नए प्रोजेक्ट्स के बजाय कॉस्ट कटिंग पर ध्यान देते हैं. साथ ही, विदेशी निवेशक (FIIs) भी भारतीय बाजार से पैसा निकालकर अमेरिकी बाजार का रुख करने लगते हैं.

इसके अलावा, साल 2026 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से होते विकास ने भी आईटी सेक्टर की चिंता बढ़ाई है. निवेशकों को डर है कि एआई कहीं पारंपरिक सॉफ्टवेयर सर्विस बिजनेस मॉडल को नुकसान न पहुंचा दे.

यह भी पढ़ें: पानी से बनेगा पैसा! ₹1.7 लाख करोड़ के मौके पर नजर, ये 2 कंपनियां बन सकती हैं गेमचेंजर; दिया 424% तक का रिटर्न

शानदार रहे चौथी तिमाही के नतीजे

एक तरफ जहां शेयर बाजार में टीसीएस का प्रदर्शन कमजोर दिख रहा है, वहीं कंपनी के कारोबारी नतीजे मजबूत रहे हैं. चौथी तिमाही (Q4) में टीसीएस का शुद्ध मुनाफा 12% बढ़कर ₹13,718 करोड़ रहा, जबकि रेवेन्यू 10% की बढ़त के साथ ₹70,698 करोड़ पर पहुंच गया. इस तिमाही में कंपनी ने $12 बिलियन (12 अरब डॉलर) की भारी-भरकम डील हासिल की हैं और अपने शेयरधारकों के लिए ₹31 प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का भी ऐलान किया है.

साफ है कि कंपनी का बिजनेस फंडामेंटली मजबूत है, लेकिन वैश्विक परिस्थितियों और तकनीकी चार्ट पर कमजोरी को देखते हुए निवेशकों को अभी थोड़ा इंतजार करना चाहिए.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.