23 फरवरी को खुलेगा इस रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी का IPO, टूट रहा GMP; जानें लिस्टिंग और कंपनी की पूरी डिटेल्स
भारत की प्रमुख क्लीन एनर्जी कंपनी Clean Max Enviro Energy Solutions का IPO 23 से 25 फरवरी 2026 तक खुला रहेगा. 1,000 रुपये से 1,053 रुपये के प्राइस बैंड वाले इस इश्यू को लेकर ग्रे मार्केट में उत्साह सीमित है, जबकि कंपनी के पास लगभग 5 गीगावॉट का मजबूत रिन्यूएबल एनर्जी पोर्टफोलियो है. जानें इश्यू खुलने से पहले इसके बारे में.
Clean Max Enviro Energy Solutions IPO GMP: भारत की प्रमुख रिन्यूएबल एनर्जी सॉल्यूशन कंपनी Clean Max Enviro Energy Solutions अपना बहुप्रतीक्षित IPO लेकर आ रही है, जो 23 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक निवेश के लिए खुला रहेगा. कंपनी ने अपने शेयरों का प्राइस बैंड 1,000 रुपये से 1,053 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया है. हालांकि इश्यू खुलने से पहले ग्रे मार्केट में इसके प्रति उत्साह काफी सीमित दिखाई दे रहा है. मौजूदा समय में इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम लगभग 4 रुपये प्रति शेयर के आसपास है, जिससे संभावित लिस्टिंग कीमत करीब 1057 रुपये बैठती है.
IPO के बारे में जानकारियां
इस IPO का कुल आकार लगभग 3,100 करोड़ रुपये रखा गया है, जिसमें 1,200 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 1,900 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल शामिल है. कंपनी ने पहले प्रस्तावित लगभग 5,200 करोड़ रुपये के इश्यू को घटाकर यह नया साइज तय किया है, जिससे संकेत मिलता है कि कंपनी ने अपनी पूंजी जुटाने की रणनीति को व्यावहारिक रूप से समायोजित किया है. ऑफर फॉर सेल के माध्यम से प्रमोटर कुलदीप जैन सहित कई बड़े निवेशक जैसे Brookfield की BGTF One Holdings, KEMPINC, Augment India I Holdings और DSDG Holding APS अपनी आंशिक हिस्सेदारी बेचेंगे. इससे कंपनी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में बदलाव आने की संभावना है.
GMP का हाल?
कंपनी के GMP में लगातार गिरावट आ रही है. 21 फरवरी की दोपहर तक, इश्यू का जीएमपी 4 रुपये पर ट्रेड रहा था. 3 दिन पहले यानी 19 फरवरी को यह 3 रुपये और उससे पहले 9 रुपये और 14 रुपये पर भी था. मौजूदा जीएमपी के मुताबिक, लिस्टिंग के साथ निवेशकों को प्रति शेयर 0.38 फीसदी यानी 4 रुपये का मुनाफा हो सकता है. वहीं लिस्टिंग के साथ निवेशकों को प्रति लॉट 56 रुपये की कमाई हो सकती है.
एंकर निवेशक के लिए पहले खुलेगा इश्यू
एंकर निवेशकों के लिए हिस्सा पब्लिक इश्यू से पहले 20 फरवरी को खोला गया, जिसे बाजार आमतौर पर संस्थागत निवेशकों के भरोसे का संकेत मानता है. IPO की प्रक्रिया के अनुसार, शेयर आवंटन 26 फरवरी को अंतिम रूप से तय होने की संभावना है. जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उन्हें उसी दिन रिफंड मिल सकता है, जबकि सफल आवेदकों के डीमैट खाते में शेयर 27 फरवरी तक जमा हो जाएंगे. कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 2 मार्च 2026 को बीएसई और एनएसई पर होने की योजना है, बशर्ते सभी नियामकीय अनुमतियां समय पर मिल जाएं.
IPO से पहले भी कंपनी ने जुटाए पैसे
रिटेल निवेशकों के लिए इस IPO में न्यूनतम निवेश एक लॉट यानी 14 शेयरों का है. ऊपरी प्राइस बैंड पर इसकी लागत 14,742 रुपये बैठती है, और इसके बाद आवेदन लॉट के गुणकों में किया जा सकता है. IPO से पहले कंपनी ने लगभग 1,185 करोड़ रुपये की राशि अलग-अलग प्राथमिक और द्वितीयक सौदों के माध्यम से जुटाई है. इसमें से करीब 296.8 करोड़ रुपये वैश्विक निवेशकों, जैसे Temasek की Jongsong Investments और Bain Capital Advisors, से प्राप्त हुए.
6 फरवरी को Jongsong Investments को 1,053 रुपये प्रति शेयर की दर से नए शेयर जारी किए गए, जबकि उसी दिन Brookfield और KEMPINC ने लगभग 7.94 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर करीब 888 करोड़ रुपये जुटाए. ये सौदे दर्शाते हैं कि IPO से पहले भी कंपनी में बड़े निवेशकों की सक्रिय भागीदारी बनी रही.
कंपनी के बारे में
कंपनी का व्यवसाय मुख्य रूप से इंडस्ट्रियल और कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को क्लीन एनर्जी उपलब्ध कराने पर केंद्रित है और इस क्षेत्र में यह भारत की लीडिंग कंपनियों में गिनी जाती है. मार्च 2025 तक Clean Max Enviro के पास लगभग 2.54 गीगावॉट की ऑपरेशनल कैपेसिटी थी, जबकि जुलाई 2025 तक अतिरिक्त 2.53 गीगावॉट कैपेसिटी निर्माणाधीन या भविष्य की प्रोजेक्ट के रूप में सुरक्षित थी. इस प्रकार कंपनी का कुल एनर्जी पोर्टफोलियो लगभग 5 गीगावॉट के आसपास पहुंचता है, जो इसके मजबूत विस्तार और बढ़ती मांग को दर्शाता है. रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में सरकारी इंसेंटिव और कॉरपोरेट सेक्टर की बढ़ती ग्रीन एनर्जी की जरूरत कंपनी के लिए लॉन्ग टर्म के मौका पैदा करती हैं.
ये भी पढ़ें- SBI Mutual Fund IPO पर बड़ा अपडेट! मार्च तक DRHP और सितंबर तक लिस्टिंग की तैयारी, पढ़ें पूरी डिटेल्स
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
